मुख्य सामग्री पर जाएं
शनिवार, 28 नवंबर 2026

शिमला पुलिस का 'ऑपरेशन क्लीन': आदतन नशा तस्कर कुलदीप मोनू गिरफ्तार, अब तक 39 तस्करों पर लगा PIT-NDPS

सार

हिमाचल प्रदेश की राजधानी में नशे के सौदागरों के खिलाफ शिमला पुलिस ने अपने अभियान को और अधिक आक्रामक बना दिया है।

2 मिनट
शिमला पुलिस का 'ऑपरेशन क्लीन': आदतन नशा तस्कर कुलदीप मोनू गिरफ्तार, अब तक 39 तस्करों पर लगा PIT-NDPS

शिमला

हिमाचल प्रदेश की राजधानी में नशे के सौदागरों के खिलाफ शिमला पुलिस ने अपने अभियान को और अधिक आक्रामक बना दिया है। नशे के काले कारोबार में बार-बार संलिप्त रहने वाले अपराधियों के विरुद्ध पुलिस अब PIT-NDPS Act (स्वापक औषधि और मन:प्रभावी पदार्थ अवैध व्यापार निवारण अधिनियम) का प्रभावी इस्तेमाल कर रही है।

इसी कड़ी में, शिमला पुलिस ने शातिर और आदतन नशा तस्कर कुलदीप ठाकुर उर्फ मोनू को गिरफ्तार कर आदर्श कारागार कंडा भेज दिया है।

मूल रूप से मंडी के धर्मपुर का निवासी और वर्तमान में शिमला के लोअर विकासनगर में सक्रिय 36 वर्षीय कुलदीप मोनू के खिलाफ हिमाचल प्रदेश सरकार ने 'निरोधात्मक डिटेंशन' (Preventive Detention) के आदेश जारी किए थे।

यह कार्रवाई धारा 3(1) PIT-NDPS Act के तहत अमल में लाई गई है, जिसका उद्देश्य ऐसे अपराधियों को समाज और सार्वजनिक स्थलों से दूर रखना है ताकि वे दोबारा अपराध न कर सकें। इस कानून के तहत आरोपी को लंबी अवधि तक बिना जमानत के हिरासत में रखा जा सकता है।

कुलदीप मोनू का आपराधिक इतिहास काफी लंबा है, जो उसकी अपराध पुनरावृत्ति की प्रवृत्ति को साफ दर्शाता है। उसके खिलाफ पिछले दो वर्षों में शिमला के विभिन्न थानों में कई गंभीर मामले दर्ज हैं।

इसमें जुलाई 2023 में 14 ग्राम हेरोइन, फरवरी 2025 में 3.36 ग्राम हेरोइन और ₹1.50 लाख नगद, जून 2025 में 22 ग्राम चिट्टा और अगस्त 2025 में 5.48 ग्राम हेरोइन के साथ ₹40,000 की बरामदगी शामिल है। बार-बार जेल जाने के बावजूद वह इस अवैध धंधे को छोड़ने को तैयार नहीं था।

शिमला पुलिस द्वारा लागू किया जा रहा यह विशेष कानून उन तस्करों के लिए काल साबित हो रहा है जो जमानत पर बाहर आने के बाद फिर से तस्करी के नेटवर्क में सक्रिय हो जाते हैं।

पुलिस विभाग ने स्पष्ट किया है कि नशे की चेन को तोड़ने के लिए ऐसे आदतन अपराधियों को चिह्नित कर उनके खिलाफ सरकार के माध्यम से कड़े डिटेंशन ऑर्डर लिए जा रहे हैं। जिला पुलिस शिमला के अनुसार, नशा मुक्त अभियान के तहत यह कार्रवाई अपराधियों के मनोबल को तोड़ने का काम कर रही है।

जिला शिमला पुलिस की इस सख्ती का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि अब तक कुल 39 आरोपियों को PIT-NDPS Act के कड़े प्रावधानों के अंतर्गत गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि नशा तस्करी में संलिप्त अपराधियों के विरुद्ध यह कार्रवाई भविष्य में भी निरंतर जारी रहेगी। पुलिस का मुख्य लक्ष्य यह सुनिश्चित करना है कि आदतन अपराधी समाज की शांति भंग न कर सकें और युवा पीढ़ी को इस दलदल से बचाया जा सके।

इस खबर को शेयर करें