मुख्य सामग्री पर जाएं
शनिवार, 28 नवंबर 2026

शिलाई में बाइक सवार को लगी गोली, 8 घंटे तक हादसा समझते रहे परिजन; हेलमेट में मिली गोली से खुला मौत का राज

सार

सिरमौर जिले के शिलाई उपमंडल में बाइक पर जा रहे 55 वर्षीय खजान सिंह की गोली लगने से मौत हो गई। गोली उनके सिर को चीरकर बाइक चला रहे चचेरे भाई के हेलमेट में जा धंसी। हैरानी की बात यह रही कि करीब आठ घंटे तक परिजन इसे हादसा समझते रहे। शाम को हेलमेट में गोली मिलने के बाद मामले का खुलासा हुआ।

TV Incharge

3 मिनट
शिलाई में बाइक सवार को लगी गोली, 8 घंटे तक हादसा समझते रहे परिजन; हेलमेट में मिली गोली से खुला मौत का राज

खजान सिंह की सिर में गोली लगने से मौत, बाइक चला रहा चचेरा भाई रविंद्र बाल-बाल बचा; पुलिस हर पहलू से कर रही जांच

हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले के शिलाई उपमंडल में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां बाइक पर सवार एक व्यक्ति की गोली लगने से मौत हो गई, लेकिन घटना के दौरान न तो गोली चलने की आवाज सुनाई दी और न ही बाइक चला रहे व्यक्ति को इसका अहसास हुआ।

करीब आठ घंटे तक परिजन इसे सड़क हादसा समझते रहे। शाम को बाइक चालक के हेलमेट में गोली मिलने के बाद पूरे घटनाक्रम का खुलासा हुआ। इस घटना में 55 वर्षीय खजान सिंह की मौत हो गई, जबकि बाइक चला रहा उनका चचेरा भाई रविंद्र बाल-बाल बच गया।

जानकारी के अनुसार, शिलाई उपमंडल की पंचायत कोटी उतरोऊ के आवत गांव के समीप मंगलवार सुबह यह घटना हुई। खजान सिंह निवासी जामु कोटी (रेणुकाजी) अपने चचेरे भाई रविंद्र (30) के साथ बाइक पर घर लौट रहे थे।

दोनों एक गांव में मेहमाननवाजी के बाद वहां से निकले थे। इसी दौरान अचानक पीछे बैठे खजान सिंह अचेत होकर बाइक से नीचे गिर पड़े। रविंद्र को न तो गोली चलने की आवाज सुनाई दी और न ही इस बात का अंदेशा हुआ कि उनके चचेरे भाई को गोली लगी है। शुरुआत में इसे पत्थर लगने से हुई चोट समझा गया।

इसके बाद खजान सिंह को उपचार के लिए पांवटा साहिब अस्पताल पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए चंडीगढ़ पीजीआई रेफर कर दिया, लेकिन उन्होंने रास्ते में ही दम तोड़ दिया।

घटना का रहस्य शाम करीब चार बजे उस समय खुला, जब रविंद्र ने अपना हेलमेट देखा। हेलमेट पर गोली का निशान था और उसके भीतर गोली फंसी हुई मिली। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, गोली पीछे बैठे खजान सिंह के सिर को चीरते हुए निकली और बाइक चला रहे रविंद्र के हेलमेट में जा धंसी। रविंद्र ने भी चोट लगने की बात बताई है।

हेलमेट में गोली मिलने के बाद पुलिस को सूचना दी गई। शिलाई थाना प्रभारी की अगुवाई में पुलिस टीम मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल नाहन पहुंच रही थी, जहां मृतक के परिजनों और संबंधित पक्षों के बयान दर्ज किए जाने थे। खबर लिखे जाने तक पुलिस ने मामला दर्ज नहीं किया था। पुलिस का कहना है कि बयानों के आधार पर आगामी कार्रवाई करते हुए मामला दर्ज किया जाएगा।

पुलिस अधीक्षक एनएस नेगी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों और गोली लगने से जुड़े तथ्यों की पुष्टि हो सकेगी। फिलहाल पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।

follow us on facebook
subscribe to us on youtube

इस खबर के विषय

इस खबर को शेयर करें