नगर परिषद मैदान में पटाखों की दुकानों के पास फायर टेंडर और जवानों की विशेष तैनाती, शहर के फायर हाइड्रेंट और उपकरणों की जांच पूरी
दीपावली पर्व के दौरान आतिशबाजी और दीयों से होने वाली संभावित आगजनी की घटनाओं से निपटने के लिए अग्निशमन विभाग पूरी तरह अलर्ट हो गया है। त्योहार के मद्देनजर विभाग ने सुरक्षा तैयारियां पूरी कर ली हैं। शहर में आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए दमकल कर्मियों की तैनाती की गई है, वहीं सभी आवश्यक उपकरणों और फायर हाइड्रेंट की जांच भी पूरी कर ली गई है।
पटाखों की दुकानों के पास 24 घंटे तैनात रहेंगे दमकल कर्मी
मीडिया से बातचीत में पांवटा साहिब अग्निशमन विभाग के सहायक अग्निशमन अधिकारी विनोद कुमार ने बताया कि दीपावली को लेकर विभाग पूरी तरह तैयार है। उच्च अधिकारियों के निर्देशों के बाद सभी दमकल कर्मियों की छुट्टियां बंद कर दी गई हैं, ताकि जरूरत पड़ने पर तुरंत कार्रवाई की जा सके।
उन्होंने बताया कि पटाखों की बिक्री के लिए निर्धारित नगर परिषद मैदान में विशेष सुरक्षा व्यवस्था की गई है। यहां पटाखों की दुकानों के नजदीक एक फायर टेंडर और दमकल जवानों की 24 घंटे तैनाती रहेगी, जिससे किसी भी आपात स्थिति में तुरंत कार्रवाई की जा सके।
शहर के फायर हाइड्रेंट और उपकरणों की जांच पूरी
विनोद कुमार ने बताया कि दीपावली की रात आतिशबाजी और दीयों के कारण अक्सर रिहायशी और व्यावसायिक क्षेत्रों में आगजनी की घटनाएं सामने आती हैं। इसे देखते हुए शहर के मुख्य बाजारों और संवेदनशील संकरी गलियों के आसपास लगे फायर हाइड्रेंट की जांच कर ली गई है।
उन्होंने कहा कि विभाग ने सभी आवश्यक उपकरणों को भी जांच लिया है, ताकि आगजनी की किसी भी घटना पर समय रहते काबू पाया जा सके।
सुरक्षित दीपावली मनाने की अपील
सहायक अग्निशमन अधिकारी ने शहरवासियों से अपील की कि वे दीपावली का त्योहार सावधानी और सुरक्षित तरीके से मनाएं। आतिशबाजी करते समय सुरक्षा का विशेष ध्यान रखें, ताकि त्योहार के दौरान किसी भी तरह की अप्रिय घटना न हो।
follow us on facebook
subscribe to us on youtube