मुख्य सामग्री पर जाएं
शनिवार, 28 नवंबर 2026

परवाणू में तेज रफ्तार कार का कहर, सड़क पर काम कर रहे मजदूरों को कुचला, एक की मौत

सार

परवाणू के टीटीआर के पास तेज रफ्तार कार डिवाइडर से टकराकर दूसरी लेन में जा घुसी और सड़क पर काम कर रहे तीन मजदूरों को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में 65 वर्षीय मजदूर की मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायल हो गए।

TV Incharge

2 मिनट
परवाणू में तेज रफ्तार कार का कहर, सड़क पर काम कर रहे मजदूरों को कुचला, एक की मौत

टीटीआर के पास डिवाइडर से टकराकर दूसरी लेन में पहुंची कार, हादसे में दो मजदूर घायल; मृतक बिहार के पूर्णिया का निवासी

हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले के परवाणू में टीटीआर के पास मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा पेश आया। सोलन से चंडीगढ़ की ओर जा रही तेज रफ्तार पंजाब नंबर की कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई और दूसरी लेन में जा पहुंची। इस दौरान सड़क पर काम कर रहे तीन मजदूर कार की चपेट में आ गए। हादसे में एक मजदूर की मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायल हो गए।

जानकारी के अनुसार हादसे में शामिल कार का नंबर पीबी-02-बीए-6861 बताया जा रहा है। कार की चपेट में आने से तीनों मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय स्तर पर घायलों को उपचार के लिए ईएसआई अस्पताल परवाणू पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने एक मजदूर को मृत घोषित कर दिया।

मृतक की पहचान 65 वर्षीय सुकाड़ी ऋषि निवासी पूर्णिया, बिहार के रूप में हुई है। वहीं, हादसे में घायल दो अन्य मजदूरों का अस्पताल में उपचार किया गया। डीएसपी परवाणू अनिल शर्मा ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।

follow us on facebook
subscribe to us on youtube

इस खबर के विषय

इस खबर को शेयर करें