अंतरराष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव से पहले पुल शुरू होने की उम्मीद बढ़ी, जमीन मालिकों को न्यायालय के माध्यम से मिलेगी मुआवजा राशि
हिमाचल प्रदेश के मंडी शहर में पुरानी मंडी को पड्डल और शहर से जोड़ने वाले सस्पेंशन फुट ब्रिज के शुरू होने का रास्ता साफ होता नजर आ रहा है। प्रदेश सरकार ने पुल के दोनों ओर की निजी जमीन के मुआवजे के लिए 5.80 करोड़ रुपये की पहली किस्त जारी कर दी है।
लंबे समय से मुआवजे के कारण अटके इस प्रोजेक्ट के आगे बढ़ने की उम्मीद बढ़ गई है। अब लोक निर्माण विभाग यह राशि न्यायालय में जमा करवाएगा, जहां से दोनों ओर के जमीन मालिकों को मुआवजा जारी किया जाएगा। इसके बाद पुल के अप्रोच का कार्य शुरू हो सकेगा।
वर्ष 2018 में 5.03 करोड़ रुपये की लागत से 118 मीटर लंबे पुरानी मंडी-पड्डल सस्पेंशन फुट ब्रिज का निर्माण शुरू हुआ था। संबंधित ठेकेदार ने पुल का निर्माण निर्धारित समय पर पूरा कर दिया था, लेकिन पुल के दोनों ओर की जमीन निजी होने के कारण मामला अटक गया।
जमीन मालिकों को मुआवजा नहीं मिलने के चलते काम रुकवा दिया गया और मामला न्यायालय तक पहुंच गया। दोनों ओर की जमीन के लिए करीब आठ करोड़ रुपये का मुआवजा बन रहा था।
सरकार ने जारी की 5.80 करोड़ रुपये की पहली किस्त
इस मामले को विधायक अनिल शर्मा ने भी उठाया था। अब प्रदेश सरकार की ओर से लोक निर्माण विभाग को 5.80 करोड़ रुपये की पहली किस्त जारी की गई है। विभाग इस राशि को न्यायालय में जमा करवाएगा और इसके बाद न्यायालय के माध्यम से दोनों जमीन मालिकों को भुगतान किया जाएगा। मुआवजे की प्रक्रिया पूरी होने के बाद पुल के अप्रोच मार्ग का कार्य आगे बढ़ने की उम्मीद है।
पुल चालू होने से 3 किलोमीटर का सफर होगा कम
पुरानी मंडी-पड्डल पुल के सुचारू रूप से शुरू होने पर पुरानी मंडी से पड्डल और शहर तक आने-जाने में करीब तीन किलोमीटर का सफर कम हो जाएगा। छोटे वाहन भी इस मार्ग से आसानी से आ-जा सकेंगे।
फिलहाल पुरानी मंडी से शहर पहुंचने के लिए लोगों को नए विक्टोरिया पुल या भ्यूली पुल से होकर गुजरना पड़ता है। ऐसे में नया पुल चालू होने से लोगों को सीधा रास्ता मिलेगा और शहर में यातायात जाम की समस्या से राहत मिलने की उम्मीद है।
पुल के लिए मुआवजा राशि जारी होने के बाद अब इसकी शेष प्रक्रिया पूरी होने का इंतजार है। अंतरराष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव से पहले पुल शुरू होने की संभावना को लेकर भी उम्मीद बढ़ी है।
follow us on facebook
subscribe to us on youtube