कांग्रेस में गुटबाजी को लेकर भी साधा निशाना, बोले—विक्रमादित्य सिंह, मुकेश अग्निहोत्री और सुखविंदर सिंह सुक्खू के अलग-अलग गुट
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के राजनीति में बाद में आने संबंधी बयान पर भाजपा सांसद हर्ष महाजन ने पलटवार किया है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा, “सारी दुनिया जानती है, गुरु गुरु है, चेला चेला है। इससे आगे मैं कुछ नहीं बोलना चाहता।”
हर्ष महाजन ने कहा कि लोगों को दोनों की जन्मतिथि और राजनीतिक सफर के बारे में जानकारी है। किसने कब राजनीति में प्रवेश किया और किसका राजनीतिक सफर कब शुरू हुआ, यह भी जनता जानती है।
भाजपा सांसद ने मुख्यमंत्री सुक्खू पर झूठ बोलने के आरोप लगाते हुए कहा कि उन्हें इसकी आदत हो गई है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जहां जाते हैं, वहां कुछ कहते हैं, लेकिन होता कुछ और है। हर्ष महाजन के शब्दों में, “बोलते कुछ हैं, होता कुछ है। अब इनकी आदत बन चुकी है। ये अब जनता ही डिसाइड करेगी कि कौन क्या है।”
कांग्रेस में गुटबाजी को लेकर साधा निशाना
हर्ष महाजन ने कांग्रेस के भीतर गुटबाजी का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि सदन और प्रदेश की राजनीति में पार्टी के अंदरूनी मतभेद दिखाई देते हैं। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस में कई गुट सक्रिय हैं।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस में एक गुट विक्रमादित्य सिंह का, दूसरा उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री का और तीसरा मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू का है। इसके अलावा उन्होंने कांगड़ा क्षेत्र के नेताओं के भी अलग-अलग समूह होने का दावा किया।
भाजपा को बताया अनुशासित पार्टी
हर्ष महाजन ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए भाजपा को अनुशासित पार्टी बताया। उन्होंने कहा कि भाजपा में शीर्ष नेतृत्व की ओर से जो निर्णय लिया जाता है, पार्टी उसी के अनुसार आगे बढ़ती है।
उन्होंने दावा किया कि भाजपा में गुटबाजी नहीं है और पार्टी को कांग्रेस के आंतरिक मामलों में जाने की जरूरत नहीं है।
follow us on facebook
subscribe to us on youtube