मुख्य सामग्री पर जाएं
शनिवार, 28 नवंबर 2026

जगत सिंह नेगी की टिप्पणी पर भाजपा का ऐतराज, शैलेन्द्र बोले- सरकार की आलोचना लोकतांत्रिक अधिकार, सेना का सम्मान सर्वोपरि

सार

भाजपा सोलन शहरी मंडल अध्यक्ष शैलेन्द्र ने मंत्री जगत सिंह नेगी की भारत-पाकिस्तान के संदर्भ में की गई टिप्पणी पर आपत्ति जताई है। उन्होंने कहा कि सरकार की आलोचना करना लोकतांत्रिक अधिकार है, लेकिन भारतीय सेना के सम्मान और राष्ट्रीय स्वाभिमान को राजनीतिक विवाद का विषय नहीं बनाया जाना चाहिए। उन्होंने मुख्यमंत्री की भूमिका पर भी सवाल उठाए।

TV Incharge

2 मिनट
जगत सिंह नेगी की टिप्पणी पर भाजपा का ऐतराज, शैलेन्द्र बोले- सरकार की आलोचना लोकतांत्रिक अधिकार, सेना का सम्मान सर्वोपरि

भाजपा सोलन शहरी मंडल अध्यक्ष ने मुख्यमंत्री की भूमिका पर भी उठाए सवाल, मंत्री और मुख्यमंत्री से बयान पर पक्ष स्पष्ट करने की मांग

भारतीय जनता पार्टी सोलन शहरी मंडल के अध्यक्ष शैलेन्द्र ने हिमाचल प्रदेश सरकार के मंत्री जगत सिंह नेगी की भारत-पाकिस्तान के संदर्भ में की गई टिप्पणी पर आपत्ति जताई है।

25 नवंबर को जारी बयान में उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में सरकार की नीतियों और फैसलों की आलोचना करना प्रत्येक नागरिक का अधिकार है, लेकिन राजनीतिक विरोध के दौरान देश के राष्ट्रीय स्वाभिमान, भारतीय सेना के सम्मान और राष्ट्र की प्रतिष्ठा को विवाद का विषय बनाना उचित नहीं है।

शैलेन्द्र ने कहा कि भारत और पाकिस्तान के बीच सैन्य संघर्ष या अंतरराष्ट्रीय तनाव के समय भारतीय सेना के शौर्य और पराक्रम पर राजनीति नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि भारतीय सेना देश की 140 करोड़ जनता के विश्वास, सम्मान और गौरव का प्रतीक है। उनके अनुसार, सेना के पराक्रम को राजनीतिक नजरिए से देखना उचित नहीं है।

उन्होंने आरोप लगाया कि किसी राजनीतिक दल की हार-जीत या दूसरे देश की सैन्य क्षमता की तुलना करते हुए ऐसी टिप्पणियां करना, जिनसे राष्ट्रीय स्वाभिमान को ठेस पहुंचे, सार्वजनिक पद पर बैठे व्यक्ति को शोभा नहीं देता।

भाजपा मंडल अध्यक्ष ने इस मामले में मुख्यमंत्री की भूमिका पर भी सवाल उठाए। उन्होंने दावा किया कि मुख्यमंत्री ने मंत्री जगत सिंह नेगी की टिप्पणी से सहमति जताई थी। शैलेन्द्र ने कहा कि मुख्यमंत्री जैसे संवैधानिक पद पर बैठे व्यक्ति से राष्ट्रीय स्वाभिमान, भारतीय सेना के सम्मान और देश की प्रतिष्ठा से जुड़े मामलों में जिम्मेदारी और गंभीरता की अपेक्षा की जाती है।

शैलेन्द्र ने कहा कि राजनीति अपनी जगह है, लेकिन राष्ट्र सर्वोपरि है। सरकारें आती-जाती रहती हैं और राजनीतिक दलों के विचार अलग हो सकते हैं, लेकिन भारत की संप्रभुता, सेना का सम्मान और राष्ट्रीय स्वाभिमान सबसे ऊपर हैं। उन्होंने मंत्री जगत सिंह नेगी और मुख्यमंत्री से इस विषय पर अपना पक्ष स्पष्ट करने तथा देश की भावनाओं का सम्मान करने की मांग की।

follow us on facebook
subscribe to us on youtube

इस खबर के विषय

इस खबर को शेयर करें