उच्च शिक्षा निदेशक सुनीता सिंह ने किया शुभारंभ, 1500 मीटर दौड़ में वल्लभ कॉलेज के ईशान ठाकुर ने हासिल किया पहला स्थान
सरदार पटेल विश्वविद्यालय की अंतर-महाविद्यालय वार्षिक एथलेटिक मीट-2026 का शुभारंभ वल्लभ राजकीय महाविद्यालय, मंडी में भव्य समारोह के साथ हुआ। हिमाचल प्रदेश सरकार की उच्च शिक्षा निदेशक सुनीता सिंह ने प्रतियोगिता का विधिवत शुभारंभ किया।
इस अवसर पर महाविद्यालय परिसर खेल भावना, उत्साह, अनुशासन और राष्ट्रप्रेम के रंगों से सराबोर नजर आया। प्रतियोगिता में विभिन्न महाविद्यालयों के 160 से अधिक खिलाड़ी भाग ले रहे हैं।
समारोह का मुख्य आकर्षण एनसीसी वायु सेना विंग, मंडी के फ्लाइट कमांडर एवं एनसीसी अधिकारी फ्लाइंग ऑफिसर डॉ. चमन के नेतृत्व में आयोजित मार्च पास्ट रहा। एनसीसी कैडेट्स ने अनुशासित कदमताल और शानदार तालमेल का प्रदर्शन किया।
सरदार पटेल विश्वविद्यालय के अंतर्गत आने वाले महाविद्यालयों के महिला एवं पुरुष खिलाड़ियों ने भी अपने-अपने महाविद्यालयों का प्रतिनिधित्व करते हुए मार्च पास्ट में भाग लिया।
इस अवसर पर वल्लभ राजकीय महाविद्यालय, मंडी के प्राचार्य डॉ. संजीव कुमार ने मुख्य अतिथि उच्च शिक्षा निदेशक सुनीता सिंह का स्वागत किया और उन्हें स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।
समारोह को संबोधित करते हुए सुनीता सिंह ने खिलाड़ियों और एनसीसी एयर विंग एवं आर्मी विंग के कैडेट्स का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि जीवन में उच्च लक्ष्यों को प्राप्त करने के लिए कठोर परिश्रम, निरंतर संघर्ष, सकारात्मक सोच और अनुशासन आवश्यक हैं।
खेल केवल शारीरिक क्षमता और प्रतिस्पर्धा का माध्यम नहीं हैं, बल्कि ये व्यक्तित्व निर्माण, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और सामूहिक उत्तरदायित्व की भावना को भी मजबूत करते हैं।
उन्होंने कहा कि खेल के मैदान में जीत और हार से अधिक महत्वपूर्ण खेल भावना, समर्पण और निरंतर बेहतर प्रदर्शन करने का संकल्प है। विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ-साथ खेल गतिविधियों में भी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करनी चाहिए।
खेल स्वस्थ शरीर, स्वस्थ मन और सशक्त राष्ट्र के निर्माण का आधार हैं। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को पूर्ण निष्ठा, अनुशासन और खेल भावना के साथ अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए प्रेरित किया।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. संजीव कुमार ने कहा कि अंतर-महाविद्यालय एथलेटिक मीट विद्यार्थियों को अपनी खेल प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ-साथ आपसी सौहार्द, प्रतिस्पर्धात्मक भावना और नेतृत्व क्षमता विकसित करने का अवसर प्रदान करती है।
उन्होंने कहा कि वल्लभ राजकीय महाविद्यालय, मंडी के लिए इस प्रतिष्ठित आयोजन की मेजबानी करना गौरव की बात है। महाविद्यालय प्रशासन खिलाड़ियों और अतिथियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाने तथा प्रतियोगिता को सफलतापूर्वक संपन्न करवाने के लिए प्रतिबद्ध है।
प्रतियोगिता के मीडिया समन्वयक एवं एनसीसी वायु सेना विंग, मंडी के फ्लाइट कमांडर फ्लाइंग ऑफिसर डॉ. चमन ने कहा कि खेल युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता, धैर्य और टीम भावना विकसित करने का सशक्त माध्यम हैं।
एनसीसी और खेल गतिविधियों का उद्देश्य युवाओं में चरित्र निर्माण, राष्ट्रसेवा, नेतृत्व और जिम्मेदार नागरिकता के गुणों का विकास करना है। उन्होंने आयोजन में सहयोग देने के लिए विश्वविद्यालय प्रशासन, महाविद्यालय प्रबंधन, खेल आयोजन समिति, एनसीसी अधिकारियों, कैडेट्स, शिक्षकों और अन्य सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।
मार्च पास्ट में एनसीसी कैडेट्स ने दिखाया अनुशासन
मार्च पास्ट में ओवरऑल परेड कमांडर की भूमिका एनसीसी एयर विंग के सीनियर अंडर ऑफिसर मृदुल सिंह ने निभाई। एनसीसी एयर विंग की फ्लाइट का नेतृत्व कैडेट वारंट ऑफिसर युवराज सिंह ने किया।
वहीं, एनसीसी आर्मी विंग के कैडेट्स ने कम्पनी कमांडर लेफ्टिनेंट डॉ. बलबीर सिंह के नेतृत्व में मार्च पास्ट में भाग लिया। आर्मी विंग कंटिंजेंट का नेतृत्व अंडर ऑफिसर अभिषेक ने किया। कैडेट्स ने शानदार कदमताल और अनुशासित प्रदर्शन से उपस्थित अतिथियों एवं दर्शकों को प्रभावित किया।
1500 मीटर दौड़ में मेजबान महाविद्यालय के खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन
प्रतियोगिता के शुरुआती मुकाबलों में वल्लभ राजकीय महाविद्यालय, मंडी के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। पुरुष वर्ग की 1500 मीटर दौड़ में महाविद्यालय के ईशान ठाकुर ने प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि इसी महाविद्यालय के खिलाड़ी प्रथम ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। कुल्लू महाविद्यालय के पुष्पराज तीसरे स्थान पर रहे।
महिला वर्ग की 1500 मीटर दौड़ में कुल्लू महाविद्यालय की अंजली ठाकुर ने पहला स्थान हासिल किया। वल्लभ राजकीय महाविद्यालय की वर्तिका दूसरे और जोगिंदर नगर महाविद्यालय की अंशिका चौहान तीसरे स्थान पर रहीं।
खेल आयोजन सचिव डॉ. अंजू पाठक ने बताया कि प्रतियोगिता के पहले दिन महिला एवं पुरुष वर्ग में 1500 मीटर, 100 मीटर, 400 मीटर और 800 मीटर दौड़ के अलावा शॉट पुट, ट्रिपल जंप, जैवलिन थ्रो तथा 4×100 मीटर रिले रेस सहित विभिन्न स्पर्धाएं आयोजित की गईं।
इन महाविद्यालयों के खिलाड़ी ले रहे भाग
एथलेटिक मीट में वल्लभ राजकीय महाविद्यालय मंडी, सुंदरनगर महाविद्यालय, डैहर महाविद्यालय, लडभरोल महाविद्यालय, जोगिंदर नगर महाविद्यालय, थांची महाविद्यालय, गड़ागुशैणी महाविद्यालय, कुल्लू महाविद्यालय, हरिपुर मनाली महाविद्यालय, सरकाघाट महाविद्यालय, धर्मपुर महाविद्यालय,
कोटली महाविद्यालय और करसुख महाविद्यालय के खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। प्रतियोगिता में 160 से अधिक खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं।
आयोजन में खेल तकनीकी अधिकारियों के रूप में डॉ. जमुना शर्मा, डॉ. सुनील सेन, डॉ. रविंद्र कुमार, ज्योति बाला, डॉ. केआर भगत, दिनेश ठाकुर, डॉ. ओम प्रकाश, ज्योति प्रकाश, डॉ.
कमलेश गौतम, लोकेश शर्मा, देचू रतन, डॉ. संदीप नेगी, डॉ. निर्मल सिंह, भागीरथ चौधरी, विनोद कुमार, दिनेश ठाकुर, ताराचंद, चंद्रेश कुमारी, लव कुमार, कुशल चंद, खुशाल शर्मा और गिरधारी लाल को शामिल किया गया है।
इस अवसर पर पेरेंट्स टीचर एसोसिएशन के अध्यक्ष नरेंद्र राणा, वरिष्ठ प्रोफेसर राजकुमार ठाकुर, डॉ. मोनिका पंचानी, डॉ. प्रदीप कुमार, वल्लभ राजकीय महाविद्यालय मंडी की एथलेटिक खेल के प्रेसिडेंट डॉ. संजय ठाकुर, डॉ. बनिता सकलानी सहित एथलेटिक खेल से जुड़े सैकड़ों खिलाड़ी मौजूद रहे।
सरदार पटेल विश्वविद्यालय की इस अंतर-महाविद्यालय एथलेटिक मीट का उद्देश्य विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा निखारने और प्रतिस्पर्धात्मक अनुभव प्राप्त करने का अवसर देने के साथ-साथ खेल संस्कृति, अनुशासन, एकता और उत्कृष्टता की भावना को बढ़ावा देना है।
follow us on facebook
subscribe to us on youtube