राजगढ़ में 41वीं अंडर-14 राज्य स्तरीय माइनर गेम्स प्रतियोगिता का समापन, 12 जिलों और चौपाल खेल छात्रावास के 474 खिलाड़ियों ने लिया भाग
हिमाचल प्रदेश में खेल प्रतिभाओं को निखारने और युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए प्रदेश सरकार खेल सुविधाओं के विस्तार पर जोर दे रही है। शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने कहा कि सरकार ने खिलाड़ियों की डाइट मनी 130 रुपये से बढ़ाकर 250 रुपये प्रतिदिन कर दी है।
इसके साथ ही खेल छात्रावासों की संख्या आठ से बढ़ाकर 12 की जा रही है। सरकार ने राष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश के खिलाड़ियों के लिए 100 पदक जीतने का लक्ष्य निर्धारित किया है। शिक्षा मंत्री शनिवार को राजगढ़ के पीएम श्री राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में आयोजित 41वीं अंडर-14 राज्य स्तरीय माइनर गेम्स प्रतियोगिता के समापन समारोह में बोल रहे थे।
तीन दिवसीय प्रतियोगिता में प्रदेश के 12 जिलों और चौपाल खेल छात्रावास की टीम सहित कुल 474 खिलाड़ियों ने भाग लिया। कबड्डी, खो-खो, वॉलीबॉल और टेबल टेनिस में खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
शिक्षा मंत्री ने कहा कि खेल विद्यार्थियों के शारीरिक और मानसिक विकास के साथ उनमें अनुशासन, आत्मविश्वास और प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करते हैं। खेल युवाओं को नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रखने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
रोहित ठाकुर ने बताया कि पिछले चार वर्षों में शिलाई, चौपाल, घुमारवीं और मंडी में चार नए खेल छात्रावास खोले गए हैं। खेल कोटे के तहत करीब 300 खिलाड़ियों को नियुक्तियां दी गई हैं, जबकि खिलाड़ियों को 17 करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि वितरित की गई है।
उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य खिलाड़ियों को उचित मंच और बेहतर प्रशिक्षण उपलब्ध करवाना है, ताकि हिमाचल के खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर पर अधिक पदक जीतकर प्रदेश का नाम रोशन कर सकें।
इससे पहले शिक्षा मंत्री ने विद्यालय परिसर में 10 लाख रुपये की लागत से निर्मित खाद्य प्रसंस्करण प्रयोगशाला का लोकार्पण किया। विद्यालय में अतिरिक्त कमरों के निर्माण की मांग पर उन्होंने भूमि की उपलब्धता सुनिश्चित होने के बाद आगामी बजट में धनराशि उपलब्ध करवाने का प्रयास करने का आश्वासन दिया। साथ ही विद्यालय में रिक्त लिपिक पदों को भरने का भी भरोसा दिलाया।
प्रतियोगिता के परिणामों में वॉलीबॉल में शिमला ने पहला, मंडी ने दूसरा तथा सिरमौर और कुल्लू ने संयुक्त रूप से तीसरा स्थान हासिल किया। कबड्डी में सोलन प्रथम, शिमला द्वितीय तथा चंबा और सिरमौर संयुक्त रूप से तृतीय स्थान पर रहे।
खो-खो में मंडी प्रथम, हमीरपुर द्वितीय तथा बिलासपुर और शिमला संयुक्त रूप से तीसरे स्थान पर रहे। टेबल टेनिस में कांगड़ा ने पहला, हमीरपुर ने दूसरा तथा मंडी और शिमला ने संयुक्त रूप से तीसरा स्थान प्राप्त किया। मार्च पास्ट में सोलन की टीम विजेता रही।
follow us on facebook
subscribe to us on youtube