मुख्य सामग्री पर जाएं
शनिवार, 28 नवंबर 2026

आपदा की त्रासदी पीछे छोड़ प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में जुटे सराज के युवा, अपना पुस्तकालय बना सहायक

सार

वर्ष 2025 की आपदा से प्रभावित सराज घाटी के युवा अब अपनी पढ़ाई और भविष्य को संवारने में जुटे हैं। थुनाग में शुरू किया गया ‘अपना पुस्तकालय सराज’ प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए मददगार साबित हो रहा है। यहां करीब 600 प्रतियोगी परीक्षा संबंधी पुस्तकें, वाई-फाई, इंटरनेट, कंप्यूटर और प्रिंटआउट की सुविधा उपलब्ध है।

TV Incharge

5 मिनट
आपदा की त्रासदी पीछे छोड़ प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में जुटे सराज के युवा, अपना पुस्तकालय बना सहायक

घर-द्वार पर स्तरीय पठन सामग्री से लाभान्वित हो रहे युवा, सरकार और प्रशासन का जताया आभार

वर्ष 2025 में आई आपदा ने मंडी जिला की सराज घाटी में भारी तबाही मचाई और लोगों से बहुत कुछ छीन लिया। इसके बावजूद आपदा की त्रासदी को पीछे छोड़कर सराज के युवा एक बार फिर अपने भविष्य को संवारने की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं।

विशेष रूप से प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए प्रदेश सरकार की पहल पर जिला प्रशासन द्वारा शुरू किया गया ‘अपना पुस्तकालय अभियान’ सहायक साबित हो रहा है।

इस अभियान के तहत ग्रामीण क्षेत्र के युवाओं को घर-द्वार के नजदीक ही स्तरीय पठन सामग्री और अध्ययन के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाई जा रही हैं। थुनाग स्थित लघु सचिवालय में ‘अपना पुस्तकालय सराज’ की शुरुआत 1 अगस्त 2026 को की गई थी। क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी को लेकर यह सुविधा किसी वरदान से कम नहीं है।

अब तक करीब 56 लाभार्थी इस पुस्तकालय की सदस्यता ग्रहण कर चुके हैं, जबकि 20 से अधिक युवा यहां प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे हैं। पुस्तकालय में युवाओं को शांत और अध्ययन के अनुकूल वातावरण उपलब्ध करवाया जा रहा है, जिससे उन्हें घर के नजदीक ही नियमित पढ़ाई करने का अवसर मिल रहा है।

600 से अधिक पुस्तकें और आधुनिक सुविधाएं

‘अपना पुस्तकालय सराज’ में प्रतियोगी परीक्षाओं से संबंधित करीब 600 पुस्तकें उपलब्ध हैं। इसके अलावा करीब 200 पुस्तकें लोगों द्वारा दान की गई हैं। इस तरह विद्यार्थियों और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले युवाओं को बड़ी संख्या में अध्ययन सामग्री एक ही स्थान पर उपलब्ध हो रही है।

पुस्तकालय में वाई-फाई, इंटरनेट, कंप्यूटर, प्रिंटआउट और बैठने की बेहतर सुविधा उपलब्ध है। अध्ययन सामग्री के साथ इन सुविधाओं के कारण युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए आवश्यक संसाधन अपने क्षेत्र में ही मिल रहे हैं।

पुस्तकालय की स्थापना पर करीब 13.75 लाख रुपये की लागत आई है। यह पुस्तकालय सुबह 9 बजे से शाम 6 बजे तक खुला रहता है और अवकाश के दिनों में भी इसकी सुविधा उपलब्ध रहती है। पाठकों को पुस्तकें दो सप्ताह के लिए अध्ययन के लिए जारी भी की जाती हैं।

निजी पुस्तकालय से कम खर्च में बेहतर सुविधा

लम्बाथाच निवासी सरिता ठाकुर ने बताया कि इससे पहले वह प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी के लिए निजी पुस्तकालय जाती थीं, जहां उन्हें 900 रुपये प्रतिमाह शुल्क देना पड़ता था। सराज में ‘अपना पुस्तकालय’ शुरू होने के बाद उन्हें मात्र 250 रुपये वार्षिक शुल्क में अध्ययन की बेहतर सुविधा मिल रही है।

सरिता ठाकुर ने इस सुविधा के लिए प्रदेश सरकार और स्थानीय प्रशासन का आभार जताया। उनके अनुसार घर के नजदीक अध्ययन की बेहतर सुविधा मिलने से प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले युवाओं को काफी मदद मिल रही है।

पढ़ाई के लिए शांत माहौल और ओपन कैफे की सुविधा

थुनाग निवासी कविता ठाकुर ने बताया कि पहले वह घर पर ही परीक्षाओं की तैयारी करती थीं, लेकिन वहां पढ़ाई के लिए उचित माहौल नहीं मिल पाता था। ‘अपना पुस्तकालय सराज’ में शांत वातावरण होने के कारण पढ़ाई करना आसान हो गया है।

उन्होंने बताया कि पुस्तकालय के बाहर पढ़ाई के लिए ओपन कैफे की सुविधा भी उपलब्ध है। इससे युवाओं को अपनी सुविधा के अनुसार अध्ययन करने का अवसर मिल रहा है।

यूजीसी-नेट की तैयारी में नीलम ठाकुर

थुनाग के खलवाड़ की नीलम ठाकुर इन दिनों यूजीसी-नेट की तैयारी कर रही हैं। इससे पहले वह जिला पुस्तकालय में पढ़ाई करती थीं, लेकिन वहां जाने के लिए दूरी अधिक होने के साथ कई बार अन्य व्यवधान भी सामने आते थे।

नीलम ठाकुर ने बताया कि ‘अपना पुस्तकालय सराज’ में बेहतर स्थान और अच्छी अध्ययन सामग्री उपलब्ध है। यहां इंटरनेट और कंप्यूटर की सुविधा भी है। पीडीएफ डाउनलोड करने के साथ-साथ प्रिंटआउट की व्यवस्था भी उपलब्ध है।

उन्होंने पुस्तकालय में उपलब्ध अध्ययन सामग्री और सुविधाओं की सराहना करते हुए प्रदेश सरकार, जिला प्रशासन और एसडीएम थुनाग का आभार व्यक्त किया।

पटवारी परीक्षा की तैयारी कर रहे विजय

विजय ठाकुर पटवारी परीक्षा की तैयारी कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि सराज में ‘अपना पुस्तकालय’ खुलने से क्षेत्र के युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए बेहतर सुविधा मिली है।

उन्होंने बताया कि पुस्तकालय में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी से संबंधित अच्छी पुस्तकें उपलब्ध हैं। विजय ठाकुर ने सराज के युवाओं से इस सुविधा का लाभ उठाकर अपने भविष्य को बेहतर बनाने का प्रयास करने का आग्रह किया।

ग्रामीण बेटियों के लिए भी मददगार

ज्यूणी की उर्मिला चौहान ने बताया कि वह पहली बार ‘अपना पुस्तकालय’ आई हैं। उन्होंने कहा कि यहां पढ़ाई के लिए वातावरण बहुत अच्छा है।

उर्मिला चौहान ने सराज के विद्यार्थियों और युवाओं से पुस्तकालय की सुविधा का भरपूर लाभ उठाने का आग्रह किया। उन्होंने इस सुविधा के लिए स्थानीय प्रशासन और प्रदेश सरकार का आभार भी जताया।

करसोग से शुरू हुई पहल अब अभियान बनकर सराज पहुंची

एसडीएम थुनाग संजीत शर्मा ने ‘अपना पुस्तकालय’ की पहल के लिए प्रदेश सरकार और उपायुक्त अपूर्व देवगन का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि उनके द्वारा करसोग से शुरू की गई पुस्तकालय की पहल अब एक अभियान का रूप ले चुकी है।

उन्होंने कहा कि सराज में ‘अपना पुस्तकालय’ की शुरुआत होने से दूरदराज ग्रामीण क्षेत्र के युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए घर के नजदीक बेहतर संसाधन उपलब्ध हुए हैं।

‘अपना पुस्तकालय सराज’ अब केवल स्व-अध्ययन केंद्र की जगह नहीं, बल्कि क्षेत्र के युवाओं के सपनों और भविष्य को संवारने का एक नया केंद्र बनकर उभर रहा है। आपदा की त्रासदी के बाद अपने भविष्य के लिए फिर से जुटे सराज के युवाओं के लिए यह पहल अध्ययन और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में महत्वपूर्ण सहायक बन रही है।

follow us on facebook
subscribe to us on youtube

इस खबर के विषय

  • सराज
  • पुस्तकालय
  • प्रतियोगी परीक्षाएं
  • आपदा
  • सरकारी पहल
  • अभियान

इस खबर को शेयर करें