मुख्य सामग्री पर जाएं
शनिवार, 28 नवंबर 2026

RCFC जोगिंद्रनगर से शिफ्ट करने के फैसले का विरोध तेज, 20 अगस्त से क्रमिक भूख हड़ताल का ऐलान

सार

जोगिंद्रनगर में क्षेत्रीय सह सुविधा केंद्र (RCFC) को स्थानांतरित करने के निर्णय के खिलाफ संघर्ष समिति ने आंदोलन तेज करने का ऐलान किया है। समिति ने चेतावनी दी है कि 20 अगस्त तक स्थानांतरण आदेश रद्द नहीं हुआ तो 20 से 24 अगस्त तक क्रमिक भूख हड़ताल की जाएगी। इसके बाद 25 अगस्त को बाजार बंद, चक्का जाम और धरना-प्रदर्शन की चेतावनी दी गई है।

3 मिनट
RCFC जोगिंद्रनगर से शिफ्ट करने के फैसले का विरोध तेज, 20 अगस्त से क्रमिक भूख हड़ताल का ऐलान

20 अगस्त तक आदेश रद्द नहीं हुआ तो 24 अगस्त तक चलेगी भूख हड़ताल, 25 अगस्त को बाजार बंद और चक्का जाम की चेतावनी

क्षेत्रीय सह सुविधा केंद्र (RCFC) जोगिंद्रनगर को यहां से स्थानांतरित करने के निर्णय के विरोध में RCFC बचाओ संघर्ष समिति ने आंदोलन तेज करने का ऐलान किया है। समिति ने स्पष्ट किया है कि यदि 20 अगस्त तक राष्ट्रीय औषधीय पादप बोर्ड की ओर से RCFC को जोगिंद्रनगर से स्थानांतरित करने का फैसला रद्द नहीं किया गया,

तो 20 अगस्त से रामलीला मैदान के ऋतु रंगमंच पर क्रमिक भूख हड़ताल शुरू की जाएगी। यह भूख हड़ताल 24 अगस्त तक जारी रहेगी।

समिति के अध्यक्ष गुरु शरण परमार ने कहा कि 13 अगस्त को आयोजित रैली के दौरान केंद्र और प्रदेश सरकार को ज्ञापन सौंपकर RCFC को जोगिंद्रनगर से स्थानांतरित करने का निर्णय रद्द करने की मांग की गई थी। इसके बावजूद यदि स्थानांतरण आदेश वापस नहीं लिया गया तो समिति आंदोलन को और तेज करने के लिए मजबूर होगी।

25 अगस्त को बाजार बंद और चक्का जाम की चेतावनी

गुरु शरण परमार ने कहा कि यदि क्रमिक भूख हड़ताल के बाद भी स्थानांतरण का आदेश रद्द नहीं किया गया तो 25 अगस्त को व्यापार मंडल के सहयोग से दो घंटे तक व्यापारिक प्रतिष्ठान बंद रखे जाएंगे। इसके साथ ही एक घंटे का चक्का जाम और शहर में विशाल धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि आंदोलन के दौरान उत्पन्न होने वाली किसी भी स्थिति की जिम्मेदारी राष्ट्रीय औषधीय पादप बोर्ड की होगी।

किसानों और युवाओं के हित से जुड़ा है मामला

समिति के अनुसार RCFC NR-1 आयुष मंत्रालय के अधीन राष्ट्रीय औषधीय पादप बोर्ड का महत्वपूर्ण केंद्र है। यह उत्तर भारत के सात राज्यों—उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और हिमाचल प्रदेश—में औषधीय एवं सुगंधित पौधों से संबंधित गतिविधियों में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।

समिति ने बताया कि केंद्र को सितंबर 2017 में जोगिंद्रनगर स्थित भारतीय चिकित्सा पद्धति अनुसंधान संस्थान (RIISM) में स्थापित किया गया था। जोगिंद्रनगर में करीब 24 एकड़ भूमि और पहले से उपलब्ध आधारभूत ढांचे के कारण यह केंद्र अनुसंधान, प्रशिक्षण, उत्पादन और जन-जागरूकता गतिविधियों के लिए उपयुक्त है।

करीब 12 कर्मचारियों पर भी असर की आशंका

गुरु शरण परमार ने कहा कि यदि RCFC को जोगिंद्रनगर से स्थानांतरित किया जाता है तो क्षेत्र के किसानों, विद्यार्थियों, स्थानीय युवाओं और अन्य हितधारकों को मिलने वाले प्रत्यक्ष लाभ से वंचित होना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि केंद्र में कार्यरत करीब 12 कर्मचारियों और उनके परिवारों पर भी आजीविका एवं रोजगार को लेकर आर्थिक प्रभाव पड़ सकता है।

समिति ने सरकार से किसानों के हित, औषधीय एवं सुगंधित पौधों के संरक्षण और आत्मनिर्भर भारत की दिशा में RCFC की भूमिका को देखते हुए स्थानांतरण के प्रस्ताव पर पुनर्विचार करने की मांग की है।

जोगिंद्रनगर में ही विकसित करने की मांग

संघर्ष समिति ने सुझाव दिया कि जोगिंद्रनगर में उपलब्ध भूमि और आधारभूत ढांचे का बेहतर उपयोग करते हुए RCFC NR-1 को औषधीय एवं सुगंधित पौधों के अनुसंधान, प्रशिक्षण, गुणवत्तापूर्ण रोपण सामग्री, संरक्षण, मूल्य संवर्धन और विपणन के मजबूत क्षेत्रीय केंद्र के रूप में विकसित किया जाए।

बैठक में प्रदेश भाजपा प्रवक्ता पंकज जमवाल, वरिष्ठ रोटेरियन अजय ठाकुर, व्यापार मंडल उपप्रधान विशाल शर्मा, महासचिव सतवीर शर्मा, पूर्व सैनिक लीग से कर्नल रूप सिंह ठाकुर, मेजर ज्ञान चंद बरवाल, कप्तान दलीप सिंह ठाकुर, सूबेदार मेजर लाभ सिंह धरवाल, समिति उपाध्यक्ष प्यार सिंह ठाकुर,

ब्रिज गोपाल अवस्थी, महासचिव रमन बहल, संतोष ठाकुर और सचिव कालिदास सकलानी सहित कई जोगिंद्रनगरवासी मौजूद रहे।

follow us on facebook
subscribe to us on youtube

इस खबर के विषय

  • RCFC
  • जोगिंदरनगर
  • भूख हड़ताल
  • औषधीय पादप
  • राष्ट्रीय औषधीय पादप बोर्ड
  • चक्का जाम
  • धरना-प्रदर्शन

इस खबर को शेयर करें