मुख्य सामग्री पर जाएं
शनिवार, 28 नवंबर 2026

रामपुर भारापुर में सड़क और बिजली संकट से ग्रामीण परेशान, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने आंदोलन की दी चेतावनी

सार

सिरमौर जिले की ग्राम पंचायत रामपुर भारापुर में सड़क और बिजली समस्याओं को लेकर ग्रामीणों में भारी रोष है। खस्ताहाल सड़कों और लगातार बिजली कटौती से परेशान ग्रामीणों ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल के नेतृत्व में नाहन पहुंचकर विभागीय अधिकारियों को समस्याओं से अवगत करवाया। समाधान नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी गई है।

3 मिनट
रामपुर भारापुर में सड़क और बिजली संकट से ग्रामीण परेशान, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने आंदोलन की दी चेतावनी

ग्रामीणों के प्रतिनिधिमंडल ने नाहन में विभागीय अधिकारियों से की मुलाकात, खस्ताहाल सड़कों और बिजली कटौती की समस्या जल्द दूर करने की मांग

सिरमौर जिले की ग्राम पंचायत रामपुर भारापुर के ग्रामीण इन दिनों सड़क और बिजली की गंभीर समस्याओं से जूझ रहे हैं। लंबे समय से शिकायतें दर्ज करवाने के बावजूद समाधान नहीं होने पर ग्रामीणों का एक प्रतिनिधिमंडल भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल के नेतृत्व में नाहन पहुंचा और संबंधित विभागों के उच्च अधिकारियों से मुलाकात कर समस्याओं के जल्द समाधान की मांग की।

ग्रामीणों का आरोप है कि क्षेत्र की कई महत्वपूर्ण सड़कें लंबे समय से बदहाल स्थिति में हैं। रामपुर से पॉलिटेक्निकल कॉलेज को जोड़ने वाली सड़क और खम्बानगर-डोइयोवाला-खैरी मार्ग की हालत बेहद खराब हो चुकी है। इन सड़कों से हजारों ग्रामीण रोजाना आवाजाही करते हैं, लेकिन मरम्मत कार्य नहीं होने के कारण लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

ग्राम पंचायत रामपुर भारापुर के प्रधान रजनीश चौधरी ने बताया कि बरसात के कारण सड़कें जगह-जगह क्षतिग्रस्त हो चुकी हैं और गड्ढों में तब्दील हो गई हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि विभाग द्वारा कुछ क्षेत्रों को प्राथमिकता देते हुए काम किया जा रहा है, जबकि कई जरूरी सड़कों की अनदेखी की जा रही है।

बिजली कटौती से किसानों की खेती प्रभावित

ग्रामीणों ने क्षेत्र में लगातार हो रही बिजली कटौती को लेकर भी नाराजगी जताई। पंचायत प्रतिनिधियों के अनुसार इन दिनों धान रोपाई का कार्य चल रहा है, लेकिन बार-बार बिजली गुल होने के कारण किसानों को खेती से जुड़े कार्यों में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

जिला परिषद सदस्य धौलाकुआं वार्ड भगवान दास ने कहा कि बिजली व्यवस्था पूरी तरह चरमरा चुकी है। उन्होंने आरोप लगाया कि विभाग स्टाफ की कमी का हवाला देकर लोगों की समस्याओं का समाधान नहीं कर रहा है। उन्होंने कहा कि आरडीएस योजना के तहत जिला सिरमौर को करोड़ों रुपये मिलने के बावजूद बिजली व्यवस्था में अपेक्षित सुधार नहीं हो पाया है।

जल्द समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन की चेतावनी

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने कहा कि नाहन विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत रामपुर भारापुर में सड़क और बिजली व्यवस्था पूरी तरह बदहाल है। उन्होंने आरोप लगाया कि विभागीय अधिकारी सरकार और कांग्रेस नेताओं के दबाव में काम कर रहे हैं और आम जनता की समस्याओं को गंभीरता से नहीं लिया जा रहा है।

डॉ. बिंदल ने कहा कि ग्रामीण लंबे समय से मूलभूत सुविधाओं के लिए संघर्ष कर रहे हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही सड़क और बिजली समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो भाजपा ग्रामीणों के साथ मिलकर सड़कों पर उतरकर आंदोलन करेगी।

follow us on facebook
subscribe to us on youtube

इस खबर के विषय

  • रामपुर भारापुर
  • सड़क संकट
  • बिजली संकट
  • डॉ. राजीव बिंदल
  • ग्रामीण समस्याएं
  • कृषि प्रभावित
  • खेती प्रभावित

इस खबर को शेयर करें