भाजपा किसान मोर्चा की प्रदेश महामंत्री ज्योति कपूर ने लिया सड़क का जायजा, मरम्मत और सुधार कार्य करवाने की मांग
द्रंग विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत राहला के लकशाल गांव में पर्यटन की अपार संभावनाओं के बावजूद सड़क की बदहाल स्थिति विकास में बाधा बनी हुई है। भाजपा किसान मोर्चा की प्रदेश महामंत्री ज्योति कपूर ने क्षेत्र का दौरा कर स्थानीय लोगों से मुलाकात की और सड़क मार्ग की स्थिति का जायजा लिया।
उन्होंने कहा कि लकशाल गांव प्राकृतिक सौंदर्य से भरपूर है। घने जंगल, हरियाली और शांत वातावरण के चलते यह क्षेत्र पर्यटन की दृष्टि से विकसित होने की पूरी क्षमता रखता है, लेकिन खराब सड़क सुविधा के कारण इसका लाभ नहीं मिल पा रहा है।
ज्योति कपूर ने कहा कि राहला से लकशाल गांव तक पहुंचने वाला सड़क मार्ग बेहद खराब स्थिति में है। इसके अलावा राहला से शायरी गांव तक प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत निर्मित सड़क की स्थिति भी चिंता का विषय बनी हुई है।
उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर सड़क सुविधा केवल लोगों की आवाजाही के लिए ही जरूरी नहीं है, बल्कि इससे पर्यटन, रोजगार और स्थानीय आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलता है।
उन्होंने प्रदेश सरकार और संबंधित विभाग से मांग की कि दोनों सड़क मार्गों की स्थिति का गंभीरता से संज्ञान लेते हुए आवश्यक मरम्मत और सुधार कार्य जल्द करवाए जाएं। ज्योति कपूर ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों की मूलभूत सुविधाओं को मजबूत करना सरकार की प्राथमिकता होनी चाहिए। वहीं, स्थानीय लोगों ने भी सड़क की जल्द मरम्मत करवाने की मांग उठाई है।
follow us on facebook
subscribe to us on youtube