मुख्य सामग्री पर जाएं
शनिवार, 28 नवंबर 2026

विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारी में जुटी भाजपा महिला मोर्चा, ऊना में संगठन मजबूत करने पर मंथन

सार

भाजपा महिला मोर्चा ने ऊना में जिला स्तरीय बैठक आयोजित कर विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों को लेकर रणनीति बनाई। प्रदेश अध्यक्ष डेजी ठाकुर ने बूथ स्तर पर संगठन मजबूत करने और महिलाओं तक पार्टी की नीतियां पहुंचाने पर जोर दिया।

3 मिनट
विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारी में जुटी भाजपा महिला मोर्चा, ऊना में संगठन मजबूत करने पर मंथन

जिला स्तरीय बैठक में बूथ स्तर पर सक्रियता बढ़ाने का लक्ष्य, डेजी ठाकुर ने कार्यकर्ताओं से घर-घर संपर्क अभियान तेज करने का किया आह्वान

आगामी विधानसभा चुनावों को देखते हुए भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा ने संगठन को मजबूत करने की दिशा में गतिविधियां तेज कर दी हैं। मंगलवार को जिला मुख्यालय ऊना स्थित भाजपा कार्यालय दीप कमल में महिला मोर्चा की जिला स्तरीय बैठक आयोजित की गई।

बैठक में संगठन विस्तार, आगामी राजनीतिक एवं सामाजिक कार्यक्रमों की रूपरेखा, केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं को जनता तक पहुंचाने तथा महिला कार्यकर्ताओं की भूमिका को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।

प्रदेश नेतृत्व ने स्पष्ट किया कि महिला मोर्चा अब केवल संगठनात्मक कार्यक्रमों तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि घर-घर पहुंचकर महिलाओं से सीधा संवाद स्थापित करेगा और पार्टी की नीतियों को जनता तक पहुंचाएगा। साथ ही कांग्रेस सरकार के कार्यकाल से जुड़े मुद्दों को भी प्रमुखता से उठाने की रणनीति बनाई गई।

बूथ स्तर तक महिला मोर्चा को सक्रिय करने पर जोर

बैठक की अध्यक्षता भाजपा महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष एवं जिला परिषद सदस्य अनु ठाकुर ने की, जबकि प्रदेश अध्यक्ष डेजी ठाकुर मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहीं। इस दौरान महिला कार्यकर्ताओं ने प्रदेश अध्यक्ष का गर्मजोशी से स्वागत किया।

बैठक में भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं ऊना सदर विधायक सतपाल सिंह सत्ती, पूर्व विधायक बलबीर चौधरी, पूर्व विधायक देवेंद्र कुमार भुट्टो, भाजपा नेता प्रो. रामकुमार, भाजपा जिला अध्यक्ष श्याम मिन्हास सहित कई वरिष्ठ पदाधिकारी और महिला कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

समर्पित कार्यकर्ता ही संगठन की ताकत: डेजी ठाकुर

बैठक को संबोधित करते हुए भाजपा महिला मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष डेजी ठाकुर ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी कार्यकर्ताओं की पार्टी है और संगठन की मजबूती का आधार समर्पित कार्यकर्ता होते हैं।

उन्होंने कहा कि प्रत्येक कार्यकर्ता को पार्टी की नीतियों, कार्यक्रमों और गतिविधियों की पूरी जानकारी होनी चाहिए, ताकि उन्हें प्रभावी तरीके से आम जनता तक पहुंचाया जा सके।

डेजी ठाकुर ने कहा कि बैठक में आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों, जनसंपर्क अभियानों और विभिन्न गतिविधियों को सफल बनाने के लिए रणनीति तैयार की गई है। महिला मोर्चा को गांव-गांव और बूथ स्तर तक और अधिक सक्रिय किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि महिला कार्यकर्ता महिलाओं से सीधा संवाद कर केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और भाजपा की नीतियों की जानकारी पहुंचाएंगी। संगठन की मजबूती के लिए हर महिला कार्यकर्ता की भूमिका महत्वपूर्ण है।

2027 चुनाव में भाजपा की जीत का किया दावा

विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर डेजी ठाकुर ने कहा कि महिला मोर्चा भाजपा की जीत सुनिश्चित करने में अहम भूमिका निभाएगा। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार ने महिलाओं से किए गए वादे पूरे नहीं किए हैं, जिसके कारण प्रदेश की महिलाएं खुद को ठगा हुआ महसूस कर रही हैं।

उन्होंने कहा कि महिला मोर्चा कांग्रेस सरकार की कथित वादा खिलाफी को प्रदेश की प्रत्येक महिला तक पहुंचाएगा और भाजपा की नीतियों से लोगों को अवगत करवाएगा।

डेजी ठाकुर ने दावा किया कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में हिमाचल प्रदेश में भाजपा पूर्ण बहुमत के साथ सरकार बनाएगी। उन्होंने कहा कि संगठन का प्रत्येक कार्यकर्ता इसी लक्ष्य को लेकर सक्रिय है और महिला मोर्चा चुनावी तैयारियों में पूरी ताकत के साथ जुट चुका है।

बैठक के अंत में आगामी कार्यक्रमों और संगठनात्मक गतिविधियों को लेकर कार्यकर्ताओं को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

follow us on facebook
subscribe to us on youtube

इस खबर के विषय

  • महिला मोर्चा
  • विधानसभा चुनाव
  • संगठन मजबूती
  • डेजी ठाकुर
  • कार्यकर्ता
  • घर-घर संपर्क
  • संगठन मजबूत
  • कार्यक्रम
  • सामाजिक मुद्दे

इस खबर को शेयर करें