मुख्य सामग्री पर जाएं
शनिवार, 28 नवंबर 2026

चम्बा में 93 स्कूलों के 900 से अधिक विद्यार्थी दिखाएंगे खेलकूद प्रतियोगिता में दमखम

सार

चम्बा के ऐतिहासिक चौगान में जिला स्तरीय अंडर-19 खेलकूद प्रतियोगिता का शुभारंभ हुआ। चार दिवसीय प्रतियोगिता में 93 विद्यालयों के 900 से अधिक छात्र-छात्राएं विभिन्न खेल स्पर्धाओं में हिस्सा ले रहे हैं।

TV Incharge

2 मिनट
चम्बा में 93 स्कूलों के 900 से अधिक विद्यार्थी दिखाएंगे खेलकूद प्रतियोगिता में दमखम

ऐतिहासिक चौगान में चार दिवसीय जिला स्तरीय अंडर-19 प्रतियोगिता का शुभारंभ, एथलेटिक्स सहित कई खेलों में हिस्सा लेंगे विद्यार्थी

चम्बा के ऐतिहासिक चौगान में जिला स्तरीय अंडर-19 खेलकूद प्रतियोगिता का शुभारंभ हुआ। उपायुक्त मुकेश रेपसवाल ने प्रतियोगिता के शुभारंभ अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। उन्होंने खिलाड़ियों द्वारा प्रस्तुत मार्च पास्ट की सलामी ली और ध्वज फहराकर प्रतियोगिता का शुभारंभ किया।

चार दिवसीय इस प्रतियोगिता में चम्बा जिला के 93 विद्यालयों के 900 से अधिक छात्र-छात्राएं विभिन्न खेल स्पर्धाओं में भाग ले रहे हैं। प्रतियोगिता के दौरान एथलेटिक्स, टेबल टेनिस, शतरंज, वेटलिफ्टिंग, जूडो और कराटे सहित विभिन्न खेलों का आयोजन किया जा रहा है।

इस अवसर पर उपायुक्त मुकेश रेपसवाल ने सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि खेल गतिविधियां केवल पदक हासिल करने तक सीमित नहीं हैं, बल्कि इनके माध्यम से विद्यार्थियों में अनुशासन, परिश्रम, एकाग्रता और टीम भावना जैसे महत्वपूर्ण गुण विकसित होते हैं। ये गुण विद्यार्थियों को भावी जीवन की चुनौतियों का मजबूती से सामना करने में सक्षम बनाते हैं।

उपायुक्त ने विद्यार्थियों से अपनी परिस्थितियों को सफलता के मार्ग में बाधा न बनने देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सीमित संसाधनों वाले क्षेत्रों से निकलकर भी अनेक खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाई है। इससे साबित होता है कि प्रतिभा, मेहनत, लगन और दृढ़ संकल्प के बल पर बड़े लक्ष्य हासिल किए जा सकते हैं।

इस दौरान आयोजन समिति की ओर से उपायुक्त मुकेश रेपसवाल को सम्मानित भी किया गया। कार्यक्रम में उपनिदेशक स्कूल शिक्षा गुणवत्ता उपमा शर्मा, सहायक जिला शारीरिक शिक्षा अधिकारी योगेश चौणा, शिक्षा विभाग के अधिकारी, विभिन्न स्कूलों के प्रधानाचार्य, शिक्षक-प्रशिक्षक और बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।

follow us on facebook
subscribe to us on youtube

इस खबर के विषय

इस खबर को शेयर करें