राजकीय महाविद्यालय धर्मशाला के गौरवशाली 100 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में शताब्दी वर्ष समारोह आयोजित किया जा रहा है। शताब्दी वर्ष को यादगार बनाने के लिए ओल्ड स्टूडेंट्स एसोसिएशन (OSA) की ओर से ‘100 इयर्स में 100 इनिशिएटिव्स’ थीम के तहत विभिन्न सामाजिक, शैक्षणिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
इसकी जानकारी OSA के अध्यक्ष संजीव गांधी ने प्रेस वार्ता के दौरान दी।
100 पुरस्कारों वाला लकी ड्रॉ शुरू
शताब्दी समारोह के तहत जिला प्रशासन कांगड़ा और रेड क्रॉस सोसाइटी के सहयोग से 50 रुपये प्रति टिकट की लकी ड्रॉ योजना शुरू की गई है। इस लकी ड्रॉ में कुल 100 पुरस्कार रखे गए हैं। इनमें हिमाचल प्रदेश के 16 होटलियर्स द्वारा प्रायोजित 32 स्टे पैकेज भी शामिल हैं।
इन स्टे पैकेज में चंबा, मनाली, शिमला, मंडी, धर्मशाला, पालमपुर, बीड़, कसौली और चैल सहित प्रदेश के विभिन्न पर्यटन स्थलों पर 2 रात और 3 दिन के ठहराव की सुविधा दी जाएगी। इसके अलावा मोटरसाइकिल, लैपटॉप, मोबाइल फोन और वॉशिंग मशीन समेत कई अन्य आकर्षक पुरस्कार भी लकी ड्रॉ में शामिल किए गए हैं।
लकी ड्रॉ की पूरी राशि रेड क्रॉस को दी जाएगी
OSA अध्यक्ष संजीव गांधी ने बताया कि लकी ड्रॉ से प्राप्त होने वाली पूरी राशि रेड क्रॉस सोसाइटी को सौंपी जाएगी। इस राशि का उपयोग कैंसर पीड़ितों के साथ-साथ आर्थिक रूप से कमजोर, गरीब और जरूरतमंद लोगों की सहायता के लिए किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि शताब्दी समारोह को केवल कॉलेज की उपलब्धियों तक सीमित न रखते हुए इसे सामाजिक सरोकारों से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। इसी उद्देश्य से लकी ड्रॉ से प्राप्त राशि को जरूरतमंद लोगों की मदद में इस्तेमाल करने का निर्णय लिया गया है।
13 से 15 नवंबर तक होंगे मुख्य कार्यक्रम
संजीव गांधी ने बताया कि शताब्दी समारोह के मुख्य कार्यक्रम 13 से 15 नवंबर तक आयोजित किए जाएंगे। 13 नवंबर को लेगेसी अवार्ड्स के तहत उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्रों को लाखों रुपये के पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। इसके साथ ही धर्मशाला की प्रमुख हस्तियों को लीजेंड अवार्ड्स से सम्मानित किया जाएगा।
14 नवंबर को भव्य एलुमनाई मीट आयोजित की जाएगी। इसमें देश-विदेश में रह रहे राजकीय महाविद्यालय धर्मशाला के हजारों पूर्व छात्रों के शामिल होने की उम्मीद है। यह आयोजन कॉलेज के पुराने विद्यार्थियों को एक मंच पर लाने के साथ-साथ संस्थान से जुड़ी उनकी यादों और उपलब्धियों को साझा करने का अवसर देगा।
15 नवंबर को लकी ड्रॉ का परिणाम घोषित किया जाएगा। इसी दिन वार्षिक आम बैठक यानी AGM का आयोजन भी होगा, जिसमें मुख्यमंत्री मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे।
रेड क्रॉस के माध्यम से ही होगा लकी ड्रॉ : डीसी
डीसी कांगड़ा हेमराज बैरवा ने कहा कि राजकीय महाविद्यालय धर्मशाला के शताब्दी समारोह के तहत OSA द्वारा सामाजिक और परोपकारी गतिविधियां आयोजित करना खुशी की बात है। उन्होंने कहा कि रेड क्रॉस सोसाइटी इस पहल में OSA के साथ मिलकर काम करेगी।
डीसी ने स्पष्ट किया कि प्रदेश में ड्रॉ, लकी ड्रॉ या रैफल ड्रॉ जैसी गतिविधियां रेड क्रॉस सोसाइटी के माध्यम से ही आयोजित की जा सकती हैं। ऐसे में लकी ड्रॉ से प्राप्त होने वाली पूरी राशि रेड क्रॉस सोसाइटी के पास जमा होगी।
जरूरतमंदों की मदद के लिए जुटेंगे अतिरिक्त संसाधन
हेमराज बैरवा ने कहा कि OSA की ओर से 100 पुरस्कारों की अवधारणा के साथ यह लकी ड्रॉ आयोजित किया जा रहा है। उन्होंने OSA को शताब्दी समारोह की सफलता के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि इस पहल से रेड क्रॉस सोसाइटी को गरीब, जरूरतमंद और बीमारी से पीड़ित लोगों की सहायता के लिए अतिरिक्त संसाधन उपलब्ध होंगे।
राजकीय महाविद्यालय धर्मशाला के 100 वर्ष पूरे होने का यह समारोह संस्थान की शैक्षणिक यात्रा, पूर्व छात्रों की उपलब्धियों और समाज के प्रति उसकी जिम्मेदारी को एक साथ जोड़ने वाला महत्वपूर्ण आयोजन बनने जा रहा है।
follow us on facebook
subscribe to us on youtube