मुख्य सामग्री पर जाएं
शनिवार, 28 नवंबर 2026

मात्तर स्कूल में बाढ़ की घटना पर बिंदल ने सरकार को घेरा, बोले- सड़क-पुल बने होते तो बच्चों को नहीं झेलना पड़ता खतरा

सार

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने नाहन विधानसभा क्षेत्र की मात्तर पंचायत में भारी बारिश के बाद खड्ड में आई बाढ़ से स्कूल विद्यार्थियों और शिक्षकों के फंसने की घटना पर चिंता जताई। उन्होंने कांग्रेस सरकार पर विकास कार्य रोकने का आरोप लगाते हुए मात्तर और नलका संभालका पंचायत में लंबित सड़क व पुल निर्माण कार्य तत्काल शुरू करने की मांग की।

3 मिनट
मात्तर स्कूल में बाढ़ की घटना पर बिंदल ने सरकार को घेरा, बोले- सड़क-पुल बने होते तो बच्चों को नहीं झेलना पड़ता खतरा

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने मात्तर स्कूल का किया दौरा, लंबित सड़क और पुल निर्माण कार्य जल्द शुरू करने की उठाई मांग

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने बुधवार को नाहन विधानसभा क्षेत्र की दूरदराज मात्तर पंचायत का दौरा किया। उन्होंने मात्तर स्कूल पहुंचकर भारी बारिश के बाद खड्ड में आई बाढ़ के कारण विद्यार्थियों और अध्यापकों के फंसने की घटना पर गहरी चिंता व्यक्त की।

डॉ. बिंदल ने कहा कि बाढ़ के दौरान मात्तर स्कूल के विद्यार्थी और शिक्षक खड्ड के तेज बहाव के बीच फंस गए थे, जिन्हें हिमाचल होमगार्ड और अन्य बलों की टीम ने रेस्क्यू कर सुरक्षित निकाला। उन्होंने कहा कि घटना बेहद गंभीर है और क्षेत्र में सड़क व पुल जैसी बुनियादी सुविधाओं की स्थिति को लेकर सवाल खड़े करती है।

भाजपा सरकार के समय बना था स्कूल भवन

डॉ. बिंदल ने कहा कि मात्तर स्कूल भवन भाजपा सरकार के कार्यकाल में लंबे प्रयासों के बाद तैयार हुआ था। उन्होंने दावा किया कि करीब 12 बीघा भूमि वन विभाग से शिक्षा विभाग के नाम स्थानांतरित करवाकर लगभग 40 लाख रुपये की लागत से स्कूल भवन का निर्माण किया गया।

उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार के समय पक्की सड़क जीरो प्वाइंट तक पहुंचाई गई थी। इसके आगे स्कूल और निचले गांव तक सड़क निर्माण का कार्य भी शुरू किया गया था।

35 करोड़ रुपये के विकास कार्यों का किया जिक्र

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि मात्तर पंचायत में सड़क, पुल और पेयजल सहित विभिन्न विकास कार्यों के लिए लोक निर्माण विभाग और आईपीएच विभाग को करीब 35 करोड़ रुपये उपलब्ध करवाए गए थे।

उन्होंने आरोप लगाया कि वर्ष 2022 में कांग्रेस सरकार बनने के बाद इन विकास कार्यों को रोक दिया गया। उनके अनुसार, सड़क का एक इंच भी आगे विस्तार नहीं हुआ और आवश्यक पुलों का निर्माण भी पूरा नहीं किया गया।

'बच्चों को जान जोखिम में डालकर करना पड़ रहा सफर'

डॉ. बिंदल ने कहा कि सड़क और पुलों का निर्माण समय पर पूरा नहीं होने के कारण ग्रामीणों और स्कूली बच्चों को आज भी जान जोखिम में डालकर आवागमन करना पड़ रहा है।

उन्होंने कहा कि यदि सड़क और पुल निर्माण कार्य समय पर पूरे किए गए होते तो बारिश के दौरान विद्यार्थियों और शिक्षकों को ऐसी जोखिमपूर्ण स्थिति का सामना नहीं करना पड़ता।

लंबित सड़क-पुल कार्य शुरू करने की मांग

डॉ. राजीव बिंदल ने प्रदेश सरकार से मांग की कि मात्तर और नलका संभालका पंचायतों में लंबित सड़क एवं पुल निर्माण कार्य तत्काल शुरू किए जाएं। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के लोगों की सुरक्षा और सुगम आवागमन सुनिश्चित करना सरकार की प्राथमिकता होनी चाहिए।

follow us on facebook
subscribe to us on youtube

इस खबर के विषय

इस खबर को शेयर करें