मुख्य सामग्री पर जाएं
शनिवार, 28 नवंबर 2026

नूरपुर में 11.57 ग्राम चिट्टे के साथ पंजाब और हिमाचल के दो आरोपी गिरफ्तार

सार

नूरपुर पुलिस ने एंटी चिट्टा अभियान के तहत नागाबाड़ी टोल प्लाजा के पास दो व्यक्तियों को 11.57 ग्राम हेरोइन/चिट्टे के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपियों में एक कपूरथला, पंजाब और दूसरा जसूर, हिमाचल प्रदेश का निवासी है। पुलिस ने NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज कर नशे की सप्लाई के स्रोत और नेटवर्क की जांच शुरू कर दी है।

TV Incharge

2 मिनट
नूरपुर में 11.57 ग्राम चिट्टे के साथ पंजाब और हिमाचल के दो आरोपी गिरफ्तार

नागाबाड़ी टोल प्लाजा के पास एनएच-154 पर CIA टीम की कार्रवाई, NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज; सप्लाई नेटवर्क की जांच में जुटी पुलिस

पुलिस जिला नूरपुर में चिट्टे के अवैध कारोबार और मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे एंटी चिट्टा अभियान के तहत CIA टीम ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को 11.57 ग्राम हेरोइन/चिट्टे के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी है।

एएसपी नूरपुर धर्मचंद वर्मा ने बताया कि CIA नूरपुर की टीम क्षेत्र में गश्त और नाकाबंदी पर थी। इसी दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि दो व्यक्ति नागाबाड़ी टोल प्लाजा के नजदीक एनएच-154 पर हेरोइन/चिट्टा लेकर खड़े हैं और क्षेत्र में इसकी सप्लाई करने की फिराक में हैं।

सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने दो स्वतंत्र गवाहों को साथ लेकर मौके पर पहुंचकर संदिग्धों की तलाशी ली।

तलाशी के दौरान आरोपी रमन कुमार के पीठ पर उठाए गए ग्रे और काले रंग के पिट्ठू बैग से पारदर्शी पॉलीथीन लिफाफे में रखा 11.57 ग्राम हेरोइन/चिट्टा बरामद हुआ। मौके पर ड्रग डिटेक्शन किट से किए गए प्रारंभिक परीक्षण में मादक पदार्थ के हेरोइन/चिट्टा होने के सकारात्मक संकेत मिले।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रमन कुमार (35) पुत्र रमेश कुमार, निवासी कपूरथला, पंजाब और दलेन्द्र कुमार (22) पुत्र धुना राम, निवासी जसूर, तहसील नूरपुर, जिला कांगड़ा, हिमाचल प्रदेश के रूप में हुई है।

एएसपी ने बताया कि बरामद मादक पदार्थ और अन्य संबंधित सामान को नियमानुसार पुलिस कब्जे में लिया गया है। इस संबंध में पुलिस थाना नूरपुर में अभियोग संख्या 301/2026, दिनांक 24 नवंबर 2026 को धारा 21 और 29 NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।

पुलिस मामले की आगामी जांच कर रही है। आरोपियों से पूछताछ के माध्यम से चिट्टे की सप्लाई के बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज खंगाले जा रहे हैं, ताकि नशे की खेप के स्रोत और इस अवैध कारोबार में शामिल अन्य लोगों की पहचान की जा सके। पुलिस ने आमजन से चिट्टे के अवैध कारोबार से जुड़ी किसी भी सूचना को साझा करने की अपील की है।

follow us on facebook
subscribe to us on youtube

इस खबर के विषय

इस खबर को शेयर करें