मुख्य सामग्री पर जाएं
शनिवार, 28 नवंबर 2026

नरेश चौहान का जयराम ठाकुर पर पलटवार, बोले- हिमाचल के हकों की लड़ाई में विपक्ष भी सरकार के साथ चले

सार

मुख्यमंत्री के मीडिया सलाहकार नरेश चौहान ने नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर के बयानों पर पलटवार किया। उन्होंने कहा कि हिमाचल के हकों और आर्थिक हितों की लड़ाई में विपक्ष को भी सरकार के साथ खड़ा होना चाहिए। चौहान ने RDG, आपदा के क्लेम, बिजली हिस्सेदारी और किशाऊ बांध परियोजना समेत कई मुद्दे उठाए।

TV Incharge

4 मिनट
नरेश चौहान का जयराम ठाकुर पर पलटवार, बोले- हिमाचल के हकों की लड़ाई में विपक्ष भी सरकार के साथ चले

कहा- RDG के 8 से 10 हजार करोड़ रुपये लंबित, आपदा के बड़े क्लेम पर केंद्र से विशेष पैकेज की जरूरत

मुख्यमंत्री के मीडिया सलाहकार नरेश चौहान ने नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर के बयानों पर पलटवार करते हुए कहा कि हिमाचल प्रदेश के हितों की लड़ाई को लेकर विपक्ष को भी सरकार के साथ खड़ा होना चाहिए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कठिन वित्तीय परिस्थितियों के बावजूद प्रदेश हित में कई बड़े और महत्वपूर्ण फैसले लिए हैं।

नरेश चौहान ने कहा कि सरकार भारत सरकार का धन्यवाद करने के लिए तैयार है, लेकिन विपक्ष को भी पहल करते हुए केंद्र के समक्ष हिमाचल के लंबित अधिकारों और आर्थिक हितों की आवाज उठानी चाहिए।

उन्होंने RDG के करीब 8 से 10 हजार करोड़ रुपये के लंबित होने और आपदा के बाद केंद्र के समक्ष पड़े बड़े क्लेम का मुद्दा उठाते हुए कहा कि हिमाचल को विशेष पैकेज और अन्य आर्थिक सहायता की जरूरत है।

उन्होंने कहा कि हिमाचल एक पहाड़ी राज्य है और प्रदेश के कई आर्थिक एवं वित्तीय अधिकार हैं। विपक्ष को इन मुद्दों पर सरकार के साथ खड़ा होना चाहिए। चौहान ने कहा कि मुख्यमंत्री विधानसभा के भीतर भी विपक्ष से हिमाचल के हकों की लड़ाई मिलकर लड़ने की अपील कर चुके हैं।

नरेश चौहान ने कहा कि वर्तमान सरकार हिमाचल के अधिकारों को लेकर लगातार लड़ाई लड़ रही है। चाहे BBMB में प्रदेश के हिस्से का मामला हो, वाटर सेस का मुद्दा हो या किशाऊ बांध परियोजना, सरकार ने हर स्तर पर प्रदेश के हितों को प्राथमिकता दी है।

उन्होंने दावा किया कि सरकार के प्रयासों से बिजली परियोजनाओं में हिमाचल को 12 से 18 प्रतिशत तक बिजली मिल रही है और किशाऊ बांध के तैयार होने के बाद प्रदेश को बड़ी मात्रा में मुफ्त बिजली मिलने की उम्मीद है।

चौहान ने पिछली सरकार के दौरान हुए बिजली समझौतों पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि उस समय 4, 8 और 12 प्रतिशत बिजली के समझौते किए गए, जबकि वर्तमान सरकार की नीति 12, 18 और 30 प्रतिशत की है।

दुर्गम क्षेत्रों में नाइट स्टे कर लोगों से सीधा संवाद

नरेश चौहान ने कहा कि मुख्यमंत्री ने ‘सरकार गांव के द्वार’ कार्यक्रम शुरू किया है और मुख्यमंत्री कठिन एवं दुर्गम क्षेत्रों में जाकर लोगों के बीच रात गुजार रहे हैं तथा उनकी समस्याओं को सीधे समझ रहे हैं।

उन्होंने डोडरा-क्वार, कुपवी, पांगी, बड़ा भंगाल, आनी-निरमंड और बागीपुल जैसे दुर्गम क्षेत्रों का उदाहरण देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री का उद्देश्य उन लोगों तक पहुंचना है, जिनके लिए रोजमर्रा का जीवन बेहद कठिन है।

चौहान ने बताया कि हाल ही में मुख्यमंत्री ने रोहड़ू के बटवाड़ी गांव में रात्रि प्रवास किया और जड़गांव में जनसभा के माध्यम से लोगों से संवाद किया। इसके बाद रामपुर क्षेत्र के काशापाट में भी मुख्यमंत्री का नाइट स्टे हुआ।

उन्होंने कहा कि इन कार्यक्रमों में लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला। मुख्यमंत्री ने ग्रामीणों, महिलाओं और बच्चों से सीधे बातचीत कर उनकी समस्याएं जानीं। सड़क, पुल, स्कूल और अन्य विकास कार्यों से जुड़े मामलों में मौके पर ही निर्देश दिए गए।

चिट्टा और नशे के खिलाफ अभियान पर जोर

नरेश चौहान ने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने हिमाचल को चिट्टा और नशामुक्त बनाने को अपनी प्राथमिकताओं में शामिल किया है। इसके तहत जिला मुख्यालयों में चिट्टे के खिलाफ मैराथन सहित विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, जिनमें बड़ी संख्या में युवा और विद्यार्थी भाग ले रहे हैं।

उन्होंने कहा कि सरकार, प्रशासन, पुलिस और आम जनता के सहयोग से नशे के खिलाफ अभियान को मजबूत किया जा रहा है। बच्चों और युवाओं को नशे से दूर रखना सरकार की प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल है।

चौहान ने कहा कि गांवों में जाकर लोगों से सीधा संवाद करने का उद्देश्य केवल सरकार की योजनाओं को जनता तक पहुंचाना नहीं, बल्कि जनता की समस्याओं और अपेक्षाओं को सरकार तक पहुंचाना भी है।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने संकेत दिया है कि आगामी बजट में ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों से मिले फीडबैक और उनकी जरूरतों को शामिल करने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने इसे ‘व्यवस्था परिवर्तन’ की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताते हुए कहा कि सरकार का लक्ष्य विकास को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है।

चौहान के मुताबिक, मुख्यमंत्री का दुर्गम क्षेत्रों में रात्रि प्रवास सरकार और जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित करने की नई पहल है। इससे सरकार को जमीनी समस्याओं को समझने और लोगों को अपनी बात सीधे मुख्यमंत्री तक पहुंचाने का अवसर मिल रहा है।

follow us on facebook
subscribe to us on youtube

इस खबर के विषय

इस खबर को शेयर करें