मुख्य सामग्री पर जाएं
शनिवार, 28 नवंबर 2026

नाहन की देवनी पंचायत में सैकड़ों साल पुराना रास्ता बंद, 2 हजार लोग परेशान

सार

नाहन के साथ लगती देवनी पंचायत में सैकड़ों साल पुराना मुख्य रास्ता बंद होने से करीब 2,000 लोग प्रभावित हैं। ग्रामीणों ने SDM नाहन से मुलाकात कर रास्ता जल्द खुलवाने की मांग की। ग्रामीणों के अनुसार मार्ग बंद होने से स्कूल, पंचायत घर और श्मशान घाट तक पहुंचने में परेशानी हो रही है।

TV Incharge

2 मिनट
नाहन की देवनी पंचायत में सैकड़ों साल पुराना रास्ता बंद, 2 हजार लोग परेशान

स्कूल, पंचायत घर और श्मशान घाट को जोड़ने वाला मुख्य मार्ग बंद होने से ग्रामीणों में रोष, SDM नाहन को सौंपा ज्ञापन

सिरमौर जिला मुख्यालय नाहन के साथ लगती देवनी पंचायत में सैकड़ों साल पुराना मुख्य रास्ता बंद होने से इलाके के करीब 2,000 लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। रास्ता बंद होने की समस्या को लेकर देवनी पंचायत के ग्रामीणों का एक प्रतिनिधिमंडल नाहन के उपमंडलाधिकारी से मिला और उन्हें ज्ञापन सौंपकर जल्द से जल्द मार्ग खुलवाने की मांग की।

ग्रामीणों ने बताया कि यह मुख्य रास्ता पंचायत के तीन गांवों को आपस में जोड़ता है। इसके अलावा इसी मार्ग से स्कूल, पंचायत घर और श्मशान घाट तक पहुंच होती है। मार्ग बंद होने के कारण बच्चों को स्कूल जाने में परेशानी हो रही है, जबकि ग्रामीणों को पंचायत घर पहुंचने और अपने प्रशासनिक व रोजमर्रा के कार्यों को पूरा करने में भी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

सैकड़ों साल पुराना पारंपरिक मार्ग होने का दावा

ग्राम पंचायत देवनी के प्रधान विक्रांत राणा ने बताया कि एसडीएम नाहन को सौंपे गए ज्ञापन में ग्रामीणों ने स्पष्ट किया है कि यह कोई नया रास्ता नहीं है, बल्कि सैकड़ों साल पुराना पारंपरिक मार्ग है। उनके अनुसार पीढ़ियों से ग्रामीण इसी रास्ते का इस्तेमाल करते आ रहे हैं।

प्रधान ने कहा कि अचानक रास्ता बंद कर दिए जाने से पूरे क्षेत्र में रोष है। ग्रामीणों का कहना है कि सार्वजनिक उपयोग में आने वाले इस महत्वपूर्ण रास्ते को व्यक्तिगत जागीर बताकर बंद करना उचित नहीं है।

प्रशासन से जल्द हस्तक्षेप की मांग

ग्रामीणों ने प्रशासन से मामले में तत्काल हस्तक्षेप करने और बंद किए गए मार्ग को जल्द से जल्द खुलवाने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि रास्ता खुलने से तीन गांवों के लोगों के साथ-साथ स्कूली बच्चों और अन्य लोगों को आवागमन में राहत मिलेगी।

प्रतिनिधिमंडल ने एसडीएम नाहन के समक्ष अपनी समस्या रखते हुए प्रशासन से मामले का जल्द समाधान करने की गुहार लगाई है।

follow us on facebook
subscribe to us on youtube

इस खबर के विषय

  • देवनी पंचायत
  • सड़क बंद
  • ग्रामीण समस्या
  • SDM नाहन
  • जनहित
  • पारंपरिक मार्ग

इस खबर को शेयर करें