मुख्य सामग्री पर जाएं
शनिवार, 28 नवंबर 2026

मैक्लोडगंज में उमड़े पर्यटक तो अलर्ट हुई पुलिस, ट्रैफिक संभालने को अतिरिक्त जवान तैनात

सार

पर्यटन सीजन शुरू होते ही मैक्लोडगंज, धर्मशाला और बीड़-बिलिंग में पर्यटकों की संख्या बढ़ने लगी है। बढ़ती भीड़ को देखते हुए पुलिस ने ट्रैफिक और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की है। मैक्लोडगंज में अतिरिक्त पुलिस जवान और क्यूआरटी तैनात की गई है।

TV Incharge

2 मिनट
मैक्लोडगंज में उमड़े पर्यटक तो अलर्ट हुई पुलिस, ट्रैफिक संभालने को अतिरिक्त जवान तैनात

SP कुलभूषण वर्मा बोले- मैक्लोडगंज, धर्मकोट और भागसू में बढ़ाई पुलिस तैनाती, अवैध पार्किंग पर कार्रवाई जारी

पर्यटन सीजन शुरू होते ही जिला कांगड़ा के मैक्लोडगंज, धर्मशाला और बीड़-बिलिंग में पर्यटकों की संख्या बढ़ने लगी है। पर्यटकों की बढ़ती आमद को देखते हुए पुलिस ने ट्रैफिक और सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ किया है।

एसपी कांगड़ा कुलभूषण वर्मा ने बताया कि मैक्लोडगंज, धर्मकोट और भागसू में अतिरिक्त पुलिस जवान तैनात किए गए हैं। एसएचओ और डीएसपी स्तर के अधिकारी स्वयं सड़कों पर उतरकर यातायात व्यवस्था की निगरानी कर रहे हैं।

त्रियुंड ट्रैक पर जाने वाले पर्यटकों की सुरक्षा के लिए भी विशेष व्यवस्था की गई है। ट्रैक के शुरुआती बिंदु पर पर्यटकों का पंजीकरण सुनिश्चित किया जा रहा है। वन विभाग के कर्मचारियों के साथ समन्वय कर फॉरेस्ट गार्ड और हेल्पर्स भी तैनात किए गए हैं। मोबाइल नेटवर्क नहीं होने वाले क्षेत्रों में पर्यटकों की सहायता के लिए हेल्पलाइन की व्यवस्था की गई है।

एसपी ने बताया कि आपात स्थिति से निपटने के लिए मैक्लोडगंज में क्यूआरटी यानी क्विक रिएक्शन टीम भी तैनात की गई है। वहीं, बेतरतीब पार्किंग और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों पर कार्रवाई की जा रही है।

हर 100 से 150 मीटर के अंतराल पर पुलिस और होमगार्ड जवानों की तैनाती की गई है। अवैध पार्किंग करने वाले वाहनों के चालान किए जा रहे हैं और क्रेन की मदद से वाहनों को हटाया जा रहा है।

वहीं, परौर में चल रहे तीन दिवसीय राधा स्वामी सत्संग को देखते हुए ट्रैफिक प्लान में भी बदलाव किया गया है। करीब दो लाख श्रद्धालुओं की मौजूदगी को देखते हुए पालमपुर जाने वाले वाहनों को मलां-नगरी मार्ग से भेजा जा रहा है, जबकि पालमपुर से कांगड़ा और पठानकोट आने वाले वाहनों को नगरी-मलां मार्ग से डायवर्ट किया गया है।

हमीरपुर की ओर से आने वाले वाहनों को वाया धीरा भेजा जा रहा है। परौर में करीब 150 पुलिस जवान और तीन डीएसपी स्तर के अधिकारी यातायात व्यवस्था संभाल रहे हैं।

follow us on facebook
subscribe to us on youtube

इस खबर के विषय

इस खबर को शेयर करें