मुख्य सामग्री पर जाएं
शनिवार, 28 नवंबर 2026

लॉन्ग वीकेंड पर शिमला में उमड़ा पर्यटकों का सैलाब, शहर में भारी ट्रैफिक जाम

सार

लॉन्ग वीकेंड के चलते शिमला में बड़ी संख्या में पर्यटक पहुंच रहे हैं। बाहरी राज्यों से आए सैलानियों के कारण शहर में ट्रैफिक का दबाव बढ़ गया है और कई जगह भारी जाम की स्थिति बनी हुई है।

TV Incharge

3 मिनट
लॉन्ग वीकेंड पर शिमला में उमड़ा पर्यटकों का सैलाब, शहर में भारी ट्रैफिक जाम

तारादेवी से शिमला तक वाहनों की लंबी कतारें, 3 किलोमीटर का सफर तय करने में लग रहा एक घंटे तक का समय

लॉन्ग वीकेंड के चलते राजधानी शिमला में बड़ी संख्या में पर्यटकों का हुजूम उमड़ पड़ा है। बाहरी राज्यों से बड़ी संख्या में सैलानी छुट्टियां मनाने के लिए शिमला पहुंच रहे हैं। पर्यटकों की बढ़ी आवाजाही के चलते शहर की सड़कों पर ट्रैफिक का दबाव बढ़ गया है और कई जगह भारी जाम की स्थिति बनी हुई है।

शनिवार को हरियाणा, पंजाब, चंडीगढ़ और दिल्ली से बड़ी संख्या में सैलानी शिमला पहुंचे। इसके चलते शहर के कई हिस्सों में वाहनों की लंबी कतारें देखने को मिलीं। खासकर तारादेवी से शिमला तक वाहनों की लंबी कतारें नजर आईं।

हालात यह हैं कि करीब तीन किलोमीटर का सफर तय करने में भी लोगों को एक घंटे तक का समय लग रहा है। शहर की प्रमुख पार्किंग भी फुल हो चुकी हैं, जिसके चलते सैलानियों को वाहन पार्क करने के लिए जगह तलाशने में परेशानी हो रही है।

पर्यटकों की बढ़ी आवाजाही से ठंडे पड़े पर्यटन कारोबार को भी रफ्तार मिली है। होटल, रेस्तरां और अन्य पर्यटन कारोबार से जुड़े कारोबारियों को लॉन्ग वीकेंड पर अच्छी आवाजाही से राहत मिली है।

हालांकि, भारी ट्रैफिक जाम के कारण स्थानीय लोगों और सैलानियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ताजा रिपोर्टों के अनुसार शनिवार को सर्कुलर रोड समेत शहर के अन्य हिस्सों में भी वाहनों की रफ्तार धीमी रही।

शिमला के डीएसपी ट्रैफिक चंद्र शेखर ने बताया कि शिमला में हर हफ्ते 80 हजार से ज्यादा गाड़ियों की आवाजाही हो रही है। बीते 24 घंटे में ही 17 हजार से ज्यादा गाड़ियों की आवाजाही दर्ज की गई है, जिनमें 7 हजार से ज्यादा गाड़ियां सैलानियों की हैं।

उन्होंने बताया कि शनिवार देर रात तक वाहनों की संख्या और बढ़ने की संभावना है। ट्रैफिक व्यवस्था को संभालने के लिए शहर में अतिरिक्त पुलिस जवानों की तैनाती की गई है और जाम न लगे, यह सुनिश्चित किया जा रहा है।

वहीं, शिमला घूमने पहुंचे पर्यटकों का कहना है कि लॉन्ग वीकेंड के चलते वे छुट्टियां मनाने शिमला आए हैं। यहां मौसम काफी अच्छा और सुहावना बना हुआ है। पर्यटकों के मुताबिक मैदानी इलाकों में अभी भी गर्मी है, जबकि शिमला का मौसम घूमने के लिए बेहतर है।

हालांकि, पर्यटकों को ट्रैफिक जाम की वजह से काफी परेशानी झेलनी पड़ रही है। उनका कहना है कि वे काफी समय तक जाम में फंसे रहे और शहर पहुंचने के बाद वाहन पार्क करने के लिए पार्किंग भी फुल मिली।

follow us on facebook
subscribe to us on youtube

इस खबर के विषय

  • ट्रैफिक जाम
  • लॉन्ग वीकेंड
  • सैलानी
  • होटल
  • रेस्तरां
  • हरियाणा

इस खबर को शेयर करें