मुख्य सामग्री पर जाएं
शनिवार, 28 नवंबर 2026

झीड़ी फ्लाईओवर को लेकर बढ़ा विवाद, स्थानीय लोगों ने निकाली रोष रैली; विरोध में भूख हड़ताल पर बैठे कर्मवीर पठानिया

सार

किरतपुर-मनाली फोरलेन पर झीड़ी में प्रस्तावित डेढ़ किलोमीटर लंबे फ्लाईओवर को लेकर स्थानीय लोगों का विरोध तेज हो गया है। ग्रामीणों ने रोष रैली निकालकर निर्माण रोकने और गोल चौक बनाने की मांग की है, जबकि कर्मवीर पठानिया भूख हड़ताल पर बैठ गए हैं।

3 मिनट
झीड़ी फ्लाईओवर को लेकर बढ़ा विवाद, स्थानीय लोगों ने निकाली रोष रैली; विरोध में भूख हड़ताल पर बैठे कर्मवीर पठानिया

डेढ़ किलोमीटर लंबे फ्लाईओवर का ग्रामीणों ने किया विरोध, पर्यटन कारोबार और स्थानीय आवाजाही प्रभावित होने की जताई आशंका; गोल चौक बनाने की मांग

जिला मंडी और कुल्लू की सीमा पर किरतपुर-मनाली फोरलेन पर झीड़ी में प्रस्तावित फ्लाईओवर को लेकर विवाद लगातार गहराता जा रहा है। फ्लाईओवर के निर्माण के विरोध में स्थानीय प्रभावित लोगों ने निर्माण स्थल पर रोष रैली निकाली।

वहीं, झीड़ी निवासी कर्मवीर पठानिया फ्लाईओवर के विरोध में भूख हड़ताल पर बैठ गए हैं। ग्रामीणों ने मांग की है कि प्रस्तावित फ्लाईओवर का निर्माण तुरंत प्रभाव से रोका जाए और इसके स्थान पर गोल चौक बनाया जाए।

स्थानीय लोगों का कहना है कि फोरलेन निर्माण के दौरान भूमि अधिग्रहण के चलते उनका रोजगार और कारोबार पहले ही प्रभावित हुआ है। प्रभावित परिवारों ने कम मुआवजा मिलने के बावजूद बैंक से कर्ज लेकर होटल, रेस्टोरेंट, ढाबे, दुकानें और अन्य पर्यटन गतिविधियों में दोबारा निवेश कर अपने रोजगार को पटरी पर लाने का प्रयास किया।

अब डेढ़ किलोमीटर लंबे फ्लाईओवर के निर्माण से उन्हें अपने कारोबार पर और असर पड़ने की चिंता सता रही है।

प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर दर्ज की आपत्तियां

फ्लाईओवर के विरोध के बीच प्रशासन की ओर से तहसीलदार और नायब तहसीलदार औट मौके पर पहुंचे और स्थानीय लोगों की आपत्तियां दर्ज कीं। हालांकि, ग्रामीणों का कहना है कि उनकी मांगों को लेकर अभी तक कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया है। इसके चलते उन्होंने आंदोलन जारी रखने का फैसला लिया है।

स्थानीय लोगों की आवाजाही होगी प्रभावित

प्रदर्शन में पहुंचे नरेश कुमार ने कहा कि करीब डेढ़ किलोमीटर लंबे फ्लाईओवर के निर्माण के बाद स्थानीय लोगों को अपनी जमीन, पंचायत, सामुदायिक भवन, विभिन्न संस्थानों, कार्यालयों, बस ठहराव, जल स्रोत, नदी, वन क्षेत्र और श्मशान घाट तक पहुंचने के लिए अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ सकती है।

उन्होंने कहा कि कई स्थान फ्लाईओवर से कुछ ही दूरी पर हैं, लेकिन सीधी आवाजाही बाधित होने के कारण लोगों को कई किलोमीटर का अतिरिक्त चक्कर लगाना पड़ेगा।

पर्यटन कारोबार पर असर की जताई आशंका

झीड़ी निवासी दुष्यंत कुमार ने कहा कि क्षेत्र में रिवर राफ्टिंग, पैराग्लाइडिंग जैसी साहसिक पर्यटन गतिविधियों के अलावा होटल, होम स्टे, रेस्टोरेंट, ढाबे और टैक्सी कारोबार से बड़ी संख्या में लोगों की आजीविका जुड़ी हुई है।

उन्होंने आरोप लगाया कि फ्लाईओवर बनने के बाद पर्यटक सीधे मनाली की ओर निकल सकते हैं, जिससे झीड़ी क्षेत्र के स्थानीय पर्यटन कारोबार पर प्रतिकूल असर पड़ेगा और रोजगार के कई साधन प्रभावित हो सकते हैं।

गोल चौक बनाने की मांग, भूख हड़ताल पर बैठे कर्मवीर पठानिया

आमरण अनशन पर बैठे कर्मवीर पठानिया ने कहा कि स्थानीय ग्रामीण लगातार प्रशासन और एनएचएआई से मांग कर रहे हैं कि झीड़ी में फ्लाईओवर की जगह गोल चौक बनाया जाए। उनका कहना है कि इससे वाहनों की आवाजाही भी सुचारू रहेगी और स्थानीय लोगों के कारोबार को भी नुकसान से बचाया जा सकेगा।

उन्होंने कहा कि फ्लाईओवर निर्माण पर करीब 30 करोड़ रुपये से अधिक की राशि खर्च होने की बात सामने आ रही है। कर्मवीर पठानिया ने स्पष्ट किया कि स्थानीय लोगों के हितों को ध्यान में रखते हुए उन्होंने भूख हड़ताल शुरू की है और मांगें पूरी होने तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।

मांग पूरी होने तक आंदोलन जारी रखने की चेतावनी

झीड़ी फ्लाईओवर को लेकर स्थानीय लोगों का विरोध अब लगातार तेज होता जा रहा है। ग्रामीणों ने प्रशासन और एनएचएआई से प्रस्तावित निर्माण पर पुनर्विचार करने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि उनकी मांगों पर जल्द निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

follow us on facebook
subscribe to us on youtube

इस खबर के विषय

इस खबर को शेयर करें