मुख्य सामग्री पर जाएं
शनिवार, 28 नवंबर 2026

मंडी में चलती HRTC बस के पिछले पहिए खुले, 30 यात्रियों की जान बाल-बाल बची

सार

मंडी के ढूगल में छतरी से मंडी जा रही HRTC बस के चलते-चलते पिछले पहिए खुल गए। बस में 30 यात्री सवार थे। चालक ने समय रहते ब्रेक लगाकर बस को नियंत्रित कर लिया, जिससे बस खाई में गिरने से बच गई।

TV Incharge

2 मिनट
मंडी में चलती HRTC बस के पिछले पहिए खुले, 30 यात्रियों की जान बाल-बाल बची

छतरी से मंडी जा रही बस के एक्सल की चूड़ियां टूटने से खुल गए पहिए, चालक की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा

हिमाचल पथ परिवहन निगम (HRTC) की छतरी से मंडी जा रही बस के साथ ढूगल में बड़ा हादसा होते-होते टल गया। चलती बस के अचानक पिछले पहिए खुल गए। बस में उस समय करीब 30 यात्री सवार थे। चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए तुरंत ब्रेक लगाकर बस को नियंत्रित कर लिया, जिससे बस खाई में गिरने से बच गई।

चलते-चलते टूट गया एक्सल

जानकारी के मुताबिक HRTC की बस संख्या एचपी 65 4092 छतरी से मंडी की ओर जा रही थी। जब बस ढूगल पहुंची तो अचानक बस का एक्सल टूट गया और पिछले पहिए खुल गए।

घटना के बाद बस अनियंत्रित होने लगी, लेकिन चालक ने तत्काल ब्रेक लगाकर स्थिति को संभाल लिया। इससे बस पलटने या खाई में गिरने से बच गई।

यात्रियों को लगा जोरदार झटका

अचानक हुई घटना से बस में सवार यात्रियों में हड़कंप मच गया। यात्रियों को जोरदार झटका लगा, हालांकि किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।

बस सड़क के बीचों-बीच रुक गई, जिसके चलते सड़क के दोनों ओर वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई और करीब दो घंटे तक जाम की स्थिति बनी रही। बाद में क्रेन की मदद से बस को सड़क के किनारे हटाया गया, जिसके बाद यातायात बहाल हो सका।

खटारा बसों को लेकर उठे सवाल

घटना के बाद सराज क्षेत्र में भेजी जा रही HRTC बसों की स्थिति और सर्विस को लेकर सवाल उठने लगे हैं। क्षेत्र में पहले भी बसों के सड़क किनारे खराब होने के कारण ग्रामीण बस रूट प्रभावित होने की बात सामने आती रही है।

यात्रियों ने मांग की है कि लंबे रूट पर बस भेजने से पहले उसकी फिटनेस और टायरों समेत अन्य तकनीकी हिस्सों की गहन जांच की जाए, ताकि भविष्य में किसी बड़े हादसे की स्थिति न बने।

सरकाघाट में भी खुल चुके हैं बस के पिछले पहिए

मंडी के सरकाघाट में भी पिछले वर्ष चलती बस के पिछले पहिए खुलने की घटना सामने आई थी। उस समय चालक ने बस को करीब 50 मीटर तक रगड़ते हुए नियंत्रित किया था, जिससे बस हादसे का शिकार होने से बच गई थी।

HRTC अधिकारी ने दी जांच की जानकारी

मंडी के क्षेत्रीय प्रबंधक पीयूष शर्मा ने बताया कि छतरी से मंडी आ रही बस के पिछले पहियों के एक्सल की चूड़ियां टूटने के कारण पहिए खुल गए। उन्होंने कहा कि हादसे की जांच की जा रही है।

follow us on facebook
subscribe to us on youtube

इस खबर के विषय

इस खबर को शेयर करें