मुख्य सामग्री पर जाएं
शनिवार, 28 नवंबर 2026

मंडी के राजेश गुलेरिया ने 1.18 करोड़ से स्थापित की एसेंशियल ऑयल प्रोसेसिंग यूनिट, 20 लोगों को मिलेगा रोजगार

सार

मंडी जिले के लूणापानी निवासी राजेश गुलेरिया ने करीब 1.18 करोड़ रुपये की लागत से आरके एरोमैटिक्स नाम से आवश्यक तेल निष्कर्षण एवं प्रसंस्करण इकाई स्थापित की है। उद्यान विभाग की योजना के तहत उन्हें करीब 50 लाख रुपये का सरकारी अनुदान मिला है। इस इकाई में सुगंधित पौधों और प्राकृतिक संसाधनों से तेल तैयार कर घरेलू बाजार के साथ विदेशों में भी निर्यात किया जाएगा। परियोजना से 15 से 20 लोगों को रोजगार मिलने की संभावना है।

TV Incharge

4 मिनट
मंडी के राजेश गुलेरिया ने 1.18 करोड़ से स्थापित की एसेंशियल ऑयल प्रोसेसिंग यूनिट, 20 लोगों को मिलेगा रोजगार

सुक्खू सरकार की योजना के तहत मिला 50 लाख रुपये का अनुदान, हिमाचल के सुगंधित तेलों को अंतरराष्ट्रीय बाजार तक पहुंचाने की तैयारी

हिमाचल प्रदेश में स्थानीय प्राकृतिक संसाधनों के इस्तेमाल से स्वरोजगार और उद्यमिता को बढ़ावा देने की दिशा में मंडी जिले के राजेश गुलेरिया ने नई पहल की है। बल्ह उपमंडल के लूणापानी निवासी राजेश ने करीब 1.18 करोड़ रुपये की लागत से 'आरके एरोमैटिक्स' नाम से आवश्यक तेल निष्कर्षण एवं प्रसंस्करण इकाई स्थापित की है।

प्रदेश सरकार और उद्यान विभाग के सहयोग से शुरू की गई इस परियोजना का उद्देश्य हिमाचल के सुगंधित पौधों से तैयार उत्पादों को घरेलू और अंतरराष्ट्रीय बाजार तक पहुंचाना है।

राजेश गुलेरिया के बेटे दीक्षांत ने बताया कि आरके एरोमैटिक्स में सेकेंडरी प्रोसेसिंग यूनिट स्थापित की गई है। इसमें डिस्टिलेशन सहित आवश्यक तेलों के निष्कर्षण और प्रसंस्करण के लिए आधुनिक मशीनरी लगाई गई है। इस परियोजना के लिए उद्यान विभाग की एकीकृत बागवानी विकास मिशन योजना का लाभ लिया गया है।

सरकार से मिला 50 लाख रुपये का अनुदान

राजेश गुलेरिया ने वर्ष 2024-25 में उद्यान विभाग के बल्ह कार्यालय में यूनिट स्थापित करने के लिए आवेदन किया था। योजना के तहत मशीनरी की लागत पर 50 प्रतिशत उपदान का प्रावधान है। इसी के तहत उन्हें प्रदेश सरकार की ओर से लगभग 50 लाख रुपये की आर्थिक सहायता मिली, जिससे इस इकाई की स्थापना संभव हो सकी।

पांच दिवसीय प्रशिक्षण से मिली उद्यम की प्रेरणा

राजेश गुलेरिया ने वर्ष 2025-26 में पुष्प क्रांति योजना के तहत जी.बी. पंत राष्ट्रीय हिमालयी पर्यावरण संस्थान, मौहल (कुल्लू) में पांच दिवसीय प्रशिक्षण प्राप्त किया।

इस दौरान उन्होंने सुगंधित पौधों की खेती, आवश्यक तेलों के निष्कर्षण, प्रसंस्करण और मूल्य संवर्धन की व्यावहारिक जानकारी हासिल की। इसके बाद स्थानीय संसाधनों की संभावनाओं को देखते हुए परियोजना तैयार की और सरकारी सहायता से प्रसंस्करण इकाई स्थापित की।

इन सुगंधित पौधों से तैयार होंगे आवश्यक तेल

आरके एरोमैटिक्स में टैगेटिस, कैलमस, क्लेरी सेज, पामारोजा और आर्टेमिसिया जैसे सुगंधित पौधों के अलावा जंगली खुबानी और खुबानी की गिरी से तेल तैयार किया जाएगा। इसके लिए स्थानीय किसानों और संग्राहकों से कच्चा वनस्पति पदार्थ खरीदा जाएगा।

इससे किसानों को अपने उत्पादों के लिए स्थानीय स्तर पर बाजार उपलब्ध होगा। साथ ही सुगंधित फसलों की खेती को बढ़ावा मिलने के साथ उनकी अतिरिक्त आय के अवसर भी बढ़ेंगे।

हिमाचल के सुगंधित तेलों का विदेशों में होगा निर्यात

राजेश गुलेरिया के अनुसार, इकाई में तैयार आवश्यक तेलों का विपणन घरेलू बाजार के साथ-साथ विदेशों में भी किया जाएगा। उनका उद्देश्य हिमाचल में उपलब्ध सुगंधित पौधों और प्राकृतिक संसाधनों का मूल्य संवर्धन कर उन्हें अंतरराष्ट्रीय बाजार तक पहुंचाना है। इससे स्थानीय उत्पादों को वैश्विक पहचान मिलने के साथ किसानों और वनस्पति संग्राहकों के लिए भी नए अवसर पैदा होंगे।

उन्होंने बताया कि इकाई की उत्पादन क्षमता के आधार पर सालाना करीब 2.46 करोड़ रुपये के कारोबार का अनुमान है। इससे लगभग 80 लाख से एक करोड़ रुपये तक मुनाफा होने की संभावना है। इसके अलावा यूनिट के संचालन से करीब 15 से 20 कुशल एवं अकुशल कामगारों और तकनीकी कर्मचारियों को रोजगार मिलेगा।

राज्य सरकार और उद्यान विभाग का जताया आभार

राजेश गुलेरिया ने उद्यम स्थापित करने में प्रदेश सरकार और उद्यान विभाग से मिले सहयोग, मार्गदर्शन एवं प्रोत्साहन के लिए मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू और प्रदेश सरकार का आभार जताया।

उन्होंने कहा कि आर्थिक सहायता और जरूरी प्रशिक्षण ने उनके उद्यम के सपने को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। भविष्य में अधिक से अधिक स्थानीय किसानों और संग्राहकों को इस उद्यम से जोड़ना उनका लक्ष्य है।

आधुनिक तकनीक से होगी तेलों की गुणवत्ता की जांच

विषयवाद विशेषज्ञ उद्यान सुंदरनगर डॉ. राजेश कुमार शर्मा ने बताया कि इकाई में आधुनिक प्रसंस्करण मशीनरी के साथ गैस क्रोमैटोग्राफी आधारित गुणवत्ता विश्लेषण की सुविधा भी उपलब्ध होगी। इसके माध्यम से तैयार आवश्यक तेलों की गुणवत्ता का वैज्ञानिक तरीके से परीक्षण किया जा सकेगा।

करीब 2.46 करोड़ रुपये के अनुमानित वार्षिक कारोबार वाली यह इकाई कृषि एवं बागवानी उत्पादों के मूल्य संवर्धन, किसानों की आय बढ़ाने, ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार सृजन और हिमाचल के प्राकृतिक संसाधनों को अंतरराष्ट्रीय बाजार से जोड़ने की दिशा में एक नई पहल है।

follow us on facebook
subscribe to us on youtube

इस खबर के विषय

इस खबर को शेयर करें