मुख्य सामग्री पर जाएं
शनिवार, 28 नवंबर 2026

हिमाचल में लॉटरी शुरू करने की योजना को झटका, दूसरे टेंडर में भी नहीं मिली एक भी कंपनी

सार

हिमाचल प्रदेश में लॉटरी दोबारा शुरू करने की सरकार की योजना को एक बार फिर झटका लगा है। सोल सेलिंग एजेंट नियुक्त करने के लिए जारी दूसरे ई-टेंडर में भी किसी कंपनी ने बोली नहीं लगाई। अब विभाग लाइसेंस फीस और बैंक गारंटी की शर्तों में राहत देने पर विचार कर रहा है। सरकार को लॉटरी से सालाना करोड़ों रुपये का राजस्व मिलने की उम्मीद है।

TV Incharge

2 मिनट
हिमाचल में लॉटरी शुरू करने की योजना को झटका, दूसरे टेंडर में भी नहीं मिली एक भी कंपनी

सोल सेलिंग एजेंट नियुक्त करने के लिए जारी ई-टेंडर में कंपनियों ने नहीं दिखाई रुचि, लाइसेंस फीस और बैंक गारंटी की शर्तें घटाने पर विचार कर रहा विभाग

हिमाचल प्रदेश में लॉटरी दोबारा शुरू करने की सरकार की योजना को एक बार फिर झटका लगा है। लॉटरी संचालन के लिए सोल सेलिंग एजेंट नियुक्त करने के उद्देश्य से जारी दूसरे ई-टेंडर में भी किसी कंपनी ने रुचि नहीं दिखाई।

20 नवंबर तक तकनीकी और वित्तीय निविदा प्रक्रिया में एक भी कंपनी ने हिस्सा नहीं लिया। ऐसे में 21 नवंबर को टेंडर खोले जाने थे, लेकिन विभाग को कोई बोली प्राप्त नहीं हुई।

इससे पहले 25 अगस्त को विभाग ने पहला ई-टेंडर जारी किया था, जिसकी अंतिम तिथि 14 सितंबर निर्धारित की गई थी। इस प्रक्रिया में दो बड़ी कंपनियों ने रुचि दिखाई थी, लेकिन दोनों ने टेंडर की शर्तों को अव्यावहारिक बताया था। इनमें 30 करोड़ रुपये की बैंक गारंटी, 10 करोड़ रुपये सालाना लाइसेंस फीस और हर साल पांच प्रतिशत की वृद्धि जैसी शर्तें शामिल थीं।

इसके अलावा टर्नओवर का दो प्रतिशत या छह करोड़ रुपये (जो भी अधिक हो), 40 प्रतिशत जीएसटी, दो करोड़ रुपये की ईएमडी और 50 करोड़ रुपये की नेटवर्थ की शर्त भी रखी गई थी।

कंपनियों की ओर से शर्तों पर आपत्ति जताए जाने के बाद सरकार ने पहला टेंडर वापस ले लिया था। इसके बाद संशोधित टेंडर प्रक्रिया में केवल ऑफलाइन यानी कागजी लॉटरी का विकल्प रखा गया, लेकिन इसके बावजूद कंपनियों ने कोई दिलचस्पी नहीं दिखाई।

शर्तें आसान करने पर विचार कर रहा विभाग

सरकार को लॉटरी शुरू होने से शुरुआती दौर में 10 से 20 करोड़ रुपये और बाद में सालाना 50 से 100 करोड़ रुपये तक राजस्व मिलने की उम्मीद थी। प्रदेश पर 1.03 लाख करोड़ रुपये के कर्ज के बीच सरकार गैर-कर राजस्व बढ़ाने के लिए लॉटरी को एक विकल्प के रूप में देख रही है।

लगातार दो टेंडर में कंपनियों की ओर से रुचि नहीं दिखाए जाने के बाद अब विभाग तीसरी बार टेंडर की तारीख बढ़ाने और शर्तों को सरल बनाने पर विचार कर रहा है। इसके तहत लाइसेंस फीस को 10 करोड़ से घटाकर पांच करोड़ रुपये और बैंक गारंटी को 30 करोड़ से घटाकर 15 करोड़ रुपये करने का प्रस्ताव वित्त विभाग को भेजा गया है।

गौरतलब है कि हिमाचल प्रदेश राज्य लॉटरी (विनियमन) नियम-2026 को चार जून 2026 को अधिसूचित किया गया था। अब लॉटरी दोबारा शुरू करने की योजना आगे बढ़ाने के लिए विभाग को टेंडर की शर्तों में राहत देने और कंपनियों की भागीदारी सुनिश्चित करने की चुनौती है।

follow us on facebook
subscribe to us on youtube

इस खबर के विषय

इस खबर को शेयर करें