मुख्य सामग्री पर जाएं
शनिवार, 28 नवंबर 2026

मंडी में विद्युत बोर्ड पेंशनर्स फोरम की बैठक, लंबित एरियर के भुगतान की उठी मांग

सार

मंडी में विद्युत बोर्ड पेंशनर्स फोरम की मासिक बैठक आयोजित हुई, जिसमें करीब 100 पेंशनरों ने भाग लिया। बैठक में लंबित एरियर और अन्य देनदारियों का जल्द भुगतान करने की मांग उठाई गई। पेंशनरों ने बोर्ड मैनेजमेंट से केंद्रीय कार्यकारिणी को वार्ता के लिए बुलाने का भी आग्रह किया।

TV Incharge

3 मिनट
मंडी में विद्युत बोर्ड पेंशनर्स फोरम की बैठक, लंबित एरियर के भुगतान की उठी मांग

मंडी यूनिट की मासिक बैठक में करीब 100 पेंशनरों ने लिया हिस्सा, 2016 से 2022 के बीच सेवानिवृत्त पेंशनरों की देनदारियां जल्द जारी करने की मांग

विद्युत बोर्ड पेंशनर्स फोरम की मंडी यूनिट की मासिक बैठक 5 अक्तूबर 2026 को वरिष्ठ नागरिक कल्याण भवन, जेल रोड मंडी में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता विद्युत बोर्ड पेंशनर्स फोरम मंडी यूनिट के चीफ पैटर्न गजपाल सिंह मंडियाल ने की। बैठक में करीब 100 पेंशनरों ने भाग लिया। मंच संचालन मंडी यूनिट के उप सचिव ई. श्याम लाल शर्मा ने किया।

बैठक को ई. श्याम लाल शर्मा, ई. सुरेश राणा, जितेन्द्र वालिया, गजपाल सिंह मंडियाल, ई. मोहिंदर सिंह गुलेरिया, महेश उपाध्याय, हेम सिंह सहित अन्य वक्ताओं ने संबोधित किया। वक्ताओं ने बोर्ड मैनेजमेंट और सरकार से पेंशनरों के लंबित क्लेम और देनदारियों का जल्द भुगतान करने की मांग उठाई।

बैठक में विशेष रूप से 1 जनवरी 2016 से 31 मार्च 2022 के बीच सेवानिवृत्त हुए पेंशनरों के लंबित एरियर का मुद्दा उठाया गया। वक्ताओं ने कहा कि इस अवधि में सेवानिवृत्त पेंशनरों का संशोधित वेतनमान, संशोधित ग्रेच्युटी, लीव एनकैशमेंट और 15 प्रतिशत लंबित डीए सहित कई प्रकार का एरियर अभी बाकी है। उन्होंने मांग की कि सभी लंबित देनदारियों का जल्द से जल्द भुगतान किया जाए।

पेंशनरों ने यह भी मांग की कि जिन पेंशनरों का एरियर अभी बकाया है, उन्हें स्पष्ट रूप से बताया जाए कि उनका कुल कितना एरियर बना है, उसमें से कितना भुगतान किया जा चुका है और कितना अभी लंबित है। वक्ताओं के अनुसार, बोर्ड मैनेजमेंट के साथ होने वाली बैठकों में यह मामला लगातार उठाया जाता रहा है, लेकिन अभी तक अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई है, जिससे पेंशनरों में रोष है।

वक्ताओं ने कहा कि 1 जनवरी 2016 से 31 मार्च 2022 के बीच सेवानिवृत्त हुए पेंशनर सबसे अधिक प्रभावित हैं। उन्होंने बोर्ड मैनेजमेंट से क्लास-1 और क्लास-2 पदों से सेवानिवृत्त पेंशनरों को 15 प्रतिशत और 15 प्रतिशत तथा क्लास-3 पदों से सेवानिवृत्त पेंशनरों को 35 प्रतिशत और 30 प्रतिशत के हिसाब से पूरे पेंशन एरियर का भुगतान जल्द करने

की मांग की। उन्होंने कहा कि हिमाचल सरकार के कर्मचारियों को यह एरियर मिल चुका है।

बैठक में जीवित प्रमाण पत्र जमा करने की सुविधा का मुद्दा भी उठाया गया। पेंशनरों ने बोर्ड मैनेजमेंट से मांग की कि ऑनलाइन सुविधा के साथ-साथ ऑफलाइन माध्यम से भी जीवित प्रमाण पत्र जमा करवाने की व्यवस्था की जाए।

वक्ताओं ने कहा कि कई पेंशनर दूरदराज के क्षेत्रों में रहते हैं और कई पेंशनर तथा पारिवारिक पेंशनर पढ़ने-लिखने में सक्षम नहीं हैं, ऐसे में ऑफलाइन सुविधा उनके लिए उपयोगी होगी।

बैठक के अंत में ई. श्याम लाल शर्मा ने सभी सदस्यों का बैठक में बड़ी संख्या में भाग लेने के लिए धन्यवाद किया। उन्होंने केंद्रीय कार्यकारिणी की ओर से लिए गए निर्णयों की जानकारी भी सदस्यों को दी।

उन्होंने बताया कि विद्युत बोर्ड पेंशनर्स फोरम हिमाचल प्रदेश के प्रधान ई. ए. एस. गुप्ता ने केंद्रीय कार्यकारिणी के निर्णय के अनुसार बोर्ड मैनेजमेंट को 21 मांगों का मांगपत्र भेजा है।

उन्होंने बताया कि बोर्ड के चेयरमैन प्रबोध सक्सेना को बार-बार पत्र लिखकर केंद्रीय कार्यकारिणी के साथ बैठक के लिए समय मांगा गया है। बैठक के माध्यम से पेंशनरों ने विद्युत बोर्ड के चेयरमैन से आग्रह किया कि केंद्रीय कार्यकारिणी को जल्द से जल्द वार्ता के लिए बुलाया जाए, ताकि पेंशनरों की मांगों और अन्य समस्याओं का समाधान किया जा सके।

follow us on facebook
subscribe to us on youtube

इस खबर के विषय

  • पेंशनर्स
  • बैठक
  • एरियर
  • विद्युत बोर्ड
  • देनदारियां
  • वेतनमान

इस खबर को शेयर करें