दसवीं, आठवीं और बारहवीं कक्षा के विद्यार्थियों को स्कॉलरशिप के साथ प्रमाण पत्र देकर किया सम्मानित
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला नूरपुर में जस्टिस आरके महाजन स्कॉलरशिप सर्टिफिकेट ऑफ अचीवमेंट के तहत विद्यार्थियों को स्कॉलरशिप प्रदान की गई। इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य केसी दियोल और स्कूल स्टाफ ने चयनित विद्यार्थियों तथा उनके अभिभावकों को स्कॉलरशिप राशि और प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।
स्कॉलरशिप के तहत बारहवीं कक्षा के एक विद्यार्थी को 8 हजार रुपये की राशि प्रदान की गई। वहीं, दसवीं और आठवीं कक्षा के दो विद्यार्थियों को 5-5 हजार रुपये की स्कॉलरशिप दी गई। इस पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों को शिक्षा के क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रोत्साहित करना है।
विद्यालय के प्रधानाचार्य केसी दियोल ने विद्यार्थियों के लिए स्कॉलरशिप शुरू करने और उन्हें शिक्षा के क्षेत्र में प्रोत्साहित करने के लिए जस्टिस आरके महाजन का आभार व्यक्त किया। उन्होंने स्कॉलरशिप प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों को बधाई दी।
प्रधानाचार्य ने विद्यार्थियों से अपनी पढ़ाई पर विशेष ध्यान देने का आह्वान करते हुए कहा कि उन्हें भविष्य में विद्यालय, अभिभावकों और क्षेत्र का नाम रोशन करने के लिए निरंतर मेहनत करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि शिक्षा के साथ-साथ विद्यार्थियों को अनुशासन और सकारात्मक सोच को भी अपने जीवन का हिस्सा बनाना चाहिए।
उन्होंने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि मेहनत और लगन के साथ विद्यार्थी अपने निर्धारित लक्ष्यों को हासिल कर सकते हैं। स्कॉलरशिप जैसी पहल विद्यार्थियों को बेहतर प्रदर्शन करने और अपने शैक्षणिक लक्ष्यों की ओर आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करती है।
follow us on facebook
subscribe to us on youtube