दिनका घार के पास मध्यरात्रि को हुआ हादसा, पेट्रोल पंप से भरमौर लौट रहे थे दोनों; पुलिस ने शुरू की जांच
चंबा जिले के भरमौर क्षेत्र में भरमौर-पठानकोट हाईवे पर वीरवार मध्यरात्रि एक दर्दनाक सड़क हादसा पेश आया। दिनका घार के पास एक बोलेरो टैक्सी अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में वाहन में सवार दो लोगों की मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।
मृतकों की पहचान रविंदर कुमार (39) पुत्र मचला राम निवासी भरमौर और विशाल कुमार (32) पुत्र करनैल सिंह निवासी गौसन, भरमौर के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, रविंदर कुमार बोलेरो टैक्सी नंबर एचपी-01सी-3250 में विशाल कुमार के साथ लाहल स्थित पेट्रोल पंप पर पेट्रोल भरवाने के लिए गया था।
पेट्रोल भरवाने के बाद दोनों मध्यरात्रि के पश्चात वाहन लेकर भरमौर की ओर लौट रहे थे।
बताया जा रहा है कि दिनका घार के समीप पहुंचने पर बोलेरो टैक्सी अचानक चालक के नियंत्रण से बाहर हो गई। इसके बाद वाहन सड़क से नीचे गहरी खाई में जा गिरा। हादसा रात के समय होने के कारण काफी देर तक दोनों के वापस नहीं लौटने पर परिजनों और परिचितों को चिंता हुई। जब मोबाइल फोन पर भी दोनों से संपर्क नहीं हो पाया तो उनकी तलाश शुरू की गई।
तलाश के दौरान दिनका घार के पास बोलेरो टैक्सी दुर्घटनाग्रस्त हालत में गहरी खाई में मिली। इसके बाद स्थानीय लोगों और अन्य लोगों की मदद से दोनों को खाई से बाहर निकाला गया और उपचार के लिए सिविल अस्पताल भरमौर पहुंचाया गया। अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया।
हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस टीम भी मौके पर पहुंची और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू की। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बोलेरो टैक्सी को कब्जे में लेकर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस अधीक्षक विजय सकलानी ने बताया कि हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। दोनों शवों का पोस्टमार्टम करवाने के बाद उन्हें परिजनों के सुपुर्द किया जाएगा।
follow us on facebook
subscribe to us on youtube