मुख्य सामग्री पर जाएं
शनिवार, 28 नवंबर 2026

कांगड़ा में कानून-व्यवस्था सख्त, पर्यटन और मानसून सीजन को देखते हुए पुलिस ने बढ़ाई सतर्कता

सार

जिला कांगड़ा में कानून-व्यवस्था मजबूत करने, पर्यटन सीजन और मानसून सुरक्षा को देखते हुए पुलिस ने रणनीति तेज कर दी है। एसपी कांगड़ा ने लंबित मामलों के निपटारे, नशा तस्करों पर कार्रवाई और ट्रैफिक व्यवस्था सुधार के निर्देश दिए हैं।

2 मिनट
कांगड़ा में कानून-व्यवस्था सख्त, पर्यटन और मानसून सीजन को देखते हुए पुलिस ने बढ़ाई सतर्कता

अपराध नियंत्रण, नशा तस्करी पर कार्रवाई और ट्रैफिक व्यवस्था सुधार को लेकर एसपी ने दिए सख्त निर्देश

जिला कांगड़ा में कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाने, अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण और आगामी पर्यटन सीजन व मानसून के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। इसको लेकर धर्मशाला स्थित जिला मुख्यालय में मासिक अपराध समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें सभी थाना प्रभारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए।

बैठक की अध्यक्षता करते हुए एसपी कांगड़ा कुलभूषण वर्मा ने वर्ष 2026 के लंबित मामलों की समीक्षा की और सभी थाना प्रभारियों को जांच और डिटेक्शन कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मामलों का समयबद्ध निपटारा पुलिस की प्राथमिकता होनी चाहिए।

एसपी ने बताया कि मैक्लोडगंज, कांगड़ा, चामुंडा, पालमपुर और बीड़-बैजनाथ जैसे प्रमुख पर्यटन स्थलों पर ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया जाएगा, ताकि पर्यटकों और स्थानीय लोगों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

बैठक में नशा तस्करी (NDPS) मामलों पर भी विशेष चर्चा हुई। एसपी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सक्रिय नशा तस्करों और पेडलरों पर कड़ी निगरानी रखी जाए और उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। इसके साथ ही एंटी-चिट्टा अभियान के तहत स्कूलों और पंचायतों में जागरूकता कार्यक्रम चलाने और नशा निवारण समितियों की नियमित समीक्षा करने के निर्देश भी दिए गए।

हाल ही में धर्मशाला थाना क्षेत्र के फतेहपुर में हुई चोरी की घटना का उल्लेख करते हुए एसपी ने बताया कि पुलिस ने तकनीकी जांच के आधार पर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। चोरी गए सोने और नकदी की बरामदगी के लिए पुलिस टीम सक्रिय है और जल्द ही पूरी रिकवरी की उम्मीद है।

मानसून को देखते हुए पुलिस ने नदी-नालों और खड्डों के आसपास गश्त बढ़ा दी है। संवेदनशील स्थानों पर चेतावनी बोर्ड लगाए गए हैं और लोगों से अपील की गई है कि वे जलस्तर अचानक बढ़ने की आशंका के चलते इन क्षेत्रों में जाने से बचें।

एसपी कुलभूषण वर्मा ने कहा कि पुलिस का लक्ष्य केवल अपराध नियंत्रण ही नहीं, बल्कि जनता की सुरक्षा और जागरूकता बढ़ाना भी है, जिसके लिए सभी स्तरों पर कार्रवाई तेज कर दी गई है।

facebook

इस खबर के विषय

इस खबर को शेयर करें