मुख्य सामग्री पर जाएं
शनिवार, 28 नवंबर 2026

जोगिंदरनगर से औषधीय पौधों का केंद्र शिफ्ट करने का फैसला, विधायक प्रकाश राणा ने विधानसभा में जताया विरोध

सार

जोगिंदरनगर स्थित आयुष मंत्रालय के नेशनल मेडिसिनल प्लांट्स बोर्ड के अधीन संचालित रीजनल-कम-फैसिलिटेशन सेंटर को नौणी, सोलन शिफ्ट करने के फैसले का स्थानीय विधायक प्रकाश राणा ने विधानसभा में विरोध किया है। उन्होंने सरकार से केंद्र का स्थानांतरण रोकने और इसे जोगिंदरनगर में ही यथावत रखने की मांग की।

2 मिनट
जोगिंदरनगर से औषधीय पौधों का केंद्र शिफ्ट करने का फैसला, विधायक प्रकाश राणा ने विधानसभा में जताया विरोध

नौणी शिफ्ट करने के फैसले को बताया जोगिंदरनगर की जनता के साथ अन्याय, किसान और युवा कर रहे क्रमिक भूख हड़ताल

जोगिंदरनगर स्थित आयुष मंत्रालय के नेशनल मेडिसिनल प्लांट्स बोर्ड के अधीन संचालित रीजनल-कम-फैसिलिटेशन सेंटर को नौणी, सोलन शिफ्ट करने के फैसले का स्थानीय विधायक प्रकाश राणा ने विधानसभा में कड़ा विरोध किया है। विधायक ने सदन में मामला उठाते हुए इस फैसले को जोगिंदरनगर की जनता के साथ बड़ा अन्याय बताया।

2017 से जोगिंदरनगर में चल रहा है केंद्र

प्रकाश राणा ने कहा कि यह केंद्र वर्ष 2017 से जोगिंदरनगर में सफलतापूर्वक संचालित हो रहा है। केंद्र के माध्यम से औषधीय पौधों की खेती को बढ़ावा देने के साथ किसानों को प्रशिक्षण और पौध सामग्री उपलब्ध कराई जा रही है।

उन्होंने कहा कि इससे क्षेत्र के किसानों और ग्रामीणों को लाभ मिल रहा है तथा ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने में केंद्र की महत्वपूर्ण भूमिका है। ऐसे में स्थापित संस्थान को जोगिंदरनगर से हटाकर डॉ. वाई.एस. परमार विश्वविद्यालय नौणी में स्थानांतरित करना उचित नहीं है।

किसान और युवा कर रहे विरोध

विधायक ने कहा कि केंद्र के स्थानांतरण के फैसले के खिलाफ क्षेत्र की जनता, किसान और युवा लगातार विरोध कर रहे हैं। स्थानीय लोग इस निर्णय के विरोध में क्रमिक भूख हड़ताल भी कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि यह केवल एक संस्थान के स्थानांतरण का मामला नहीं है, बल्कि इससे क्षेत्र के किसानों, युवाओं और ग्रामीण अर्थव्यवस्था से जुड़े हित प्रभावित होंगे।

केंद्र का स्थानांतरण रोकने की मांग

प्रकाश राणा ने प्रदेश सरकार और मुख्यमंत्री से मांग की कि केंद्र सरकार तथा आयुष मंत्रालय से तत्काल बातचीत की जाए और रीजनल-कम-फैसिलिटेशन सेंटर का जोगिंदरनगर से स्थानांतरण रोका जाए।

उन्होंने कहा कि वर्षों से स्थापित संस्थान को जोगिंदरनगर से छीनना बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने केंद्र को जोगिंदरनगर में ही यथावत रखने की मांग की।

follow us on facebook
subscribe to us on youtube

इस खबर के विषय

इस खबर को शेयर करें