मंडी।
पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के नतीजों को लेकर मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू पर तीखा हमला बोला है। मंडी में भाजपा के चुनाव कार्यालयों का उद्घाटन करने के उपरांत मीडिया से बातचीत करते हुए जयराम ठाकुर ने कहा कि मुख्यमंत्री सुक्खू का चुनाव प्रचार कांग्रेस के लिए 'बदकिस्मती'
लेकर आ रहा है। उन्होंने दावा किया कि बंगाल में जिस विधानसभा क्षेत्र में मुख्यमंत्री प्रचार करने गए थे, वहाँ कांग्रेस प्रत्याशी को केवल 650 वोट मिले और उसे अपनी जमानत तक गंवानी पड़ी।
जयराम ठाकुर ने मुख्यमंत्री पर निशाना साधते हुए कहा कि अब केवल हिमाचल ही नहीं, बल्कि देश भर की जनता जान चुकी है कि सीएम सुक्खू सिर्फ 'झूठ की राजनीति' करते हैं। उन्होंने तंज कसा कि मुख्यमंत्री जहाँ भी जाते हैं, वहाँ कांग्रेस की हार सुनिश्चित हो जाती है।
नेता प्रतिपक्ष ने असम चुनाव का उदाहरण देते हुए कहा कि वहां भी मुख्यमंत्री के प्रचार का कांग्रेस को कोई लाभ नहीं मिला और जनता ने उनके बहकावे में आने से साफ इनकार कर दिया।
ईवीएम पर कांग्रेस के दोहरे मापदंड
चुनाव परिणामों के बाद कांग्रेस द्वारा ईवीएम (EVM) पर उठाए जा रहे सवालों पर भी जयराम ठाकुर ने पलटवार किया। उन्होंने कहा कि यह हास्यास्पद है कि जिस ईवीएम के माध्यम से हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनी, हार मिलने पर उसी को दोष दिया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस का यह पुराना ढर्रा बन चुका है कि जीत मिलने पर चुप रहो और हार मिलने पर सारा ठीकरा ईवीएम पर फोड़ दो, जबकि देश में ईवीएम के जरिए पूरी पारदर्शिता के साथ चुनाव संपन्न कराए जा रहे हैं।
सुक्खू मॉडल हर जगह फेल
नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि मुख्यमंत्री सुक्खू जिस 'हिमाचल मॉडल' का बखान बाहरी राज्यों में जाकर करते हैं, वह पूरी तरह फेल साबित हो चुका है। हिमाचल की जनता आज भी उन गारंटियों का इंतजार कर रही है जो चुनाव के वक्त दी गई थीं।
यही कारण है कि दूसरे राज्यों की जनता ने भी कांग्रेस के इन खोखले दावों को सिरे से खारिज कर दिया है। ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस के भीतर भी अब मुख्यमंत्री की कार्यप्रणाली को लेकर असंतोष बढ़ रहा है।
भाजपा कार्यकर्ताओं में उत्साह
मंडी में चुनाव कार्यालयों के उद्घाटन के दौरान जयराम ठाकुर ने कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए कहा कि आने वाले समय में भाजपा की जीत का सिलसिला इसी तरह जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि बंगाल की जीत ने यह स्पष्ट कर दिया है कि प्रधानमंत्री मोदी की नीतियों पर जनता का अटूट विश्वास है।
इस अवसर पर भारी संख्या में भाजपा पदाधिकारी और स्थानीय कार्यकर्ता उपस्थित रहे, जिन्होंने पार्टी के पक्ष में जोरदार नारेबाजी की।