शिमला।
राजधानी शिमला के अन्नाडेल क्षेत्र में एक 12वीं कक्षा के छात्र द्वारा आत्महत्या करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। मृतक की पहचान निखिलेष के रूप में हुई है, जो ठाकुर बाग, अन्नाडेल का निवासी था।
सोमवार को जैसे ही पुलिस को घटना की सूचना मिली, पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि छात्र परीक्षा परिणाम में असफल होने के कारण पिछले कुछ समय से भारी मानसिक तनाव में था।
दोस्त ने दी 112 हेल्पलाईन पर सूचना
घटना का खुलासा तब हुआ जब मृतक के दोस्त निखिल शर्मा ने 112 हेल्पलाईन के माध्यम से पुलिस को सूचना दी कि उसके दोस्त ने फांसी लगा ली है। सूचना मिलते ही निरीक्षक पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुँचे।
पुलिस को निखिलेष अपने पिता श्री प्रेमलाल शर्मा के फ्लैट में पंखे से लटका हुआ मिला। पुलिस टीम ने तुरंत शव को कब्जे में लिया और मौके की फोटोग्राफी व वीडियोग्राफी करवाई गई ताकि साक्ष्यों के साथ कोई छेड़छाड़ न हो सके।
मानसिक तनाव बना मौत का कारण
पुलिस की प्रारंभिक पूछताछ में मृतक के पिता प्रेमलाल शर्मा ने बताया कि निखिलेष 10+2 के परीक्षा परिणाम में उत्तीर्ण नहीं हो पाया था। असफल होने के कारण वह मानसिक रूप से टूट चुका था और काफी तनाव में रह रहा था।
माना जा रहा है कि इसी अवसाद के चलते उसने यह आत्मघाती कदम उठाया। पुलिस ने शव का बारीकी से निरीक्षण किया, लेकिन शरीर पर किसी भी तरह की बाहरी चोट के निशान नहीं पाए गए हैं।
पोस्टमार्टम के लिए IGMC भेजा गया शव
उप पुलिस अधीक्षक ने स्वयं घटनास्थल का दौरा कर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। पुलिस ने गवाहों के बयान दर्ज कर लिए हैं और आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं (फार्म 25.35 ABC व 25.39) पूर्ण कर ली हैं।
मृतक के माता-पिता ने निखिलेष की मृत्यु पर किसी भी प्रकार का संदेह व्यक्त नहीं किया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए IGMC शिमला के शवगृह में रखा गया है। पुलिस प्रशासन का कहना है कि आगे की कार्रवाई पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर अमल में लाई जाएगी।