चंबा।
हिमाचल प्रदेश के ऐतिहासिक शहर चंबा के नाम एक और स्वर्णिम उपलब्धि जुड़ गई है। बीसीसीआई (BCCI) और एचपीसीए (HPCA) द्वारा चंबा के ऐतिहासिक चौगान मैदान में आयोजित दो दिवसीय आईपीएल फैन पार्क ने भीड़ के पिछले सभी रिकॉर्ड ध्वस्त कर दिए हैं।
डिजिटल क्रांति के इस युग में चंबा के क्रिकेट प्रेमियों के उत्साह ने न केवल देश का ध्यान खींचा, बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी अमिट छाप छोड़ी है। दो दिनों तक चले इस क्रिकेट महाकुंभ में कुल 46,032 दर्शकों ने अपनी उपस्थिति दर्ज करवाकर एक नया कीर्तिमान स्थापित किया।
आंकड़ों में क्रिकेट का रोमांच
आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, फैन पार्क के पहले दिन 21,465 दर्शकों ने बड़ी स्क्रीन पर मैच का लुत्फ उठाया। दूसरे दिन उत्साह का ग्राफ और ऊपर चढ़ गया और कुल 24,567 लोग चौगान पहुँचे।
दोनों दिन मिलाकर करीब 29,538 पुरुष मैदान में मौजूद रहे। क्रिकेट के प्रति महिलाओं का क्रेज भी देखते ही बना, जिनकी संख्या दूसरे दिन बढ़कर 4,985 तक पहुँच गई। साथ ही हजारों बच्चों ने भी इस आयोजन का आनंद लिया। प्रशासन के आला अधिकारियों सहित 22 विशिष्ट अतिथियों ने भी इस ऐतिहासिक पल की गवाही दी।
सात समंदर पार तक पहुँची चंबा की चमक
लाइव स्ट्रीमिंग के दौरान कमेंटेटर्स और क्रिकेट विशेषज्ञों द्वारा बार-बार चंबा के फैन पार्क और यहाँ के दर्शकों के अद्भुत उत्साह का जिक्र किया गया। विशेष रूप से जब दर्शक अपनी पारंपरिक चंबयाली वेशभूषा में स्क्रीन पर नज़र आए, तो चंबा की समृद्ध संस्कृति की चमक ग्लोबल प्लेटफार्म पर सात समंदर पार तक पहुँची।
विशेषज्ञों द्वारा चंबा की खूबसूरत वादियों और खेल के प्रति यहाँ के जुनून की प्रशंसा किए जाने से जिला के पर्यटन और 'चलो चंबा' अभियान को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर एक जबरदस्त बूस्ट मिला है।
प्रशासनिक अधिकारियों की गरिमामयी उपस्थिति
इस क्रिकेट उत्सव को सफल बनाने में जिला प्रशासन का पूर्ण सहयोग रहा। फैन पार्क में विशिष्ट अतिथियों के रूप में उपायुक्त मुकेश रेप्सवाल, एडीसी अमित मैहरा, एसडीएम प्रियांशु खाती, जिला पर्यटन विकास अधिकारी राजीव मिश्रा और मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ.
पंकज गुप्ता सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। इस आयोजन की सफलता ने यह सिद्ध कर दिया है कि चंबा भविष्य में बड़े अंतरराष्ट्रीय आयोजनों और खेल प्रतियोगिताओं की मेजबानी के लिए पूरी तरह सक्षम और तैयार है।