हमीरपुर।
जिला प्रशासन ने आगामी पंचायती राज चुनावों को लेकर अपनी तैयारियां मुकम्मल कर ली हैं। इसी कड़ी में आज हमीरपुर के खंड विकास कार्यालय (BDO Office) में चुनावी ड्यूटी में तैनात कर्मचारियों के लिए पहली रिहर्सल का आयोजन किया गया। इस प्रशिक्षण कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य नामांकन प्रक्रिया को त्रुटिहीन बनाना और कर्मचारियों को नियमों के प्रति सजग करना है।
एसडीएम संजीत सिंह की देखरेख में ट्रेनिंग
सहायक निर्वाचन अधिकारी एवं एसडीएम हमीरपुर, संजीत सिंह की अगुवाई में आयोजित इस रिहर्सल में विभिन्न विभागों के 45 से अधिक कर्मचारियों ने भाग लिया। प्रशिक्षण के दौरान कर्मचारियों को नामांकन पत्र भरने की प्रक्रिया, दस्तावेजों की जांच और इस दौरान बरती जाने वाली सावधानियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।
प्रशासन का प्रयास है कि चुनाव के दौरान नामांकन प्रक्रिया में किसी भी स्तर पर कोई तकनीकी या कानूनी गलती न हो।
चुनाव आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार, पंचायत समिति के नामांकन भरने के लिए 7, 8 और 11 मई की तिथियां निर्धारित की गई हैं। इन तय दिनों में उम्मीदवार अपने पर्चे दाखिल कर सकेंगे। कर्मचारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे आयोग द्वारा तय किए गए समय और नियमों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करें।
कहाँ, किसके पास भरा जाएगा नामांकन?
एसडीएम संजीत सिंह ने स्पष्ट किया कि नामांकन प्रक्रिया को विकेंद्रीकृत किया गया है ताकि व्यवस्था बनी रहे वार्ड सदस्य, उप-प्रधान और प्रधान इनके नामांकन संबंधित पंचायत घरों में नामित अधिकारियों के समक्ष भरे जाएंगे।
ब्लॉक समिति (पंचायत समिति) इनके नामांकन संबंधित क्षेत्र के एआरओ (ARO) एवं तहसीलदार के समक्ष दाखिल होंगे। जिला परिषद सदस्यों के नामांकन एसडीएम एवं सहायक निर्वाचन अधिकारी के समक्ष भरे जाएंगे।
प्रशासन की अपील और तैयारी
एसडीएम ने बताया कि जिला प्रशासन निष्पक्ष और शांतिपूर्ण चुनाव संपन्न कराने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा, रिहर्सल के माध्यम से यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि हर कर्मचारी अपनी जिम्मेदारी को समझे। वार्ड स्तर से लेकर जिला परिषद तक की नामांकन प्रक्रिया के लिए अलग-अलग स्थान और अधिकारी नियुक्त किए गए हैं, ताकि उम्मीदवारों को भी किसी असुविधा का सामना न करना पड़े।