मुख्य सामग्री पर जाएं
शनिवार, 28 नवंबर 2026

त्योहारी सीजन के बाद घर लौटने लगे लोग, HRTC ने ऊना और हरोली से बद्दी-चंडीगढ़ के लिए चलाईं विशेष बसें

सार

दीपावली और त्योहार मनाने के बाद लोगों की कामकाज वाले क्षेत्रों की ओर वापसी शुरू हो गई है। यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए HRTC के ऊना और हरोली डिपो ने बद्दी और चंडीगढ़ के लिए विशेष बसें चलाई हैं। दिल्ली और अंबाला रूट पर भी मांग बढ़ने पर अतिरिक्त बसें उपलब्ध करवाई जाएंगी।

TV Incharge

2 मिनट
त्योहारी सीजन के बाद घर लौटने लगे लोग, HRTC ने ऊना और हरोली से बद्दी-चंडीगढ़ के लिए चलाईं विशेष बसें

ऊना और हरोली डिपो ने यात्रियों की सुविधा के लिए किए विशेष इंतजाम, अब तक बद्दी के लिए छह और चंडीगढ़ के लिए भेजी गईं चार अतिरिक्त बसें

त्योहारी सीजन समाप्त होने के बाद अब अपने घरों में त्योहार मनाने पहुंचे लोगों की कर्मभूमि की ओर वापसी शुरू हो गई है। दीपावली और अन्य त्योहारों के दौरान परिवार के साथ समय बिताने के बाद बड़ी संख्या में लोग औद्योगिक क्षेत्रों और प्रदेश से बाहर स्थित अपने कार्यस्थलों की ओर लौट रहे हैं।

इसके चलते बस अड्डों और प्रमुख सड़क मार्गों पर यात्रियों और वाहनों की आवाजाही बढ़ने लगी है।

यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए हिमाचल पथ परिवहन निगम (HRTC) ने विशेष इंतजाम किए हैं। ऊना और हरोली डिपो की ओर से बद्दी और चंडीगढ़ के लिए अतिरिक्त बसों का संचालन शुरू किया गया है, ताकि त्योहारों के बाद लौटने वाले लोगों को बसों की कमी के कारण परेशानी न उठानी पड़े।

बद्दी और चंडीगढ़ के लिए अतिरिक्त बसें रवाना

त्योहारी सीजन के बाद लोगों की वापसी का असर ऊना जिला मुख्यालय में भी देखने को मिल रहा है। वाहनों की अधिक आवाजाही के चलते शहर की सड़कों पर रुक-रुककर जाम लग रहे हैं। वहीं, जिला मुख्यालय से गुजरने वाले चंडीगढ़-धर्मशाला नेशनल हाईवे पर भी जाम जैसी स्थिति बनी रही।

HRTC ऊना के क्षेत्रीय प्रबंधक राजेश जोशी ने बताया कि यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए अब तक बद्दी के लिए छह और चंडीगढ़ के लिए चार विशेष बसें भेजी जा चुकी हैं। यात्रियों की संख्या और मांग के अनुरूप बसों का संचालन जारी रहेगा।

मांग बढ़ने पर अन्य रूटों पर भी मिलेंगी अतिरिक्त बसें

राजेश जोशी ने बताया कि दिल्ली, चंडीगढ़ और अंबाला सहित किसी भी रूट पर यात्रियों की संख्या बढ़ने पर तुरंत अतिरिक्त बस उपलब्ध करवाई जाएगी। भाई दूज और उसके अगले दिन भी यात्रियों की भारी भीड़ रहने की संभावना है। इसे देखते हुए निगम ने विशेष प्रबंध किए हैं।

उन्होंने कहा कि यात्रियों की आवाजाही सामान्य होने तक यह व्यवस्था जारी रहेगी, ताकि त्योहारों के बाद अपने कार्यस्थलों की ओर लौटने वाले लोगों को परिवहन सुविधा मिलती रहे।

follow us on facebook
subscribe to us on youtube

इस खबर के विषय

इस खबर को शेयर करें