मुख्य सामग्री पर जाएं
शनिवार, 28 नवंबर 2026

हिमकेयर योजना के भुगतान में देरी पर हाईकोर्ट सख्त, राज्य सरकार को दो दिन में राशि जारी करने के निर्देश

सार

हिमाचल प्रदेश हाईकोर्ट ने हिमकेयर योजना के तहत लंबित भुगतान को लेकर राज्य सरकार को कड़ी फटकार लगाई है। अदालत ने स्पष्ट किया कि फंड की कमी का हवाला देकर पात्र लाभार्थी का वैध भुगतान नहीं रोका जा सकता और सरकार को जल्द राशि जारी करनी होगी।

3 मिनट
हिमकेयर योजना के भुगतान में देरी पर हाईकोर्ट सख्त, राज्य सरकार को दो दिन में राशि जारी करने के निर्देश

इलाज का भुगतान लंबित रखने पर अदालत नाराज, सरकार ने दो दिनों में क्लेम राशि जारी करने का दिया भरोसा

हिमाचल प्रदेश हाईकोर्ट ने राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी हिमकेयर योजना के तहत इलाज के भुगतान में हुई देरी पर कड़ा रुख अपनाया है। अदालत के निर्देश के बाद मंगलवार को स्वास्थ्य विभाग के विशेष सचिव डॉ. अश्वनी शर्मा व्यक्तिगत रूप से कोर्ट में उपस्थित हुए और भरोसा दिलाया कि याचिकाकर्ता को कानून के अनुसार देय राशि अगले दो दिनों के भीतर जारी कर दी जाएगी।

न्यायाधीश ज्योत्स्ना रिवाल दुआ की अदालत ने सरकार के लिखित आश्वासन और विशेष सचिव के बयान को रिकॉर्ड पर लेते हुए मामले की अगली सुनवाई गुरुवार के लिए निर्धारित की है। अदालत ने कहा कि जब सरकार स्वयं योजना के तहत भुगतान की जिम्मेदारी स्वीकार कर चुकी है और संबंधित विभाग भी दावे को वैध मान चुका है, तो केवल फंड की कमी के आधार पर भुगतान रोका नहीं जा सकता।

पीजीआई में इलाज के बाद जेब से चुकाने पड़े 2.70 लाख रुपये

याचिकाकर्ता सुरेंद्र कुमार हिमकेयर योजना के लाभार्थी हैं। हृदय संबंधी बीमारी के कारण उन्हें पीजीआई चंडीगढ़ में भर्ती होना पड़ा, जहां उनके दिल में कोरोनरी स्टेंट लगाए गए। इलाज पर कुल 2,70,604 रुपये का खर्च आया।

हिमकेयर कार्डधारक होने के बावजूद अस्पताल को समय पर भुगतान नहीं मिलने के कारण उन्हें मेडिकल इमरजेंसी के दौरान पूरी राशि अपनी जेब से चुकानी पड़ी।

विभाग ने क्लेम को माना वैध

लगातार प्रयासों के बाद भी भुगतान नहीं मिलने पर सुरेंद्र कुमार ने 12 दिसंबर 2025 को एचपी स्वास्थ्य बीमा योजना सोसायटी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी को कानूनी नोटिस भेजा। इसके जवाब में 2 फरवरी 2026 को विभाग ने स्वीकार किया कि 2.70 लाख रुपये का मेडिकल क्लेम पूरी तरह वैध है और नियमों के अनुसार भुगतान किया जाना चाहिए।

कॉमन काडर नीति के खिलाफ हाईकोर्ट पहुंचे असिस्टेंट प्रोफेसर

इसी बीच प्रदेश के विभिन्न मेडिकल कॉलेजों में कार्यरत असिस्टेंट प्रोफेसरों ने राज्य सरकार की कॉमन काडर नीति को हाईकोर्ट में चुनौती दी है। याचिकाकर्ताओं का कहना है कि 30 मार्च 2026 को लागू की गई इस नीति से उनकी वरिष्ठता प्रभावित होगी और तबादलों पर भी प्रतिकूल असर पड़ेगा।

याचिका में दावा किया गया है कि नई व्यवस्था लागू होने पर कई असिस्टेंट प्रोफेसर अपने ही जूनियर अधिकारियों से भी नीचे चले जाएंगे। उन्होंने अदालत से मांग की है कि यदि सरकार इस नीति को लागू करना चाहती है, तो इसे केवल भविष्य में होने वाली नई नियुक्तियों पर लागू किया जाए।

follow us on facebook
subscribe to us on youtube

Himcare Scheme, Himachal High Court, Himcare Payment, Health Insurance Scheme, Surendra Kumar, PGI Chandigarh, Himachal Government, Medical Claim, Health Department, Common Cadre Policy

इस खबर के विषय

इस खबर को शेयर करें