मुख्य सामग्री पर जाएं
शनिवार, 28 नवंबर 2026

पेंशनरों पर FIR को बताया आंदोलन कुचलने की साजिश, सुरेश ठाकुर बोले- न डरेंगे, न झुकेंगे

सार

हिमाचल प्रदेश में पेंशनरों पर दर्ज FIR को लेकर ज्वाइंट एक्शन कमेटी ने प्रदेश सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। धर्मशाला में पत्रकार वार्ता के दौरान समिति के अध्यक्ष सुरेश ठाकुर ने FIR को आंदोलन दबाने की साजिश करार दिया। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि पेंशनरों की मांगों पर विचार नहीं किया गया और वार्ता के लिए समय नहीं मिला, तो सचिवालय का घेराव किया जाएगा।

TV Incharge

2 मिनट
पेंशनरों पर FIR को बताया आंदोलन कुचलने की साजिश, सुरेश ठाकुर बोले- न डरेंगे, न झुकेंगे

धर्मशाला में ज्वाइंट एक्शन कमेटी ने सरकार के खिलाफ खोला मोर्चा, आठ अन्य पेंशनरों के खिलाफ FIR दर्ज करने पर जताया विरोध; मांगें नहीं मानीं तो सचिवालय घेराव की चेतावनी

हिमाचल प्रदेश में पेंशनरों के आंदोलन के दौरान दर्ज एफआईआर को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। पेंशनरों पर एफआईआर दर्ज किए जाने के विरोध में ज्वाइंट एक्शन कमेटी हिमाचल प्रदेश ने प्रदेश सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है।

धर्मशाला में आयोजित पत्रकार वार्ता में समिति के अध्यक्ष सुरेश ठाकुर ने एफआईआर को गलत बताते हुए आरोप लगाया कि सरकार पेंशनरों की आवाज दबाने और उनके आंदोलन को कुचलने का प्रयास कर रही है।

सुरेश ठाकुर ने बताया कि 19 नवंबर को हिमाचल प्रदेश पेंशनर संयुक्त संघर्ष समिति के आह्वान पर दाड़ी मेला ग्राउंड में सरकार के खिलाफ बड़ा प्रदर्शन किया गया था। इसके बाद प्रदर्शनकारी विधानसभा की ओर कूच कर रहे थे, लेकिन शीला चौक पर पुलिस और प्रशासन ने उन्हें रोक दिया। इस दौरान रास्ते में अवरोध खड़े कर प्रदर्शनकारियों को आगे बढ़ने से रोका गया।

उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदर्शन के दौरान पेंशनरों की ओर से न तो सरकारी संपत्ति को कोई नुकसान पहुंचाया गया और न ही किसी तरह का अवरोध पैदा किया गया। इसके बावजूद उनके सहित आठ अन्य पेंशनरों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करना पूरी तरह गलत है। उन्होंने इसे आंदोलनकारियों को डराने और सरकार के खिलाफ उठ रही आवाज को दबाने की अप्रत्यक्ष कोशिश बताया।

मांगें नहीं मानीं तो होगा सचिवालय का घेराव

सुरेश ठाकुर ने प्रदेश सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि पेंशनर न डरेंगे और न झुकेंगे। उन्होंने कहा कि यदि सरकार ने पेंशनरों की मांगों पर गौर नहीं किया और प्रतिनिधिमंडल को वार्ता के लिए समय नहीं दिया, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

आने वाले समय में सचिवालय घेराव की तैयारी की जा रही है। उन्होंने संकेत दिए कि जल्द ही आंदोलन के अगले चरण के तहत बड़ा प्रदर्शन किया जाएगा।

follow us on facebook
subscribe to us on youtube

इस खबर के विषय

इस खबर को शेयर करें