मुख्य सामग्री पर जाएं
शनिवार, 28 नवंबर 2026

दिल्ली के हिमाचल निकेतन के निजी संचालन की तैयारी पर भड़की भाजपा, राकेश जम्वाल ने सुक्खू सरकार को घेरा

सार

दिल्ली के द्वारका स्थित 107 कमरों वाले हिमाचल निकेतन के संचालन और प्रबंधन के लिए निजी एजेंसी के चयन की प्रक्रिया पर भाजपा ने सवाल उठाए हैं। विधायक राकेश जम्वाल ने आरोप लगाया कि सरकार हिमाचल की सार्वजनिक संपत्तियों को निजी हाथों में सौंपने की दिशा में आगे बढ़ रही है।

TV Incharge

2 मिनट
दिल्ली के हिमाचल निकेतन के निजी संचालन की तैयारी पर भड़की भाजपा, राकेश जम्वाल ने सुक्खू सरकार को घेरा

107 कमरों वाले हिमाचल निकेतन के 70 फीसदी हिस्से का प्रबंधन निजी एजेंसी को देने की खबरों पर उठाए सवाल, बोले- जनता की सुविधा और युवाओं के रोजगार को प्राथमिकता दे सरकार

दिल्ली के द्वारका स्थित 107 कमरों वाले हिमाचल निकेतन के निजी संचालन की तैयारी को लेकर प्रदेश की राजनीति गरमा गई है। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश मुख्य प्रवक्ता एवं सुंदरनगर से विधायक राकेश जम्वाल ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू और कांग्रेस सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि प्रदेश की सार्वजनिक संपत्तियों का संचालन

लगातार निजी हाथों में सौंपा जा रहा है।

राकेश जम्वाल ने कहा कि हिमाचल निकेतन का निर्माण प्रदेश के विद्यार्थियों, मरीजों, उनके तीमारदारों और अन्य नागरिकों को दिल्ली में आवासीय सुविधा उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से किया गया था।

उनके अनुसार, अब इसके संचालन, रखरखाव और प्रबंधन के लिए निजी एजेंसी के चयन की निविदा जारी की गई है। उन्होंने समाचार रिपोर्टों का हवाला देते हुए कहा कि हिमाचल निकेतन के करीब 70 प्रतिशत हिस्से का प्रबंधन निजी एजेंसी को दिए जाने की बात सामने आई है। इससे आम हिमाचलियों को मिलने वाली रियायती सुविधाओं और कमरों की उपलब्धता को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं।

जम्वाल ने कहा कि हिमाचल भवन, हिमाचल सदन और हिमाचल निकेतन प्रदेशवासियों की सुविधा के लिए बनाए गए हैं, न कि केवल व्यावसायिक लाभ कमाने के लिए। उन्होंने कहा कि दिल्ली में पढ़ाई के लिए आने वाले विद्यार्थी, उपचार करवाने वाले मरीज, सरकारी कामकाज से पहुंचने वाले कर्मचारी और आम नागरिक इन भवनों पर निर्भर रहते हैं।

ऐसे में इनके संचालन में मुनाफे को प्राथमिकता मिलने से आम लोगों की सुविधाएं प्रभावित होने की आशंका है।

उन्होंने पीटरहॉफ, वाइल्डफ्लावर हॉल और एचपीटीडीसी के आठ होटलों के निजी संचालन से जुड़े मुद्दों का भी उल्लेख किया। जम्वाल ने आरोप लगाया कि इन मामलों में सरकार की नीति और सार्वजनिक संपत्तियों के प्रबंधन को लेकर स्पष्टता नहीं है।

उन्होंने कहा कि हिमाचल निकेतन का संचालन यदि हिमाचल प्रदेश पर्यटन विकास निगम के माध्यम से किया जाता, तो प्रदेश के युवाओं के लिए प्रत्यक्ष या आउटसोर्स आधार पर रोजगार के अवसर पैदा हो सकते थे।

भाजपा विधायक ने कहा कि सरकार की आर्थिक कठिनाइयां अपनी जगह हैं, लेकिन सार्वजनिक संपत्तियों से राजस्व अर्जित करने के साथ-साथ जनहित, आम नागरिकों की सुविधाओं और हिमाचली युवाओं के रोजगार का भी ध्यान रखा जाना चाहिए। उन्होंने सरकार से हिमाचल निकेतन के संचालन को लेकर स्थिति स्पष्ट करने और प्रदेशवासियों के हितों को प्राथमिकता देने की मांग की।

follow us on facebook
subscribe to us on youtube

इस खबर के विषय

इस खबर को शेयर करें