मुख्य सामग्री पर जाएं
शनिवार, 28 नवंबर 2026

हिमाचल में फिर सक्रिय हुआ मानसून, 10-11 अगस्त को भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट

सार

हिमाचल प्रदेश में मानसून फिर सक्रिय हो गया है। 9 अगस्त को कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश और कुछ स्थानों पर भारी बारिश की संभावना है। 10 और 11 अगस्त को कांगड़ा, मंडी और सिरमौर समेत कई जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने भूस्खलन और फ्लैश फ्लड को लेकर लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।

3 मिनट
हिमाचल में फिर सक्रिय हुआ मानसून, 10-11 अगस्त को भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट

कांगड़ा, मंडी और सिरमौर में ज्यादा असर की संभावना, भूस्खलन और फ्लैश फ्लड को लेकर मौसम विभाग ने जारी की चेतावनी

हिमाचल प्रदेश में मानसून एक बार फिर तेवर दिखा रहा है। मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार रविवार 9 अगस्त को प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है, जबकि कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। वहीं 10 और 11 अगस्त को कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है।

मौसम विभाग के अनुसार 12, 13 और 14 अगस्त को भी प्रदेश के कुछ हिस्सों में भारी बारिश का दौर जारी रह सकता है। इस दौरान निचले और मध्यम पहाड़ी क्षेत्रों में आंधी-तूफान, बिजली चमकने और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।

किन्नौर और लाहौल-स्पीति में भी 8 से 14 अगस्त के दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है।

कांगड़ा, मंडी और सिरमौर में ज्यादा असर

जिलावार पूर्वानुमान के अनुसार कांगड़ा, मंडी और सिरमौर में 10 और 11 अगस्त को कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। कांगड़ा में 9 अगस्त को भी कुछ स्थानों पर मध्यम से भारी बारिश की संभावना है।

ऊना और हमीरपुर में 9 से 11 अगस्त तक अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। वहीं शिमला और सोलन में 9 अगस्त को हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर भारी बारिश की संभावना है। 11 और 12 अगस्त को इन जिलों में भी कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है।

भूस्खलन और फ्लैश फ्लड का खतरा

मौसम विभाग ने भारी से बहुत भारी बारिश के दौरान संवेदनशील क्षेत्रों में भूस्खलन, कीचड़ खिसकने और अचानक बाढ़ (फ्लैश फ्लड) का खतरा जताया है। बारिश के कारण नदियों, नालों और अन्य जलस्रोतों का जलस्तर बढ़ सकता है।

निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बन सकती है। वहीं सड़कों पर फिसलन और कम दृश्यता के कारण यातायात भी प्रभावित होने की संभावना है।

विभाग ने लोगों से भूस्खलन, फ्लैश फ्लड और कीचड़ खिसकने की आशंका वाले क्षेत्रों में जाने से बचने की अपील की है। लोगों को नदी-नालों और अन्य जल निकायों से सुरक्षित दूरी बनाए रखने तथा वाहन चलाते समय गति सीमा और यातायात संबंधी निर्देशों का पालन करने की सलाह दी गई है।

पिछले 24 घंटे में कई जगह हुई बारिश

बीते 24 घंटों के दौरान हिमाचल के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। धर्मशाला में सबसे ज्यादा 5 सेंटीमीटर बारिश हुई। बाजुरा AWS में 3 सेंटीमीटर, जबकि मनाली, स्लैटर, भुंतर एयरो, मुरारी देवी, भराड़ी, कोठी और जोगिंदरनगर में 2-2 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई।

शिमला, सुंदरनगर, नाहन और मंडी समेत कई अन्य स्थानों पर भी बारिश हुई।

मौसम विभाग के अनुसार अगले 3-4 दिनों में न्यूनतम तापमान में बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। वहीं अगले 48 घंटों में प्रदेश के कई हिस्सों में अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है।

follow us on facebook
subscribe to us on youtube

इस खबर के विषय

इस खबर को शेयर करें