मुख्य सामग्री पर जाएं
शनिवार, 28 नवंबर 2026

राष्ट्रपति के लाहौल दौरे की तैयारियां तेज, उपायुक्त ने अधिकारियों को दिए समयबद्ध व्यवस्थाओं के निर्देश

सार

राष्ट्रपति के प्रस्तावित लाहौल दौरे को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। उपायुक्त किरण भड़ाना ने अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध और पुख्ता तरीके से पूरी करने के निर्देश दिए।

TV Incharge

3 मिनट
राष्ट्रपति के लाहौल दौरे की तैयारियां तेज, उपायुक्त ने अधिकारियों को दिए समयबद्ध व्यवस्थाओं के निर्देश

अटल टनल से लेकर वीवीआईपी रूट तक सुरक्षा, ट्रैफिक, मेडिकल, प्रोटोकॉल और वैकल्पिक व्यवस्थाओं की हुई समीक्षा

राष्ट्रपति के प्रस्तावित लाहौल दौरे को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। इसी कड़ी में सोमवार को उपायुक्त कार्यालय, केलांग के सम्मेलन कक्ष में उच्चस्तरीय समन्वय बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता उपायुक्त लाहौल-स्पीति किरण भड़ाना ने की। इसमें जिला प्रशासन, पुलिस सहित विभिन्न संबंधित विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया।

बैठक में राष्ट्रपति के अटल टनल के उत्तर पोर्टल पहुंचने पर प्रस्तावित स्वागत समारोह, रिसेप्शन, पारंपरिक स्वागत और गार्ड ऑफ ऑनर सहित विभिन्न प्रोटोकॉल व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्यक्रम से जुड़ी सभी तैयारियां निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार पूरी की जाएं और हर स्तर पर आपसी समन्वय सुनिश्चित किया जाए।

राष्ट्रपति के प्रस्तावित रूट पर यातायात और सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए अटल टनल तक सुरक्षित एवं निर्बाध आवागमन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। वीवीआईपी रूट के लिए ट्रैफिक कंट्रोल और डायवर्जन प्लान को प्रभावी ढंग से लागू करने तथा मार्ग में किसी भी प्रकार की बाधा न हो, इसके लिए आवश्यक कदम उठाने को कहा गया।

बैठक में सुरक्षा कर्मियों के ठहरने, भोजन और अन्य आवश्यक सुविधाओं की पर्याप्त व्यवस्था समय रहते सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। अटल टनल के निरीक्षण के दौरान टनल से संबंधित तकनीकी एवं अन्य महत्वपूर्ण जानकारियां उपलब्ध करवाने के लिए की जाने वाली तैयारियों की भी समीक्षा की गई।

मॉडल रूम में होने वाली ब्रीफिंग और प्रस्तुति, बैठने की व्यवस्था तथा हाई टी सहित अन्य प्रोटोकॉल व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया गया। इसके अलावा किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए मेडिकल टीम और आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाएं तैयार रखने, भीड़ नियंत्रण, मीडिया कवरेज के सुव्यवस्थित प्रबंधन तथा पूरे रूट और आयोजन स्थल पर साफ-सफाई की

विशेष व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

उपायुक्त किरण भड़ाना ने खराब मौसम अथवा किसी अन्य आकस्मिक परिस्थिति को ध्यान में रखते हुए वैकल्पिक व्यवस्थाएं पहले से तैयार रखने को कहा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को नोडल अधिकारी नियुक्त करने, जिला नियंत्रण कक्ष को पूरी तरह सक्रिय रखने तथा कार्यक्रम से पहले सभी व्यवस्थाओं का पूर्वाभ्यास यानी रिहर्सल सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक में अटल टनल के उत्तर पोर्टल के समीप राष्ट्रीय राजमार्ग के मरम्मत एवं रखरखाव कार्यों की भी समीक्षा की गई। अटल कैफे को ग्रीन रूम के रूप में तैयार करने के लिए आवश्यक मरम्मत और अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया।

राष्ट्रपति के प्रस्तावित कार्यक्रम के दौरान आसपास की दुकानों को बंद रखने तथा वीवीआईपी रूट पर खड़े अवैध एवं लावारिस वाहनों को हटाने के निर्देश भी दिए गए।

उपायुक्त किरण भड़ाना ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि राष्ट्रपति के दौरे से संबंधित सभी तैयारियों को पूरी गंभीरता, सतर्कता और जिम्मेदारी के साथ समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि सभी विभाग और एजेंसियां आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए यह सुनिश्चित करें कि राष्ट्रपति का लाहौल दौरा सुरक्षित, सुचारू, व्यवस्थित और गरिमापूर्ण ढंग से संपन्न हो।

बैठक में पुलिस अधीक्षक लाहौल-स्पीति शिवानी मेहला, पीओ आईटीडीपी अश्वनी कुमार, तहसीलदार विकास कुमार, बीडीओ मुनीश राय, सीएमओ डॉ. एमके गांधी, अधिशासी अभियंता जल शक्ति अजय गुप्ता, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग अश्वनी गुलेरिया, जिला कृषि अधिकारी चौधरी राम, एसीएफ अनु ठाकुर सहित बीआरओ, बीएसएनएल और एचआरटीसी के अधिकारियों ने भाग लिया।

follow us on facebook
subscribe to us on youtube

इस खबर के विषय

  • राष्ट्रपति दौरा
  • लाहौल
  • अटल टनल
  • सुरक्षा व्यवस्था
  • प्रोटोकॉल
  • ट्रैफिक नियंत्रण
  • उपायुक्त

इस खबर को शेयर करें