मुख्य सामग्री पर जाएं
शनिवार, 28 नवंबर 2026

शिमला जिला परिषद अध्यक्ष-उपाध्यक्ष चुनाव में देरी पर हाईकोर्ट सख्त, सरकार को नोटिस

सार

शिमला जिला परिषद के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष चुनाव में देरी पर हिमाचल प्रदेश हाई कोर्ट ने सख्त रुख अपनाते हुए राज्य सरकार को नोटिस जारी किया है। चुनाव परिणाम घोषित होने के करीब ढाई महीने बाद भी प्रक्रिया पूरी नहीं होने पर अदालत ने सरकार और प्रशासनिक अधिकारियों से जवाब मांगा है। मामले की अगली सुनवाई 17 अगस्त 2026 को होगी।

3 मिनट
शिमला जिला परिषद अध्यक्ष-उपाध्यक्ष चुनाव में देरी पर हाईकोर्ट सख्त, सरकार को नोटिस

नतीजों के ढाई महीने बाद भी चुनाव नहीं होने पर अदालत ने मांगा जवाब, अगली सुनवाई 17 अगस्त को

शिमला जिला परिषद के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के चुनाव में हो रही देरी अब हिमाचल प्रदेश हाई कोर्ट पहुंच गई है। जिला परिषद सदस्यों की याचिका पर मंगलवार को न्यायमूर्ति ज्योत्सना रिवाल दुआ की अदालत ने सुनवाई करते हुए चुनाव प्रक्रिया में देरी पर कड़ा संज्ञान लिया। अदालत ने राज्य सरकार को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है।

हाई कोर्ट की ओर से डीसी शिमला और मुख्य सचिव के माध्यम से राज्य सरकार को नोटिस भेजा गया है। सरकार और प्रशासनिक अधिकारियों को अगली सुनवाई से पहले चुनाव में देरी के कारणों को लेकर जवाब दाखिल करना होगा। मामले की अगली सुनवाई 17 अगस्त 2026 को निर्धारित की गई है।

नतीजों के ढाई महीने बाद भी चुनाव नहीं

शिमला जिला परिषद के चुनाव परिणाम घोषित हुए करीब ढाई महीने बीत चुके हैं, लेकिन अभी तक अध्यक्ष और उपाध्यक्ष का चुनाव नहीं हो पाया है। नवनिर्वाचित जिला परिषद सदस्यों ने प्रदेश सरकार और जिला प्रशासन के खिलाफ हाई कोर्ट में याचिका दायर की है।

ममता और 12 अन्य नवनिर्वाचित सदस्यों की ओर से दायर याचिका में प्रशासन पर लोकतांत्रिक प्रक्रिया को जानबूझकर लंबित रखने का आरोप लगाया गया है। याचिकाकर्ताओं ने कोर्ट से उपायुक्त शिमला को जल्द बैठक बुलाकर अध्यक्ष और उपाध्यक्ष का चुनाव करवाने के निर्देश देने की मांग की है।

शपथ के बाद भी नहीं हुआ गठन

छह जून 2026 को जिला परिषद के सभी 25 निर्वाचित सदस्यों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई गई थी। इसके बाद हिमाचल प्रदेश पंचायतीराज अधिनियम, 1994 की धारा 90(2) के तहत अध्यक्ष और उपाध्यक्ष का चुनाव होना था।

याचिका में आरोप लगाया गया है कि जिला प्रशासन ने बिना ठोस वैधानिक कारण बताए बैठक स्थगित कर दी। प्रशासन की ओर से 27 जून और 3 अगस्त को बैठकें बुलाई गईं, लेकिन चुनाव प्रक्रिया पूरी नहीं हो सकी।

याचिकाकर्ताओं के अनुसार कुछ बैठकों में उपायुक्त की अनुपस्थिति और कोरम अथवा स्पष्ट सूचना के अभाव के कारण प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ पाई। इससे जिला परिषद का गठन भी अधूरा है।

विकास कार्यों पर असर का दावा

याचिकाकर्ताओं का कहना है कि जनवरी 2026 में पिछला कार्यकाल समाप्त होने के बाद जिलास्तर पर कोई निर्वाचित पंचायतीराज संस्था प्रभावी रूप से काम नहीं कर पा रही है। चुनाव जीतने और शपथ लेने के बावजूद अध्यक्ष का चुनाव नहीं होने से जिला परिषद शिमला अधूरी है।

सदस्यों ने दावा किया है कि इसका असर ग्रामीण क्षेत्रों के विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन पर भी पड़ रहा है।

25 वार्डों में ऐसा है सियासी समीकरण

शिमला जिला परिषद में कुल 25 वार्ड हैं। इनमें 11 वार्डों में भाजपा समर्थित, 10 में कांग्रेस समर्थित और चार वार्डों में निर्दलीय उम्मीदवार विजयी हुए हैं। भाजपा को दो निर्दलीय सदस्यों का समर्थन प्राप्त होने का दावा है।

भाजपा ने समर्थित सदस्यों और निर्दलीय सदस्यों को साथ लेकर प्रेसवार्ता भी की है। वहीं, बाकी दो निर्दलीय सदस्यों का समर्थन किस पक्ष को मिलेगा, इसे लेकर स्थिति अभी स्पष्ट नहीं है।

follow us on facebook
subscribe to us on youtube

इस खबर के विषय

इस खबर को शेयर करें