मुख्य सामग्री पर जाएं
शनिवार, 28 नवंबर 2026

हिमाचल में अग्निशमन सेवाएं होंगी मजबूत, 46 नए त्वरित प्रतिक्रिया वाहन रवाना; शिमला को 9 और कांगड़ा को 8 मिले

सार

हिमाचल प्रदेश में आग और अन्य आपात स्थितियों से निपटने के लिए अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवाओं को मजबूत किया जा रहा है। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने प्रदेश के विभिन्न जिलों के लिए 46 नए त्वरित प्रतिक्रिया वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। शिमला को सबसे अधिक नौ और कांगड़ा को आठ वाहन मिले हैं। सरकार ने अग्निशमन सेवाओं के विस्तार और आधुनिकीकरण के लिए 65.33 करोड़ रुपये का बजट मंजूर किया है।

4 मिनट
हिमाचल में अग्निशमन सेवाएं होंगी मजबूत, 46 नए त्वरित प्रतिक्रिया वाहन रवाना; शिमला को 9 और कांगड़ा को 8 मिले

CM सुक्खू ने हरी झंडी दिखाकर वाहनों को किया रवाना, अग्निशमन सेवाओं के आधुनिकीकरण पर 65.33 करोड़ रुपये होंगे खर्च

हिमाचल प्रदेश में आग और अन्य आपात स्थितियों से निपटने के लिए अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवाओं को आधुनिक और मजबूत बनाया जा रहा है। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने बुधवार को प्रदेश के विभिन्न जिलों की अग्निशमन इकाइयों के लिए 46 नए त्वरित प्रतिक्रिया वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

इन वाहनों की मदद से आग, भूस्खलन और अन्य आपात घटनाओं के दौरान राहत एवं बचाव दल तेजी से घटनास्थल तक पहुंच सकेंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार आम लोगों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। किसी भी आपदा या आपात स्थिति में समय पर प्रतिक्रिया देना बेहद जरूरी है। इसी उद्देश्य से अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवाओं के बुनियादी ढांचे को मजबूत किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि 37 और नए अग्निशमन वाहनों की खरीद प्रक्रिया भी जारी है।

शिमला को 9, कांगड़ा को 8 वाहन

46 नए त्वरित प्रतिक्रिया वाहनों में शिमला जिले को सबसे अधिक नौ वाहन उपलब्ध करवाए गए हैं। कांगड़ा को आठ, जबकि मंडी और सोलन को पांच-पांच वाहन मिले हैं। हमीरपुर, ऊना, चंबा और लाहौल-स्पीति को तीन-तीन वाहन दिए गए हैं। वहीं सिरमौर, बिलासपुर और कुल्लू को दो-दो तथा किन्नौर को एक वाहन उपलब्ध करवाया गया है।

इन वाहनों के उपलब्ध होने से संबंधित जिलों में अग्निशमन विभाग की आपातकालीन प्रतिक्रिया क्षमता बढ़ेगी और जरूरत के समय घटनास्थल पर जल्द पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया जा सकेगा।

अग्निशमन सेवाओं के आधुनिकीकरण पर 65.33 करोड़

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार अग्निशमन सेवाओं के विस्तार और आधुनिकीकरण पर विशेष ध्यान दे रही है। इसके लिए 65.33 करोड़ रुपये का बजट स्वीकृत किया गया है। वर्ष 2024-25 में भी 9.60 करोड़ रुपये खर्च कर 22 अग्निशमन वाहन खरीदे गए थे, जिन्हें संबंधित अग्निशमन इकाइयों को उपलब्ध करवाया गया।

उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य प्रदेश के हर क्षेत्र में आधुनिक अग्निशमन और आपातकालीन सेवाएं उपलब्ध करवाना है। विभाग को आधुनिक तकनीक, अत्याधुनिक उपकरणों और प्रशिक्षित कर्मचारियों से लैस किया जा रहा है।

बिझड़ी में अग्निशमन चौकी का भवन तैयार

मुख्यमंत्री ने बताया कि करीब 4.85 करोड़ रुपये की लागत से अग्निशमन चौकी बिझड़ी का भवन तैयार हो चुका है। नादौन और इंदौरा में उप अग्निशमन केंद्रों के भवनों का निर्माण 3.50-3.50 करोड़ रुपये की लागत से किया जा रहा है। वहीं कंडाघाट में उप अग्निशमन केंद्र के निर्माण के लिए तीन करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं।

नए और स्तरोन्नत उप अग्निशमन केंद्रों एवं चौकियों के लिए 3.85 करोड़ रुपये की लागत से आठ वाटर टेंडर भी खरीदे जा रहे हैं। इससे अग्निशमन विभाग की क्षमता और संसाधनों में और इजाफा होगा।

टाहलीवाल स्तरोन्नत, चंगर में नई चौकी

मुख्यमंत्री ने कहा कि अग्निशमन सेवाओं की पहुंच बढ़ाने के लिए नई इकाइयां स्थापित करने के साथ मौजूदा केंद्रों को भी स्तरोन्नत किया जा रहा है। ऊना के टाहलीवाल को उप अग्निशमन केंद्र के रूप में स्तरोन्नत किया गया है। वहीं कांगड़ा के चंगर क्षेत्र में नई अग्निशमन चौकी शुरू की गई है।

उन्होंने बताया कि नई अग्निशमन इकाइयों के संचालन के लिए विभिन्न श्रेणियों के 754 स्वीकृत पद भरे गए हैं। सरकार का लक्ष्य आधुनिक वाहन, बेहतर उपकरण, पर्याप्त मानव संसाधन और मजबूत आधारभूत ढांचे के माध्यम से प्रदेश की आपातकालीन प्रतिक्रिया क्षमता को मजबूत करना है।

जन-धन की हानि कम करना सरकार का लक्ष्य

मुख्यमंत्री ने कहा कि आधुनिक अग्निशमन सेवाओं का विस्तार होने से आग और अन्य आपदाओं के दौरान राहत एवं बचाव कार्यों में तेजी आएगी। सरकार का प्रयास है कि आपात स्थिति में कम से कम समय में मदद पहुंचाकर जन-धन की हानि को कम किया जा सके।

इस अवसर पर शिमला नगर निगम के महापौर सुरेंद्र चौहान, अतिरिक्त मुख्य सचिव आरडी नजीम, डीजी होमगार्ड सतवंत अटवाल, उपायुक्त शिमला अनुपम कश्यप, पुलिस अधीक्षक गौरव सिंह और अग्निशमन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

follow us on facebook
subscribe to us on youtube

इस खबर के विषय

इस खबर को शेयर करें