मुख्य सामग्री पर जाएं
शनिवार, 28 नवंबर 2026

ऊना में प्रसूता और नवजात की मौत पर वीरेंद्र कंवर ने उठाए स्वास्थ्य व्यवस्था पर सवाल

सार

ऊना जिले के अर्नियाला गांव में प्रसव के दौरान गर्भवती महिला और उसके नवजात शिशु की मौत पर पूर्व मंत्री एवं वरिष्ठ भाजपा नेता वीरेंद्र कंवर ने दुख जताया है। उन्होंने प्रदेश की स्वास्थ्य व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए डॉक्टरों, स्वास्थ्य कर्मचारियों और आपातकालीन सुविधाओं की कमी दूर करने की मांग की।

TV Incharge

2 मिनट
ऊना में प्रसूता और नवजात की मौत पर वीरेंद्र कंवर ने उठाए स्वास्थ्य व्यवस्था पर सवाल

पूर्व मंत्री ने कहा- जांच और निलंबन स्थायी समाधान नहीं, स्वास्थ्य संस्थानों में डॉक्टरों, स्टाफ और आपातकालीन सुविधाओं की कमी दूर करे सरकार

जिले के अर्नियाला गांव निवासी गर्भवती महिला और उसके नवजात शिशु की प्रसव के दौरान हुई मौत पर पूर्व मंत्री एवं वरिष्ठ भाजपा नेता वीरेंद्र कंवर ने गहरा दुख जताया है।

उन्होंने इस घटना को पीड़ादायक और चिंताजनक बताते हुए कहा कि इससे प्रदेश की स्वास्थ्य व्यवस्था और अस्पतालों में उपलब्ध सुविधाओं को लेकर गंभीर सवाल खड़े हुए हैं। उन्होंने शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदनाएं व्यक्त करते हुए कहा कि यह उनके लिए अपूरणीय क्षति है।

वीरेंद्र कंवर ने कहा कि ऐसी घटनाओं के बाद जांच के आदेश देना और संबंधित चिकित्सक को निलंबित करना प्रशासनिक कार्रवाई हो सकती है, लेकिन इसे स्थायी समाधान नहीं माना जा सकता।

सबसे जरूरी है कि ऐसी परिस्थितियां पैदा होने के कारणों की पहचान की जाए और भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोकने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं। उन्होंने कहा कि प्रदेश के कई स्थानों पर डॉक्टरों और स्वास्थ्य कर्मचारियों की कमी है।

ऐसे में अस्पतालों में पर्याप्त चिकित्सक, प्रशिक्षित स्टाफ, आवश्यक उपकरण और बेहतर आपातकालीन सेवाएं उपलब्ध करवाना सरकार की प्राथमिकता होनी चाहिए।

कंवर ने कहा कि दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई होनी चाहिए, लेकिन स्वास्थ्य व्यवस्था में जवाबदेही सुनिश्चित करना और कमियों की समय रहते पहचान करना भी जरूरी है।

उन्होंने कहा कि व्यवस्था में मौजूद खामियों को दूर किए बिना आम जनता को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना कठिन है। सरकार को ऐसी कार्यप्रणाली विकसित करनी चाहिए, जिससे भविष्य में किसी अन्य परिवार को इस तरह का असहनीय दुख न झेलना पड़े।

follow us on facebook
subscribe to us on youtube

इस खबर के विषय

  • स्वास्थ्य व्यवस्था
  • प्रसूता
  • नवजात
  • वीरेंद्र कंवर
  • डॉक्टरों की कमी
  • आपातकालीन सेवाएं
  • जांच और निलंबन
  • गर्भवती महिला
  • चिकित्सा स्टाफ

इस खबर को शेयर करें