2027 विधानसभा चुनाव से पहले टिकट को लेकर जताई उम्मीद, बोले- भाजपा आकलन कर कार्यकर्ताओं को दे चुनाव लड़ने का मौका; कांग्रेस सरकार और गुटबाजी के मुद्दे पर भी साधा निशाना
हिमाचल प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा में टिकट और उम्मीदवारों को लेकर सियासी चर्चाएं तेज हैं। इस बीच पूर्व भाजपा सरकार में कैबिनेट मंत्री रहे वीरेंद्र कंवर ने देवेंद्र कुमार भुट्टो के साथ अपने संबंधों और पार्टी में बाहरी नेताओं की एंट्री को लेकर स्थिति स्पष्ट की है।
उन्होंने कहा कि भुट्टो के साथ उनकी कोई दोस्ती नहीं है, बल्कि दोनों पार्टी के कार्यकर्ता हैं। साथ ही उन्होंने कहा कि राजनीति में व्यक्तिगत द्वेष की कोई जगह नहीं होनी चाहिए और पार्टी के कार्यक्रमों में सभी कार्यकर्ता मिलकर काम करते हैं।
दरअसल, 2022 के विधानसभा चुनाव में देवेंद्र कुमार भुट्टो, वीरेंद्र कंवर के राजनीतिक प्रतिद्वंद्वी रहे थे। वर्ष 2024 में राज्यसभा चुनाव के दौरान कांग्रेस से बगावत करने के बाद भुट्टो भाजपा में शामिल हो गए थे।
इसके बाद प्रदेश में हुए विधानसभा उपचुनाव में भाजपा ने उन्हें उम्मीदवार बनाया, लेकिन उन्हें कांग्रेस प्रत्याशी के हाथों हार का सामना करना पड़ा। उपचुनाव के बाद से वीरेंद्र कंवर और देवेंद्र भुट्टो के बीच तनातनी की चर्चाएं सामने आती रही हैं। हालांकि, उपचुनाव के दौरान कंवर ने पार्टी का साथ दिया था।
2027 चुनाव में टिकट को लेकर जताई उम्मीद
आगामी विधानसभा चुनाव में अपनी भूमिका को लेकर वीरेंद्र कंवर ने कहा कि वह राजनीति में हैं और भाजपा के साथ जुड़े हुए हैं। पार्टी जो भी निर्णय लेगी, उसे स्वीकार करेंगे और समर्पित होकर संगठन के लिए काम करेंगे। उन्होंने उम्मीद जताई कि भाजपा चुनाव से पहले आकलन करेगी और अपने कार्यकर्ताओं को चुनाव लड़ने का अवसर देगी।
कांग्रेस सरकार पर साधा निशाना
वीरेंद्र कंवर ने प्रदेश की कांग्रेस सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि सरकार जनता का विश्वास खो चुकी है और उसके खिलाफ नकारात्मक माहौल है। उन्होंने कहा कि सरकार के चार साल पूरे होने को हैं, लेकिन चुनाव के दौरान किए गए दस गारंटियों में से एक भी पूरी नहीं हुई है। कंवर ने प्रदेश में विकास कार्य प्रभावित होने और सड़कों की खराब हालत का मुद्दा भी उठाया।
भाजपा में गुटबाजी के आरोपों पर पलटवार
मुख्यमंत्री की ओर से भाजपा में गुटबाजी को लेकर दिए जा रहे बयानों पर भी वीरेंद्र कंवर ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री चाहे जितना प्रचार कर लें, उससे वास्तविकता नहीं बदलती।
कंवर के अनुसार, भाजपा में कोई गुटबाजी नहीं है और पार्टी के कार्यकर्ता विचारधारा के प्रति समर्पित होकर काम करते हैं। उन्होंने कांग्रेस पर पलटवार करते हुए आरोप लगाया कि वहां गुटबाजी की खबरें लगातार सामने आती रहती हैं और यह केवल खबरें नहीं, बल्कि वास्तविकता है।
follow us on facebook
subscribe to us on youtube