मुख्य सामग्री पर जाएं
शनिवार, 28 नवंबर 2026

हिमाचल में कर्ज को लेकर सुक्खू सरकार पर भाजपा का हमला, सुमीत शर्मा बोले- जनता त्रस्त, सरकार कर्ज लेने में मस्त

सार

भाजपा प्रदेश सचिव सुमीत शर्मा ने हिमाचल सरकार पर बढ़ते कर्ज को लेकर निशाना साधा है। उन्होंने पिछले तीन वित्तीय वर्षों में ₹35,555 करोड़ की नई उधारी और जनवरी 2026 तक ₹1,01,863 करोड़ के बकाया ऋण का मुद्दा उठाया। सुमीत शर्मा ने सरकार से सवाल किया कि इतनी बड़ी उधारी के बावजूद प्रदेश में कितने उद्योग, अस्पताल, रोजगार और नई परिसंपत्तियां तैयार हुईं।

TV Incharge

4 मिनट
हिमाचल में कर्ज को लेकर सुक्खू सरकार पर भाजपा का हमला, सुमीत शर्मा बोले- जनता त्रस्त, सरकार कर्ज लेने में मस्त

₹35,555 करोड़ की नई उधारी का उठाया मुद्दा, सुमीत शर्मा ने पूछा- इतने कर्ज के बाद हिमाचल को क्या मिला?

ऊना में भाजपा प्रदेश सचिव सुमीत शर्मा ने मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू की सरकार की वित्तीय नीतियों पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने प्रदेश पर बढ़ते कर्ज को लेकर सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि विधानसभा में दी गई जानकारी के अनुसार पिछले तीन वित्तीय वर्षों में सरकार ने ₹35,555 करोड़ का नया ऋण लिया है।

मुख्यमंत्री की ओर से विधानसभा में दी गई जानकारी के मुताबिक 31 जनवरी 2026 तक हिमाचल प्रदेश पर ₹1,01,863 करोड़ का बकाया ऋण था।

सुमीत शर्मा ने कहा कि मौजूदा समय में प्रदेश का कर्ज ₹1.10 लाख करोड़ के पार पहुंच चुका है। उन्होंने सवाल उठाया कि इतनी बड़ी उधारी लेने के बावजूद प्रदेश की जनता को इसका क्या लाभ मिला। उन्होंने सरकार से यह बताने की मांग की कि इस दौरान कितने नए उद्योग स्थापित हुए, कितने बड़े अस्पताल और शिक्षण संस्थान बने और कितने स्थायी रोजगार के अवसर पैदा हुए।

₹35,555 करोड़ के ऋण पर सरकार से मांगा हिसाब

सुमीत शर्मा ने कहा कि विधानसभा में सरकार की ओर से उपलब्ध कराए गए आंकड़ों के अनुसार वित्तीय वर्ष 2023-24 में ₹12,177 करोड़, 2024-25 में ₹12,276 करोड़ और 2025-26 में ₹11,102 करोड़ का ऋण लिया गया। तीन वर्षों में यह राशि कुल ₹35,555 करोड़ बनती है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता पर बढ़ते वित्तीय बोझ के बीच सरकार को यह स्पष्ट करना चाहिए कि इतनी बड़ी राशि का इस्तेमाल किन कार्यों में किया गया। सुमीत शर्मा ने उद्योग, स्वास्थ्य, शिक्षा, रोजगार और आधारभूत ढांचे से जुड़े विकास कार्यों को लेकर सरकार से जवाब मांगा।

जुलाई तक ₹2,800 करोड़ की और उधारी

सुमीत शर्मा ने कहा कि चालू वित्त वर्ष में भी ऋण लेने का सिलसिला जारी है। उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार जुलाई 2026 तक हिमाचल सरकार चालू वित्त वर्ष में ₹2,800 करोड़ का ऋण उठा चुकी थी। जुलाई में ₹700 करोड़ के अतिरिक्त ऋण के बाद चालू वित्त वर्ष की उधारी ₹2,800 करोड़ पहुंची थी।

उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार की आर्थिक नीति कर्ज पर अधिक निर्भर होती जा रही है। सुमीत शर्मा ने कहा कि सरकार को यह स्पष्ट करना चाहिए कि नई उधारी से प्रदेश की आय बढ़ाने वाली कितनी नई परिसंपत्तियां तैयार की गईं और भविष्य में कर्ज पर निर्भरता कम करने के लिए क्या कदम उठाए जा रहे हैं।

पुराना कर्ज चुकाने के लिए नया कर्ज लेने के तर्क पर सवाल

सुमीत शर्मा ने कहा कि सरकार की ओर से कई बार यह तर्क दिया गया है कि पूर्व सरकार से मिले कर्ज की किस्तें चुकाने के लिए वर्तमान सरकार को नया ऋण लेना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि पुराना कर्ज चुकाने के लिए नई उधारी की जरूरत का तर्क अपनी जगह हो सकता है, लेकिन इससे प्रदेश की आय बढ़ाने और कर्ज पर निर्भरता कम करने को लेकर उठ रहे सवाल खत्म नहीं होते।

उन्होंने सरकार से पूछा कि प्रदेश की वित्तीय स्थिति सुधारने और अपनी आय के स्रोत बढ़ाने के लिए क्या ठोस कदम उठाए गए हैं। साथ ही उन्होंने विकास कार्यों, सड़क निर्माण और रखरखाव तथा अन्य आधारभूत परियोजनाओं पर खर्च का भी हिसाब जनता के सामने रखने की मांग की।

सरकार से पूछा- इतने कर्ज के बाद हिमाचल को मिला क्या?

भाजपा प्रदेश सचिव ने कहा कि हिमाचल की जनता के नाम पर लिया गया प्रत्येक ऋण अंततः प्रदेश की वित्तीय देनदारी है। उनके मुताबिक इस कर्ज का भुगतान आने वाले समय में सरकारों और प्रदेश की भावी पीढ़ियों को करना होगा।

सुमीत शर्मा ने कांग्रेस सरकार से आंकड़ों के आधार पर जनता को जवाब देने की मांग करते हुए कहा कि सरकार को बताना चाहिए कि पिछले वर्षों में लिए गए हजारों करोड़ रुपये के कर्ज से प्रदेश में कितने नए उद्योग, अस्पताल, शिक्षण संस्थान, रोजगार के अवसर और आय बढ़ाने वाली परिसंपत्तियां तैयार हुई हैं।

follow us on facebook
subscribe to us on youtube

इस खबर के विषय

इस खबर को शेयर करें