मुख्य सामग्री पर जाएं
शनिवार, 28 नवंबर 2026

मंडी में सितंबर से हाईटेक होगी पेयजल और सीवरेज व्यवस्था, 10,900 उपभोक्ताओं के लिए लॉन्च होगा ‘हिम जलदूत’ ऐप

सार

मंडी शहर में पेयजल और सीवरेज व्यवस्था को हाईटेक बनाने के लिए जल शक्ति विभाग सितंबर में ‘हिम जलदूत मंडी’ मोबाइल ऐप लॉन्च करेगा। ऐप से नगर निगम मंडी के 13 वार्डों के करीब 10,900 उपभोक्ता जुड़ेंगे। उपभोक्ताओं को पानी की गुणवत्ता, सप्लाई शेड्यूल, लीकेज और सीवरेज शिकायतों की ऑनलाइन सुविधा मिलेगी।

अपडेट: 4 मिनट
मंडी में सितंबर से हाईटेक होगी पेयजल और सीवरेज व्यवस्था, 10,900 उपभोक्ताओं के लिए लॉन्च होगा ‘हिम जलदूत’ ऐप

उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने दी जानकारी, पानी की गुणवत्ता का लाइव स्टेटस, सप्लाई शेड्यूल और जियो-टैगिंग से शिकायतों का होगा त्वरित समाधान

प्रदेश में लोगों को स्वच्छ एवं गुणवत्तापूर्ण पेयजल उपलब्ध करवाने और जलापूर्ति व्यवस्था को अधिक पारदर्शी बनाने की दिशा में हिमाचल सरकार नई डिजिटल व्यवस्था शुरू करने जा रही है।

उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने बताया कि मंडी शहर में पेयजल और सीवरेज व्यवस्था को हाईटेक बनाने के लिए जल शक्ति विभाग की ओर से सितंबर माह में ‘हिम जलदूत मंडी’ मोबाइल ऐप लॉन्च की जाएगी। इस डिजिटल व्यवस्था से नगर निगम मंडी के 13 वार्डों के करीब 10,900 उपभोक्ताओं को जोड़ा जाएगा।

मुकेश अग्निहोत्री ने मंडी के सर्किट हाउस में जल शक्ति विभाग के अधिकारियों के साथ जिला में चल रही विभिन्न नई और उन्नयन योजनाओं की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य केवल लोगों को बेहतर पेयजल उपलब्ध करवाना ही नहीं, बल्कि जलापूर्ति व्यवस्था में पारदर्शिता,

जवाबदेही और त्वरित शिकायत निवारण सुनिश्चित करना भी है। ऐप के माध्यम से उपभोक्ताओं को पानी की सप्लाई, गुणवत्ता, लीकेज, सीवरेज और शिकायतों से जुड़ी सुविधाएं एक ही प्लेटफॉर्म पर मिल सकेंगी।

पानी की गुणवत्ता का मिलेगा लाइव स्टेटस

‘हिम जलदूत मंडी’ ऐप की प्रमुख विशेषताओं में पेयजल की गुणवत्ता का लाइव स्टेटस शामिल होगा। उपभोक्ता मोबाइल के माध्यम से अपने क्षेत्र में उपलब्ध पानी में क्लोरीन की मात्रा, पीएच वैल्यू और टर्बिडिटी यानी पानी के धुंधलेपन की स्थिति देख सकेंगे। इससे पेयजल की गुणवत्ता पर निगरानी रखने के साथ लोगों को भी अपने क्षेत्र में पानी की स्थिति की जानकारी आसानी से मिल सकेगी।

मोबाइल पर मिलेगी पानी की सप्लाई की जानकारी

ऐप के जरिए उपभोक्ताओं को उनके क्षेत्र में पानी की सप्लाई का शेड्यूल और वर्तमान स्थिति की जानकारी भी मिलेगी। जलापूर्ति से संबंधित महत्वपूर्ण अपडेट और जरूरी सूचनाएं मोबाइल नोटिफिकेशन के माध्यम से लोगों तक पहुंचाई जाएंगी। इससे उपभोक्ताओं को पानी की सप्लाई को लेकर पहले से जानकारी मिल सकेगी।

जियो-टैगिंग से होगी शिकायतों की निगरानी

पाइपलाइन टूटने, पानी की लीकेज या सीवरेज की समस्या होने पर उपभोक्ता ऐप के जरिए फोटो और जियो-टैग लोकेशन के साथ शिकायत दर्ज कर सकेंगे। इससे विभागीय कर्मचारियों को समस्या की सटीक लोकेशन मिल जाएगी और संबंधित जल रक्षक मौके पर पहुंचकर समस्या का समाधान कर सकेंगे।

उपभोक्ता अपनी शिकायत का लाइव स्टेटस भी देख पाएंगे और यह जान सकेंगे कि उनकी शिकायत पर क्या कार्रवाई हुई है।

जल रक्षकों और स्लूस वाल्व की होगी ऑनलाइन निगरानी

डिजिटल सिस्टम के माध्यम से जलापूर्ति व्यवस्था में तैनात जल रक्षकों और स्लूस वाल्व की भी ऑनलाइन निगरानी की जाएगी। अधिकारी यह देख सकेंगे कि संबंधित टैंक में पानी की उपलब्धता कितनी है।

जल रक्षक जब पानी की आपूर्ति शुरू करने के लिए निर्धारित स्लूस वाल्व पर पहुंचेगा तो ऐप उसकी और वाल्व की जियो लोकेशन का स्वतः सत्यापन करेगी। निर्धारित लोकेशन पर मौजूद न होने की स्थिति में ऐप पर वाल्व खोलने का स्टेटस दर्ज नहीं किया जा सकेगा।

वाल्व खोलने के बाद संबंधित क्षेत्र के उपभोक्ताओं के मोबाइल पर पानी छोड़े जाने की सूचना भी भेजी जाएगी। इससे जल वितरण व्यवस्था में पारदर्शिता बढ़ेगी और पानी की सप्लाई की निगरानी अधिक प्रभावी तरीके से की जा सकेगी।

ढांगसीधार और कांगनीधार जल स्रोत भी सिस्टम से जुड़ेंगे

जल शक्ति विभाग के अनुसार ‘हिम जलदूत मंडी’ ऐप में मंडी शहर के प्रमुख जल स्रोत ढांगसीधार और कांगनीधार को भी जोड़ा गया है। इन दोनों प्रमुख स्रोतों से मंडी शहर में स्थापित करीब 20 टैंकों को पानी की आपूर्ति की जाती है। डिजिटल सिस्टम के जरिए जल स्रोत से लेकर टैंक और फिर उपभोक्ता तक पानी पहुंचने की पूरी व्यवस्था की निगरानी को बेहतर बनाया जा सकेगा।

गेस्ट यूजर भी दर्ज कर सकेंगे शिकायत

ऐप की खास बात यह होगी कि केवल पंजीकृत उपभोक्ता ही नहीं, बल्कि आम नागरिक भी इसे ‘गेस्ट यूजर’ के तौर पर इस्तेमाल कर सकेंगे। सड़क या सार्वजनिक स्थान पर पानी की बर्बादी, पाइपलाइन लीकेज या सीवरेज की समस्या दिखाई देने पर कोई भी व्यक्ति फोटो और लोकेशन के साथ ऐप पर शिकायत दर्ज करवा सकेगा।

इससे शहर में पेयजल और सीवरेज व्यवस्था से जुड़ी समस्याओं की पहचान और समाधान में आम लोगों की भागीदारी भी सुनिश्चित होगी।

follow us on facebook
subscribe to us on youtube

इस खबर के विषय

  • Him Jaldut
  • water supply
  • sewage system
  • mobile app
  • water quality
  • online services

इस खबर को शेयर करें