मुख्य सामग्री पर जाएं
शनिवार, 28 नवंबर 2026

गुरु नानक देव जी की शिक्षाओं को जीवन में अपनाएं, समाज और देश की बेहतरी के लिए करें कार्य: राज्यपाल कविन्द्र गुप्ता

सार

हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल कविन्द्र गुप्ता ने गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व पर देश और प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि गुरु नानक देव जी की शिक्षाएं मानवता, भाईचारे, समानता और सामाजिक एकता का संदेश देती हैं। सभी को उनके बताए मार्ग पर चलकर समाज और देश की बेहतरी के लिए कार्य करना चाहिए।

TV Incharge

2 मिनट
गुरु नानक देव जी की शिक्षाओं को जीवन में अपनाएं, समाज और देश की बेहतरी के लिए करें कार्य: राज्यपाल कविन्द्र गुप्ता

प्रकाश पर्व पर राज्यपाल ने दी देशवासियों को शुभकामनाएं, कहा- गुरु नानक देव जी की शिक्षाएं पूरी मानवता के लिए प्रेरणास्रोत

हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल कविन्द्र गुप्ता ने गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व के अवसर पर समस्त देशवासियों, प्रदेशवासियों और सिख समुदाय को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि गुरु नानक देव जी ने मानवता, भाईचारे और सामाजिक एकता के लिए जो योगदान दिया, वह आज भी पूरे समाज के लिए प्रेरणास्रोत है।

राज्यपाल ने कहा कि सिख समुदाय का इतिहास त्याग और बलिदान की गौरवशाली परंपरा से जुड़ा हुआ है। देश की एकता और अखंडता को बनाए रखने में सिख समाज का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में जरूरत है कि गुरु नानक देव जी की शिक्षाओं को केवल धार्मिक आयोजनों तक सीमित न रखकर परिवार और समाज के दैनिक जीवन में अपनाया जाए।

उन्होंने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार सिख गुरुओं के इतिहास और उनके योगदान को सम्मान देने के लिए कई महत्वपूर्ण कार्य कर रही हैं। 26 दिसंबर को वीर बाल दिवस के रूप में मनाया जाना एक ऐतिहासिक कदम है।

वहीं, करतारपुर कॉरिडोर खोलना भी एक महत्वपूर्ण पहल रही है। इसके अलावा हेमकुंड साहिब में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए रोपवे निर्माण की दिशा में किए जा रहे प्रयास भी सराहनीय हैं।

राज्यपाल ने कहा कि गुरु नानक देव जी, गुरु गोविंद सिंह जी और गुरु तेग बहादुर जी के प्रकाश पर्व एवं शहीदी दिवस को भव्य रूप से मनाना सराहनीय पहल है। उन्होंने वर्ष 1984 के दंगों का उल्लेख करते हुए कहा कि उस दौरान सिख समुदाय के लोगों पर अत्याचार और हत्याएं करवाने वालों को सजा दिलाना भी महत्वपूर्ण है।

उन्होंने अफगानिस्तान से गुरु ग्रंथ साहिब जी को सम्मानपूर्वक भारत लाने और सिख संगत तक पहुंचाने के प्रयासों को भी महत्वपूर्ण बताया।

राज्यपाल कविन्द्र गुप्ता ने कहा कि गुरु नानक देव जी की शिक्षाएं किसी एक समुदाय तक सीमित नहीं हैं, बल्कि पूरी मानवता को सही मार्ग दिखाती हैं। उन्होंने सभी लोगों से आह्वान किया कि गुरु नानक देव जी के बताए मार्ग पर चलते हुए जीवन में भाईचारे, समानता और मानवता की भावना को अपनाएं तथा समाज और देश की बेहतरी के लिए अपना योगदान दें।

follow us on facebook
subscribe to us on youtube

इस खबर के विषय

  • राज्यपाल
  • कविंद्र गुप्ता
  • गुरु नानक देव जी
  • सिख समुदाय
  • धार्मिक आयोजन
  • प्रकाश पर्व

इस खबर को शेयर करें