राजपूत कल्याण सभा और राजपूत महासभा की संयुक्त बैठक में तैयारियों को दिया अंतिम रूप, माँ ज्वाला देवी की दिव्य ज्योति के होंगे दर्शन
हमीरपुर में राजपूत कल्याण सभा एवं राजपूत महासभा की संयुक्त बैठक आयोजित की गई, जिसमें स्वर्ण एकता एवं माँ ज्वाला देवी दिव्य ज्योति दर्शन यात्रा की तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया।
यह यात्रा 14 सितंबर से 19 सितंबर 2026 तक जिला हमीरपुर में निकाली जाएगी। यात्रा का शुभारंभ 14 सितंबर को सुबह 10 बजे नादौन पुल से होगा। इसके बाद यात्रा मानपुल, सेरा, ग्वालपत्थर, धनेटा, पंसाई, कांगू, गलोड़ और डंडरू होते हुए शाम को मैहरे पहुंचेगी, जहां विश्राम किया जाएगा।
यात्रा के दौरान जगह-जगह लोग माँ ज्वाला देवी की दिव्य ज्योति के दर्शन करेंगे और स्वर्ण एकता का प्रदर्शन करेंगे। बैठक में यात्रा के दौरान यातायात व्यवस्था, स्वागत, अनुशासन, जनसंपर्क, धार्मिक कार्यक्रमों और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को योजनाबद्ध तरीके से पूरा करने का निर्णय लिया गया।
पदाधिकारियों ने यात्रा को व्यवस्थित और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न करवाने के लिए सभी सदस्यों से निष्ठा एवं अनुशासन के साथ कार्य करने का आह्वान किया।
पदाधिकारियों ने कहा कि यह यात्रा धार्मिक आस्था, सामाजिक एकता और जागरूकता का संदेश लेकर आगे बढ़ेगी। माँ ज्वाला की दिव्य ज्योति के दर्शन से धार्मिक विश्वास और आध्यात्मिक चेतना को मजबूती मिलेगी।
उन्होंने कहा कि यात्रा का एक उद्देश्य स्वर्ण समाज को अपने लोकतांत्रिक और सामाजिक मुद्दों के प्रति संगठित एवं जागरूक करना भी है। समाज शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक तरीके से अपनी मांगों को सरकार तक पहुंचाएगा।
बैठक में पदाधिकारियों ने कहा कि सरकारों द्वारा बनाए जाने वाले कानून जातीय आधार पर नहीं, बल्कि सभी भारतीय नागरिकों के लिए समान अधिकार, समान अवसर और संवैधानिक भावना के आधार पर बनाए जाने चाहिए। उन्होंने यात्रा को सफल बनाने के लिए एकजुट होकर कार्य करने का संकल्प लिया। बैठक में स्वर्ण समाज के प्रमुख लोग मौजूद रहे।
follow us on facebook
subscribe to us on youtube