मुख्य सामग्री पर जाएं
शनिवार, 28 नवंबर 2026

ब्रह्मज्ञान से दूर होते हैं जीवन के भ्रम और मृत्यु का भय: हेमराज शर्मा

सार

राजगढ़ के नेहरू ग्राउंड में जोन स्तरीय निरंकारी संत समागम आयोजित किया गया। इसमें सोलन और सिरमौर जिले से सैकड़ों श्रद्धालुओं ने भाग लिया। संत निरंकारी मंडल के प्रचार विभाग के समन्वयक हेमराज शर्मा ने कहा कि ब्रह्मज्ञान की प्राप्ति से मनुष्य के जीवन के भ्रम दूर होते हैं और मृत्यु का भय समाप्त होता है। उन्होंने सेवा, सुमिरन, सत्संग और मानवता के कल्याण का संदेश दिया।

TV Incharge

3 मिनट
ब्रह्मज्ञान से दूर होते हैं जीवन के भ्रम और मृत्यु का भय: हेमराज शर्मा

राजगढ़ में जोन स्तरीय निरंकारी संत समागम का आयोजन, सोलन और सिरमौर से सैकड़ों श्रद्धालुओं ने लिया भाग; सेवा, सुमिरन और सत्संग को बताया आध्यात्मिक जागृति का आधार

मनुष्य के जीवन में व्याप्त भ्रम, भय और अशांति को दूर करने के लिए ब्रह्मज्ञान की प्राप्ति आवश्यक है। जब इंसान निराकार परमात्मा की वास्तविक पहचान कर लेता है, तो उसके भीतर प्रेम, समर्पण और आत्मिक शांति का भाव जागृत होता है।

यह बात दिल्ली से पहुंचे संत निरंकारी मंडल के प्रचार विभाग के समन्वयक हेमराज शर्मा ने राजगढ़ के नेहरू ग्राउंड में आयोजित जोन स्तरीय निरंकारी संत समागम में कही। इस एक दिवसीय समागम में जिला सोलन और सिरमौर से सैकड़ों श्रद्धालुओं ने भाग लिया।

समागम को संबोधित करते हुए हेमराज शर्मा ने कहा कि निराकार परमात्मा कण-कण में विद्यमान है, लेकिन उसकी वास्तविक अनुभूति केवल धार्मिक ग्रंथों को पढ़ने या प्रवचन सुनने से संभव नहीं है।

इसके लिए समय के तत्वदर्शी सतगुरु की कृपा से ब्रह्मज्ञान प्राप्त करना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि सतगुरु की शरण में आने वाले जिज्ञासु को ब्रह्मज्ञान के माध्यम से परमात्मा का प्रत्यक्ष बोध हो सकता है।

उन्होंने भगवान श्रीकृष्ण और अर्जुन के प्रसंग का उल्लेख करते हुए कहा कि जिस प्रकार भगवान श्रीकृष्ण ने अर्जुन को दिव्य चक्षु प्रदान कर अपने विराट स्वरूप के दर्शन करवाए थे, उसी प्रकार सतगुरु की कृपा से मनुष्य भी परमात्मा की वास्तविक पहचान कर सकता है। परमात्मा सर्वव्यापी, अविनाशी और एकरस सत्ता है, जो हर स्थान पर समान रूप से विद्यमान है।

हेमराज शर्मा ने कहा कि ब्रह्मज्ञान की प्राप्ति से मनुष्य के जीवन के भ्रम दूर होते हैं और मृत्यु का भय समाप्त होने लगता है। आध्यात्मिकता केवल बाहरी धार्मिक स्वरूप धारण करने तक सीमित नहीं है, बल्कि विचारों, भावनाओं और व्यवहार में प्रेम, विनम्रता तथा समर्पण अपनाना ही वास्तविक आध्यात्मिक जागृति है।

उन्होंने कहा कि सेवा, सुमिरन और सत्संग के माध्यम से इंसान अपने जीवन को बेहतर बनाकर आत्मिक आनंद की अनुभूति कर सकता है।

मानवता और विश्व बंधुत्व का संदेश देते हुए उन्होंने कहा कि जब मनुष्य एक ही परमपिता परमात्मा की संतान होने का भाव अपने भीतर जागृत करता है, तो आपसी वैर-विरोध और नफरत की भावनाएं समाप्त होने लगती हैं। उन्होंने श्रद्धालुओं से ब्रह्मज्ञान को केवल सुनने और समझने तक सीमित न रखने, बल्कि इसे अपने जीवन में अपनाकर समस्त मानवता के कल्याण का माध्यम बनाने का आह्वान किया।

इस अवसर पर संत निरंकारी मिशन राजगढ़ इकाई के संयोजक नितेश साहनी भी मौजूद रहे। वहीं, जोन-5ए सोलन के जोनल इंचार्ज विवेक कालिया ने बताया कि एक दिवसीय जोन स्तरीय संत समागम में सोलन और सिरमौर जिले से सैकड़ों श्रद्धालुओं ने भाग लिया।

कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे गीतकारों और वक्ताओं ने आध्यात्मिक गीतों एवं विचारों के माध्यम से भक्ति, प्रेम और सद्भावना का संदेश दिया।

कार्यक्रम के अंत में राजगढ़ ब्रांच के संयोजक नितेश साहनी ने समागम में पहुंचे सभी संतों, अतिथियों और श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त किया।

follow us on facebook
subscribe to us on youtube

इस खबर के विषय

इस खबर को शेयर करें